कोतरारोड़ पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी को किया गिरफ्तार.
थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 377/2025 धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर प्रारंभ की गई थी विवेचना.
रायगढ़. 20 सितम्बर 2025 :रायगढ़ जिले की कोतरारोड़ पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी दिव्यांशु सिदार उर्फ बाबा (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपने साथी के साथ विवाद के दौरान चैतन विश्वकर्मा पर ब्लेड से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में फरार अपराधियों पर कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कोतरारोड़ पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी दिव्यांशु सिदार उर्फ बाबा पिता रामेश्वर सिदार उम्र 20 वर्ष निवासी गोर्रा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेजा गया।
घटना 17 सितंबर की रात की है जब योगेश सिदार पिता चौतराम सिदार निवासी गोर्रा अपने साथियों के साथ प्राथमिक स्कूल के सामने खड़ा था। तभी गांव का रामेश्वर सिदार अपनी पत्नी और बेटे दिव्यांशु सिदार के साथ मोटरसाइकिल पर पहुंचा। बातचीत के दौरान दिव्यांशु सिदार ने योगेश के साथी चैतन विश्वकर्मा को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और ब्लेड से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। घायल चैतन को जिला अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया। मामले में थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 377/2025 धारा 109 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
फरार आरोपी दिव्यांशु की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। इसी दौरान गांव में देखे जाने की सूचना पर थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने स्टॉफ के साथ घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को आज न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेजा गया है।
नशीली इंजेक्शन की बिक्री करने वाला युवक गिरफ्तार, आठ प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद.
रायगढ़. 19 सितंबर 2025 : रायगढ़ में नशे के काले कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देश पर चक्रधरनगर पुलिस ने इंदिरा नगर निवासी धीरज बरेठ (19) को गिरफ्तार किया है। आरोपी नशीली इंजेक्शन बेचते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया, जिसके पास से 8 पेंटाजोसिन इंजेक्शन और पहले बिके इंजेक्शन की रकम ₹300 बरामद हुई। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
एसपी श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन पर नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में चक्रधरनगर पुलिस ने पंजरी प्लांट मरीन ड्राइव क्षेत्र में नदी किनारे लुक-छिपकर नशीली इंजेक्शन की बिक्री करने वाले इंदिरा नगर निवासी धीरज बरेठ को गिरफ्तार किया है। पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध युवक को पकड़ा गया, जिसकी तलाशी में उसके जेब से आठ नग पेंटाजोसिन इंजेक्शन (₹232) बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा के बृजराजनगर निवासी किशन अग्रवाल और रायगढ़ इंदिरा नगर के चंद्रकांत निषाद उर्फ बाबू से 100/- – 100/- रुपये में इंजेक्शन खरीदकर नशा करने वालों को 150/- से 200/- रुपये में बेचता था। पुलिस ने आरोपी के पास से पहले ही बिके दो इंजेक्शन की रकम 300/- रुपये भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी धीरज बरेठ पिता कन्हैया बरेठ, उम्र 19 वर्ष निवासी भोला गली इंदिरा नगर थाना सिटी कोतवाली के विरूद्ध थाना चक्रधरनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 29 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की गई है। इस प्रकरण की कार्रवाई में उपनिरीक्षक गेंदलाल साहू, सहायक उपनिरीक्षक नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू, आरक्षक अभय नारायण यादव, आरक्षक चन्द्रकुमार बंजारे और आरक्षक मिनकेतन पटेल सम्मिलित थे।
पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी आरोपी अरुण यादवउम्र 19 वर्ष के विरुद्ध बीएनएस की धारा 137(2),64(2-M),65(1) व 5, 6स्को एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध, मामला चौकी पंडरा पाठ क्षेत्रांतर्गत का.
