भाजपा ने लगाया आरोप – किसानों से छल कर रही प्रदेश की कांग्रेस सरकार

समदर्शी न्यूज ब्यूरो, जशपुरनगर

समर्थन मूल्य में धान खरीदी के लिए पंजीयन के अंतिम दिन बड़ी गड़बड़ी उजागर हुई है। बीते साल तक सौ क्विंटल धान बेचने वाले किसान का रकबा शून्य कर दिया गया है। पीड़ित किसान ने इसकी शिकायत जिला पंचायत जशपुर की अध्यक्ष श्रीमती रायमुनि भगत से करते हुए सहायता की गुहार लगाई है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने पीड़ित किसान सहित जिले भर में हुई इस तरह की गड़बड़ी की जांच और किसानों के रकबे में सुधार कर धान खरीदी करने की मांग की है। किसानों को न्याय न मिलने पर उन्होंने आंदोलन की चेतवानी दी है।

सन्ना तहसील के ग्राम छिछली का निवासी किसान जवाहर यादव

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रायमुनि भगत ने बताया कि जिले के सन्ना तहसील के ग्राम छिछली निवासी जवाहर यादव ने उन्हें बताया है कि बीते साल तक उन्होंने स्थानीय धान विक्रय केन्द्र में 1 सौ 20 क्विंटल धान बेचा है। लेकिन इस बार उनका रकबा शून्य कर दिया है। सोसायटी के स्थानीय कर्मचारियों ने उन्हें सूचना दी है कि पोर्टल में उनका रकबा शून्य बता रहा है। किसान का कहना है कि गिरदावरी प्रक्रिया के दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारी उनके खेत का निरीक्षण करने पहुंचे थे। दूसरे कार्य में व्यस्त होने के कारण, वे उस दिन राजस्व विभाग के कर्मचारियों से नहीं मिल पाए थे। लेकिन स्थानीय पटवारी ने उन्हें आश्वस्त किया था कि पोर्टल में सही रकबा प्रविष्ट किया जाएगा, लेकिन हुआ इसका ठीक उल्टा। किसान ने बताया कि कृषि के बूते ही उनके पूरे परिवार की आजीविका चलती है। रकबा शून्य होने पर उनके परिवार के सामने भूखों मरने की नौबत आ गई है।

भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी

रकबा दर्ज करने में गड़बड़ी का मामला सामने आते ही एक बार फिर जिले की राजनीति गरमाने लगी है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रायमुनि भगत ने जवाहर यादव सहित सभी किसानों के रकबे में सुधार की मांग करते हुए, आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होनें मिडिया से चर्चा करते हुए कहा कि बीते दिनों छिछली में एक युवा किसान के आत्महत्या का दुर्भाग्यपूर्ण मामला सामने आया था। सरकार की गलत नीतियों से अन्नदाता आर्थिक संकट और कर्ज के जाल में फंस रहें है। किसानों को उनका अधिकार दिलाने के लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता तैयार है।

error: Content is protected !!