कृषि मेले में उमड़े किसान,फसल उत्पादन और पशुपालन का मिल रहा ज्ञान, नवीन कृषि यंत्रों और तकनीकों की ली जानकारी, किसानों ने कृषि मेले की सराहना की

Advertisements
Advertisements

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जांजगीर-चाम्पा

जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव के साथ नैला कृषि उपज मंडी जांजगीर प्रांगण में लगाए गए एग्रीटेक कृषि मेला में जिले के किसानों का उत्साह आज चरम पर था। नवीन कृषि तकनीको के साथ आधुनिक यंत्रों की जानकारी से अवगत होने के साथ  उन्नत नस्ल के पशुओं को देखकर किसानों ने फसल उत्पादन बढ़ाने के साथ पशुपालन को अपनाने की भी सीख ली। कृषक सम्मेलन में किसानों को कृषि वैज्ञानिकों से फसलों को बीमारियों से बचाने, उत्पादन बढ़ाने का ज्ञान भी हासिल हुआ। मेले में मिलेट्स उत्पादन करने, मिलेट्स के फायदे को जानने के साथ जिले के किसानों को विभागीय स्टालों में मछली पालन, सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने, कुक्कुट पालन करने की प्रेरणा भी आधुनिक तकनीकों के साथ मिली। एक ही स्थल पर कई जानकारियां मिलने पर किसानों ने खुशी जताई और इस तरह के आयोजन की खूब सराहना भी की।

एग्रीटेक कृषि मेला में आने वाले हजारों किसानों ने मेला का लाभ उठाया। यहाँ उन्हें पशुपालन, फसल उत्पादन की जानकारी के साथ बीमारियों से फसलों के बचाव की जानकारी मिली। मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मनोरंजन का लाभ उठाने के साथ किसानों ने यहाँ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए शासन के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिली। मेला प्रांगण में कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान द्वारा गौ मूत्र से तैयार होने वाली कीटनाशकों की जानकारी के साथ मिलेट्स के विषय में बताया जा रहा है। ग्रामोद्योग रेशम द्वारा कोसा से कपड़े और रेशम उत्पादन, उद्यान विभाग द्वारा फल,सब्जी उत्पादन बढ़ाने पोषण बाड़ी, संरक्षित खेती, अंतर्वर्ती खेती, मत्स्य विभाग द्वारा मछली पालन, पशुधन विभाग द्वारा मुर्गी ,बतख,बटेर पालन की जानकारी दी जा रही है। क्रेडा द्वारा सौर ऊर्जा को अपनाने, कृषि विभाग द्वारा मिलेट्स, कीटनाशक सहित फसल उत्पादन के संबंध में जानकारी दी जा रही है।

मेले में जल संसाधन विभाग द्वारा सिंचाई सुविधाओं, बीज विकास निगम द्वारा उन्नत बीज से उत्पादन बढ़ाने, आजीविका मिशन द्वारा अपने उत्पादों को प्रदर्शित करते हुए अन्य लोगों को इससे जुड़ने की प्रेरणा दी जा रही है। खरौद से आए किसान रामानुज यादव ने बताया कि वे पशुपालन करते हैं। मेले में कृषि उपकरणों के अलावा उन्नत पशुओं की प्रदर्शनी को देखा। उन्होंने बताया कि यहाँ से उन्नत नस्ल के पशुओं के देखकर इसे पालने का विचार आया है। भविष्य में इसे अपनाएंगे। सेवाईडीह के किसान गोरेलाल ने मेले में किसानों को मिल रही जानकारी की सराहना की। परसाईनाला अकलतरा के किसान विजेंद्र कुमार मरकाम ने बताया कि वे साहीवाल गाय पालते हैं और दूध बेचते हैं। उन्होंने बताया कि मेले में हम जैसे किसानों को बहुत अच्छी जानकारी मिली। पशुओं में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए क्या खिलाना है यह भी जानकारी उनके लिए फायदेमंद साबित होगी। जर्वे ब के किसान दुजराम जांगड़े और छत राम पाटले ने बताया कि वे किसान है और संगोष्ठी में पशुओं को बीमारियों से बचाव के साथ फसल उत्पादन बढ़ाने की जानकारी मिली। छत राम ने बताया कि उन्होंने मेले में सब्जियों और फलों के बीज भी खरीदे हैं। इसके साथ ही जैविक खाद से फसल उत्पादन को बढ़ाने की विधि भी सीखा है।

उन्नत नस्ल के पशुपालकों को मिला पुरस्कार

नैला जांजगीर कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष श्री व्यास नारायण कश्यप के दिशा निर्देशन में मेले में कृषि मेला का आयोजन हुआ वही पशुधन विभाग द्वारा संकर बछिया दुधारू गाय, स्वस्थ बछड़ा, बकरा-बकरी, मुर्गी, बतख, बटेर की प्रदर्शनी के साथ पशुपालकों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में 98 कृषक पशुपालक, 8 समूह के आधार पर वर्गीकरण कर प्रथम, द्वितीय औऱ तृतीय पुरस्कार दिया गया। भैंस समूह मुर्रा नस्ल में कृष्णा यादव प्रथम, नवीन यादव द्वितीय, गोकुल कश्यप को तृतीय पुरस्कार मिला। इसी तरह बैलजोड़ी में गिर नस्ल में प्रथम लक्ष्मी प्रसाद गढेवाल, द्वितीय भजोराम रत्नाकार, तृतीय पुरषोत्तम धीवर, सांड मुर्रा नस्ल में कृष्णा यादव, दुधारू गाय एच एफ क्रास जर्सी,गिर, साहीवाल और हरियाणा नस्ल में बुंदराम कश्यप को प्रथम, संदीप कश्यप को द्वितीय और रणविजय को तृतीय पुरस्कार मिला।

कृत्रिम गर्भधान वाले में जीवन लाल साहू, नेतराम और विनोद भार्गव को क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय, स्वस्थ बछड़ा समूह में बृजलाल दिगस्कर प्रथम, नरोत्तम यादव द्वितीय, विनोद भार्गव तृतीय स्थान पर रहे। कुक्कुट समूह में कड़कनाथ नस्ल में प्रथम रामू विजय, द्वितीय खगेश कहरा और तृतीय महामाया स्व सहायता समूह पुटपुरा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बकरा सिरोही नस्ल अंतर्गत  खुशाल देवांगन को प्रथम,द्वितीय और विकास यादव को तीसरा स्थान मिला। अतिथियों श्री रमेश पैगवार,सदस्य अनुसचित जाति आयोग, श्री विष्णु विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष लौह शिल्प विकास बोर्ड, श्री हर प्रसाद साहू, सदस्य श्रम कल्याण बोर्ड छत्तीसगढ़, पूर्व विधायक श्री चुन्नी लाल साहू, श्री दिनेश शर्मा, श्री रवि पांडेय, श्री खुलन सोनवानी, श्री देवेश साहू ने किसानों को सम्मानित किया।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!