जशपुर. 19सितंबर 2025 : जशपुर जिले के चौकी पंडरापाठ क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय आरोपी युवक ने 13 वर्षीय नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर भगा लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दिनांक 14 सितंबर 2025 को चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की पीड़िता की मां ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी दिनांक 13 सितंबर 2025 को घर से स्कूल जा रही हूं, कहकर घर से निकली थी, परंतु वापस नहीं लौटी, आस पास रिश्तेदारों में पतासाजी किए, कहीं पता नहीं चला, उसे संदेह है कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई, व्यक्ति बहला फुसलाकर भगा कर ले गया है।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रार्थिया की रिपोर्ट पर चौकी में बीएनएस की धारा 137(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया व नाबालिग बालिका की पातासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर व परिजनों के सहयोग से पता चला कि नाबालिग बालिका, आरोपी युवक चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत ही आरोपी युवक के घर पर है, जिस पर पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी अरुण यादव के घर से नाबालिग बालिका को बरामद किया गया व आरोपी अरुण यादव को हिरासत में लेकर वापस लाया गया।
पुलिस की पूछताछ में नाबालिग बालिका ने बताया कि आरोपी अरुण यादव के द्वारा, तुमसे प्यार करता हूं, शादी करूंगा कहकर, बहला फुसलाकर कर घर से भगा कर ले जाया गया था, इस दौरान उसे दो दिनों तक राजपुरी जंगल में रखा, फिर अपने गृह ग्राम में ले आया, इस दौरान आरोपी के द्वारा नाबालिग बालिका से दुष्कर्म भी किया गया है।
जिस पर पुलिस के द्वारा प्रकरण में दुष्कर्म के लिए बीएनएस की धारा 64(2-M),65(1) व 5, 6 पॉस्को एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पूछताछ में आरोपी के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी पंडरापाठ उपनिरीक्षक सतीश सोनवानी, सहायक उपनिरीक्षक राज कुमार पैंकरा, आरक्षक बिलचियूस व आरक्षक दिनेश्वर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पंडरापाठ क्षेत्र में नाबालिग बालिका कोभगा कर ले जानेव दुष्कर्म के मामलेके आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। नाबालिग बालिका को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है।
आरोपी दीपक राम, उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम आगडीह, थाना सिटी कोतवाली जशपुर (छ.ग.) के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 103(1)के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम आगडीह का, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर को भी किया जप्त.
जशपुर. 19सितंबर 2025 :जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटे ने अपने ही पिता की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आगडीह का है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे और इसी विवाद ने आखिरकार हत्या का रूप ले लिया।
दिनांक 18 सितंबर 2025 को प्रार्थी रविशंकर राम, उम्र 65 वर्ष निवासी ग्राम आगडीह थाना सिटी कोतवाली जशपुर ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह पांच भाई-बहन हैं, जिसमें से मृतक बंधु राम, चौथे नंबर का भाई था। सभी भाई, अलग-अलग, काम कर अपना जीवन यापन करते थे। मृतक बंधु राम मेहनत मजदूरी करता था, जब वह काम से वापस आता था, तब प्रतिदिन मृतक के बेटे व मृतक में पारिवारिक बातों को लेकर वाद-विवाद होते रहता था, व मृतक का बेटा दीपक राम, आए दिन अपने पिता से मारपीट करते रहता था। दिनांक 17 सितंबर 2025 को प्रार्थी रात्रि में खाना खा कर सो गया था। सुबह खेत का काम देखने गया था, जहां से वापस आने पर प्रार्थी की पत्नी ने बताया कि रात्रि लगभग 11:00 बजे मृतक बंधु राम व उसके बेटे दीपक राम के मध्य फिर विवाद हुआ था और दीपक राम के द्वारा बंधु राम की हत्या कर दी गई है, उसकी लाश, मृत अवस्था में, गांव के ही एक व्यक्ति के घर के सामने पड़ा हुआ है। जिस पर प्रार्थी अपने भाई बंधु राम को देखने गया, तो पाया कि बंधु राम मृत अवस्था में पड़ा हुआ है, उसके नाक, माथा, कनपटी व सिर में चोट लग कर खून निकल रहा था, आरोपी दीपक राम के द्वारा फर्श पत्थर से मृतक बंधु राम के नाक, सिर कनपटी में हमला कर हत्या कर दी गई है।
रिपोर्ट पर पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना-स्थल का निरीक्षण कर, शव का पंचनामा करते हुए, डॉक्टर से पोस्ट-मार्टम कराया गया, और आरोपी दीपक राम को हिरासत में ले लिया गया। डॉक्टर की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सिर, कनपटी में लगी चोट से मृत्यु होना बताने पर, पुलिस के द्वारा आरोपी दीपक राम के विरुद्ध हत्या के लिए बीएनएस की धारा 103(1) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी दीपक राम ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसके पिता मृतक बंधु राम के द्वारा उसे आए दिन काम धाम नहीं करते हो, घर में पड़े रहते हो कहा जाता था, जिसको लेकर उनके मध्य वाद-विवाद होते रहता था। घटना वाली रात को भी इसी बात को लेकर दोनों पिता पुत्र में विवाद हो रहा था, इसी दौरान आवेश में आकर आरोपी दीपक राम के द्वारा, फर्श पत्थर से अपने पिता मृतक बंधु राम के सिर, नाक व कनपटी में वार कर दिया गया, जिससे कि मृतक बंधु राम की मृत्यु हो गई। पुलिस के द्वारा हत्या में प्रयुक्त पत्थर को भी जप्त कर लिया गया है।
आरोपी दीपक राम उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम आगडीह, थाना सिटी कोतवाली जशपुर के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक आशीष कुमार तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा, सहायक उपनिरीक्षक मनोज भगत, आरक्षक विनोद तिर्की व नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरणके बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आगडीह मेंघरेलू विवाद में एक बेटे नेअपने ही पिता की पत्थर से मार कर हत्या कर दी थी, आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
कोतरारोड़ पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर मांस बिक्री करने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार.
थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 375/2025 धारा 296, 351(2), 3(5) बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 5, 10 के अंतर्गत प्रकरण किया गया दर्ज.
रायगढ़, 18 सिंतबर 2025 :रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना पुलिस ने फाटकपारा कलमी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर मांस बिक्री की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके पर दो आरोपियों को पकड़कर मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। कोतरारोड़ थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर मांस की बिक्री की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज को सूचना मिली थी कि फाटकपारा कलमी क्षेत्र में रह रहे जोहित सारथी और देव सारथी पशुधन का मांस काटकर सार्वजनिक रूप से बिक्री कर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर मांस बिक्री करते हुए पकड़ लिया।
शिकायतकर्ता की रिपोर्ट पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 375/2025 धारा 296, 351(2), 3(5) बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 5, 10 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपियों की पहचान जोहित सारथी पिता स्व. देव लाल उम्र 40 वर्ष निवासी चमड़ा गोदाम, जूटमिल थाना जूटमिल रायगढ़ और देव सिंह सारथी पिता स्व. मिलाप सिंह सारथी उम्र 45 वर्ष निवासी फाटकपारा कलमी, थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस प्रकरण की पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के साथ प्रधान आरक्षक प्रेम सिदार, आरक्षक चंद्रेश पाण्डेय, आरक्षक चुडामणी गुप्ता और आरक्षक संजय केरकेट्टा की अहम भूमिका रही है।
घरघोड़ा पुलिस ने रायकेरा कैंप से मोबाइल व नगदी चोरी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार
अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 244/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस कायम कर की गई विवेचना.
रायगढ़. 18 सिंतबर 2025: रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना पुलिस ने रायकेरा स्थित व्हीपीआर कंपनी कैंप में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी गए दो मोबाइल फोन और 8400 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
घरघोड़ा थाना पुलिस ने रायकेरा स्थित व्हीपीआर कंपनी के कैंप से मोबाइल और नगदी रकम की चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए रिमांड पर भेज दिया है।
मामला 29 अगस्त 2025 का है जब प्रार्थी धर्मेंद्र कुमार पिता विजय प्रसाद उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम बखौरा जिला सोनभद्र (उ.प्र.), जो एनटीपीसी तलाईपाली परियोजना अंतर्गत अनुबंध कंपनी व्हीपीआर में कार्यरत है, अपने दो साथियों के साथ रायकेरा कैंप के कमरे में सो रहा था। रात करीब 10:30 बजे तीनों कमरे का दरवाजा बिना कुंडी लगाए सो गए थे और अपने-अपने मोबाइल व पर्स तकिए के पास रख दिए थे। सुबह 4:00 बजे जागने पर धर्मेंद्र ने पाया कि उसका पोको मोबाइल और पर्स से 4500/- रुपये नगद गायब है। जांच करने पर उसके साथियों रतनेश कुमार का वीवो मोबाइल व 2100/- रुपये और सुभेंदु सामर के पर्स से 15,500/- रुपये भी चोरी हो चुके थे। कुल मिलाकर 2 मोबाइल कीमत 25 हजार रुपये और 22,100/- रुपये नगद चोरी होने की रिपोर्ट थाना घरघोड़ा में दर्ज की गई। इस रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 244/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया।
जांच के दौरान गवाहों के कथन और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कुनाल पंडा पिता अनिल पंडा उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम भुईयापानी थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उसके मेमोरेंडम पर चोरी गए दोनों मोबाइल और 8400/- रुपये नगद बरामद कर गवाहों की मौजूदगी में जप्त किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया।
इस प्रकरण की कार्रवाई में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविन्द पठनायक, आरक्षक उद्यो पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
घरघोड़ा पुलिस की तत्परता से बैंककर्मी से लूट का आरोपी नाबालिग चढ़ा हत्थे.
