राज्योत्सव के स्टाल में उपलब्ध रहेगा स्वादिष्ट महुआ लड्डू, दीपावली पर्व पर समूह की महिलाएं बना रही महुआ लड्डू के विशेष गिफ्ट पैकेट, प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग का कार्य कर रही समूह की महिलाएं

Advertisements
Advertisements

फाइबर, विटामिन सी, कैल्शियम, कार्बोहाईड्रेड से भरपूर होता है महुआ, औषधीय गुणों से युक्त महुआ से बढ़ती है रोग प्रतिरोधक क्षमता, दूर होती है कई बीमारियां

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो.

राजनांदगांव, दीपावली पर्व पर इस बार स्वसहायता समूह की महिलाएं कौरिनभाठा स्थित वन विभाग के महुआ प्रसंस्करण केन्द्र में अपनों को उपहार में देने के लिए महुआ लड्डू के विशेष गिफ्ट पैकेट बना रही हैं। दीपावली पर्व के लिए इस बार जय मां फिरंतीन महिला स्वसहायता समूह की महिलाएं 10 लाख रूपए के महुआ लड्डू बना रही हैं और उनके चेहरे से खुशी बयां हो रही है। समूह की महिलाएं महुआ की प्रोसेसिंग करने के बाद उसके पैकेजिंग का कार्य भी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इस बार राज्योत्सव के स्टाल में वे अपने महुआ लड्डू का विक्रय करेंगी।

समूह की अध्यक्ष रश्मि यादव ने बताया कि महुआ प्रसंस्करण केन्द्र में महुआ लड्डू एवं अन्य उत्पाद बनाने से आर्थिक स्थिति अच्छी हुई और आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि समूह से जुड़कर उन्हें प्रतिमाह लगभग 7 से 8 हजार रूपए आमदनी हो जाती है। श्रीमती शीतला ने बताया कि उन्होंने यहां से प्राप्त आय से घर के लिए फ्रीज खरीदा है। समूह की श्रीमती मीना यादव ने बताया कि उन्होंने यहां से प्राप्त आमदनी से घर के लिए सामान और बच्चों के लिए कपड़े खरीदे हैं। श्रीमती वर्षा सोनी ने बताया कि इस बार दीपावली से जो आमदनी प्राप्त होगी उससे वे अपने लिए सोने की बालियां खरीदेंगी।

वन विभाग द्वारा महुआ प्रसंस्करण केन्द्र में महुआ प्रोसेसिंग केटली, रॉ मटेरियल स्टोर, पल्पर के माध्यम से महुआ प्रोसेसिंग का कार्य किया जा रहा है। यहां सिलिंग मशीन लगाई गई है, जिससे पैकेजिंग में नमी नहीं रहती। महिलाएं उत्साहपूर्वक यहां कार्य कर रही है। महुआ प्रसंस्करण केन्द्र में महुआ चिक्की, महुआ अचार, महुआ आरटीएस, महुआ जैम, महुआ चटनी, महुआ कुकीज बनाया जा रहा है। एसडीओ एवं प्रभारी श्री एमएल बंजारे की देखरेख में यहां कार्य किया जा रहा है। प्रोसेसिंग एजेंट श्री देवेश जंघेल ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में यहां महुआ लड्डू एवं अन्य उत्पादों का 20 लाख टर्नओवर रहा। इस बार यह और बढऩे की संभावना है। सुपरवाईजर दीपक सोनी इस अवसर पर उपस्थित थे।

गौरतलब है कि महुआ स्वास्थ्य के लिए उत्तम एवं पौष्टिक होता है। यह फाइबर, विटामिन सी, कैल्शियम, वसा, प्रोटीन एवं कार्बोहाईड्रेड से युक्त होता है। राजनांदगांव के सघन वनो में महुआ बहुतायत होता है। महुआ अल्सर, दमा, त्वचा की बीमारी, बुखार, डायबिटिज, कृमि संक्रमण, लिवर एवं हृदय संबंधी रोगों में फायदेमंद है। यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। महुआ में मौजूद औषधीय गुण कई बीमारियों का ईलाज करने में सहायक है।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!