समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, कुनकुरी/जशपुर

कुनकुरी: एकल अभियान के तत्वावधान में अभ्युदय युथ क्लब द्वारा दो दिवसीय अंचल (जिला) स्तरीय खेल समरोह का आयोजन संभाग छत्तीसगढ़ के भाग उत्तर छत्तीसगढ़ के अंचल कार्यालय लोरो में 1 दिसम्बर शुक्रवार को समारोह पूर्वक प्रारंभ किया गया।

दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केन्द्रीय मंत्री विष्णुदेव साय व विशिष्ट अतिथि के रूप में जशपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रायमुनी भगत सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर धूप दीप प्रज्ज्वलित करने के उपरांत खेल कार्यक्रम का ध्वजारोहण के साथ किया गया।

शुभारंभ पर आयोजकों द्वारा अतिथियों के सम्मान में उन्हे तिलक लगाया गया जिसके उपरांत एकल अभियान की बहनों द्वारा कार्यक्रम का बैज लगाया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूर्व जशपुर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रजनी प्रधान, जनजाति मोर्चा जिला उपाध्यक्ष प्रतीमा भगत, सक्रिय महिला कार्यकर्ता श्रीमती उमा देवी, राजेन्द्र पाण्डे आदि उपस्थित रहे।

समारोह में खेलकूद के इस आयोजन के उद्देश्य से अवगत कराते हुए एकल अभियान भाग उत्तर छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष राजीव नन्दे ने कहा कि एकल अभियान वनवासी समाज में शिक्षा के अभाव को दूर करने के उद्देश्य से संस्थापक श्याम जी गुप्त द्वारा प्रारंभ किया गया। श्री नन्दे द्वारा इस अभियान के उद्देश्य एवं इतिहास पर विस्तार पूर्वक जानकारी देकर सभी को अवगत कराया। शिक्षा, स्वास्थ्य, जागरूकता, हरि कथा योजना से कार्य करते हुए 1 लाख एकल विद्यालय का संचालन पूरे देश में करने की जानकारी दी। खेलेगा भारत खिलेगा भारत के नारे के साथ अभ्युदय युथ क्लब के माध्यम से खेलकूद को प्रोत्साहित करने का कार्य एकल अभियान के सभी संच में आयोजित किया जा रहा है। संच स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में पहला, दुसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किये खिलाड़ियों को इस दो दिवसीय आयोजन में भाग स्तर पर खेलने का अवसर मिल रहा है। भाग स्तर पर विजेता खिलाड़ी आगे प्रदेश, देश एवं विदेश तक जाने का अवसर प्राप्त होगा।

समारोह को मुख्य अतिथि विष्णुदेव साय ने भी संबोधित करते हुए कहा कि हमारा देश विश्व गुरू माना जाता था। विदेशो से शिक्षा प्राप्त करने के लिये लोग भारत देश आया करते थे। अब यह कार्य एकल अभियान कर रहा है लोगो को संस्कारित शिक्षा देने के साथ अपने पांच आयामों में सफलता पूर्वक कार्य करते हुए अब खेलकूद में भी खिलाड़ियों को आगे लाने का कार्य कर रहा है जो काफी प्रशंसनीय है। हम सभी वनवासी समाज से आते है। हमारे समाज के विकास में एकल अभियान का काफी योगदान है। खेलकूद भी शिक्षा का एक बहुत बड़ा अंग है। खेलकूद से शरीर एवं मन दोनो स्वस्थ्य रहता है। इस प्रकार के आयोजन से ग्रामीण स्तर की प्रतिभा को अवसर एवं मंच मिलेगा।

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत ने भी संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर एकल अभियान ने मंच प्रदान कर दिया है। खिलाड़ी इस अवसर से अपने गांव, शहर, समाज के साथ देश का नाम रौशन करे। उन्होने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी।

समारोह का संचालन राजकुमार सिंह द्वारा किया गया। अंचल अध्यक्ष भुनेश्वर सिंह के आभार प्रदर्शन के साथ दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र के समारोह का समापन किया गया। इसके उपरांत कबड्डी खेल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाग अध्यक्ष राजीव रंजन नंदे, भाग संवाद प्रभारी विष्णु नारायण जोशी, अंचल अध्यक्ष भुनेश्वर सिंह, अंचल संवाद प्रभारी बिहारी नायक, भाग अभियान प्रमुख भागवत लाल नायक, संभाग खेल प्रशिक्षक विजय कुराल, अंचल सचिव अरविंद मिश्रा, ग्रामोत्थान प्रभारी संजीव अम्बष्ट, युवा प्रभारी अमन शर्मा, भाग की मां अनामिका नंदे, एसएसपीएम श्रीमती सोनी सिंह, श्रीमती सुनीता पुरी, श्रीमती वंदना अम्बष्ट, आचार्य विरेन्द्र विश्वकर्मा, विष्णु सिंह, जगन्नाथ मंदिर कस्तुरा के पुजारी मुकेश दास उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!