रायगढ़. 18 सितंबर 2025 : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घरघोड़ा पुलिस ने अपनी तत्परता दिखाते हुए बैंककर्मी से हुई लूट का खुलासा कुछ ही घंटों में कर दिया। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसके पास से 13 हजार रुपये नकद बरामद किए। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकारते हुए बताया कि लूट की रकम में से 7 हजार रुपये पहले ही खर्च कर चुका है। फिलहाल, उसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।
घरघोड़ा थाना क्षेत्र के छाल रोड पर बुधवार रात बैंककर्मी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज कुछ घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने लूट करने वाले विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर उसके पास से 13 हजार रुपये बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित अलेख पंडा पिता दुष्यंत पंडा उम्र 37 वर्ष निवासी झरियापाली, जो एचडीएफसी बैंक घरघोड़ा में कार्यरत है, 17 सितंबर 2025 की रात अपनी पत्नी के साथ घरेलू सामान खरीदकर घर लौट रहे थे। रात करीब 7:30 बजे छाल रोड पर अचानक एक अज्ञात युवक ने उनकी पत्नी का पर्स छीन लिया, जिसमें 20 हजार रुपये नकद रखे थे और फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 245/2025 धारा 309(4) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपनी टीम और मुखबिरों को आरोपियों की पतासाजी में लगाया। शीघ्र ही सूचना के आधार पर एक नाबालिग संदेही को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की और बताया कि लूटे गए पैसों में से 7 हजार रुपये खर्च कर चुका है। उसकी निशानदेही पर शेष 13 हजार रुपये बरामद किए गए। आरोपी को विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
इस प्रकरण की कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक रामसजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक प्रहलाद भगत और आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
जिला महाकुल समाज सेवा समिति जशपुर के नव नियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न,समाज की एकजुटता पर दिया जोर.
कुनकुरी. 18 सितंबर 2025 :छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में महाकुल समाज सेवा समिति के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। कुनकुरी विकासखंड के डुगडुगिया सामाजिक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष परमेश्वर यादव सहित समाज के वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन शामिल हुए। इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज सेवा, शिक्षा और एकता की दिशा में काम करने का संकल्प लिया।
गुरुवार को जिला महाकुल समाज सेवा समिति जशपुर के नव नियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन जिले के कुनकुरी विकासखंड के डुगडुगिया स्थित सामाजिक भवन में किया गया, जहाँ समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं की भारी उपस्थिति रही। शपथ ग्रहण समारोह के पूर्व इष्ट देव श्री कृष्ण भगवान के समक्ष दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का संचालन समाज के जिला महामंत्री प्रदीप यादव नवापारा के द्वारा किया गया। इस समारोह में विशेष रूप से समाज के प्रदेश अध्यक्ष परमेश्वर यादव, पूर्व अध्यक्ष गणेश यादव, हुरदानंद यादव, विशेश्वर यादव सम्मिलित हुए।
प्रदेश अध्यक्ष परमेश्वर यादव ने नियुक्त जिलाध्यक्ष अशोक यादव रनई अध्यक्ष, कैलाश यादव गोडीकला सचिव, यदुमणि यादव कुनकुरी सह सचिव, नन्दलाल यादव कछार उपाध्यक्ष, सदाशिव यादव भुरसाढाब उपाध्यक्ष, जयन्त यादव कठरापारा उपाध्यक्ष, निराकार यादव कंडोरा उपाध्यक्ष, सुदर्शन यादव नोनीयाताला उपाध्यक्ष, यदुचन्द्र बोहरा पाकरगांव महामंत्री, प्रदीप यादव नवापारा महामंत्री, त्रिलोचन यादव भीतघरा महामंत्री, शत्रुघन यादव खुटसेरा, कोषाध्यक्ष, टंकेश्वर यादव गरियादोहर मीडिया प्रभारी, लीलाम्बर यादव डांगडीही मीडिया प्रभारी, चन्द्रकुमार यादव हाथीबेड़ मीडिया प्रभारी सहित सभी सदस्य पदाधिकारियों को समाज सेवा की शपथ दिलाई और उन्हें ईमानदारी व समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष परमेश्वर यादव ने कहा कि समाज की उन्नति और प्रगति तभी संभव है जब सभी लोग मिलकर एकजुटता के साथ कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाकुल समाज की परंपराओं और संगठनात्मक शक्ति को बनाए रखने पर जोर दिया,साथ ही शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और रोजगार के क्षेत्र में समाज को आगे ले जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। नव नियुक्त जिला अध्यक्ष अशोक यादव ने दायित्व मिलने कर समाज के वरिष्ठ जनों का आभार जताते हुए सभी पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वे समाज की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर समाज के प्रदेश सचिव प्रकाश यादव, वरिष्ठ केशव यादव, शंकर यादव, कुंवर यादव, रुद्रेश्वर यादव, जगदीश यादव, शंकर यादव पुटुकेला, ऋषि यादव, रतन प्रसाद यादव, चिंतामणि यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग सम्मिलित हुए।
जिले के सभी विकासखंड स्तरीय में होगा समाज का गठन मनोनयन, समाज की एकता पर होगी मजबूती.
इस बैठक के दौरान समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा विकासखंड स्तरीय पदाधिकारियों का चयन हेतु समय एवं स्थान निर्धारित किया है। फरसाबहार विकासखंड में 4 अक्टूबर को गिरी गोवर्धन धाम में, 5 अक्टूबर को कांसाबेल विकासखंड के ग्राम गरियादोहर में 6 अक्टूबर को, दुलदुला में 8 अक्टूबर को, कुनकुरी विकासखंड का स्थान कंडोरा, विकासखंड पत्थलगांव में 12 अक्टूबर को जशपुर एवं मनोरा का तिथि 10 अक्टूबर को तय की गई है।
जिला स्तरीय लोहार समाज का सामाजिक सम्मेलन सम्पन्न, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय रहीं मुख्य अतिथि.
कांसाबेल/जशपुर. 18 सितंबर 2025:छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कांसाबेल में लोहार समाज द्वारा विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय सामाजिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना से हुआ, इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जिले के कांसाबेल में लोहार समाज द्वारा विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर बुधवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय सामाजिक सम्मेलन का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से संमलित हुईं। सम्मेलन में पारंपरिक परंपराओं को जीवंत करने और समाज की एकजुटता को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पर विश्वकर्मा जी के छाया चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना से किया गया। इसके पश्चात विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय ने समाज के प्रति अपने उद्बोधन में कहा कि सामाजिक एकता और संगठन ही समाज की प्रगति का आधार है। लोहार समाज की मेहनत, कौशल और कर्मठता से राष्ट्र का विकास संभव है। आज समाज के युवाओं और महिलाओं को शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना समय की मांग है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने अपने उद्बोधन में लोहार समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता से ही समाज का विकास संभव है।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, गणेश जैन (मंडल अध्यक्ष), धर्मपाल अग्रवाल, विजय विश्वकर्मा (जिला अध्यक्ष, समाज), अनिल विश्वकर्मा (उपाध्यक्ष), खुलन साय (कोषाध्यक्ष), कलम साय विश्वकर्मा (कोषाध्यक्ष), गजानंद विश्वकर्मा, अमित विश्वकर्मा, सूर्यो विश्वकर्मा, विशाल विश्वकर्मा, मोतीलाल, सूरज नाथ विश्वकर्मा, राकेश राम, सुदर्शन विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
नगर पालिका परिषद जशपुर के उपाध्यक्ष युवराज यशप्रताप सिंह जूदेव की पहल लाई रंग,संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा का प्रवेश पोर्टल पुनः खुला.
जशपुर. 18 सितंबर 2025 : छत्तीसगढ़ के सरगुजा स्थित संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए प्रवेश पोर्टल पुनः खोलने का फैसला लिया है। इस निर्णय से उन सैकड़ों छात्रों को राहत मिलेगी, जो इस वर्ष कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) में शामिल तो हुए थे, लेकिन समय पर आवेदन न कर पाने के कारण एडमिशन से वंचित रह गए थे। इस महत्वपूर्ण कदम के पीछे नगर पालिका परिषद जशपुर के उपाध्यक्ष युवराज यशप्रताप सिंह जूदेव की संवेदनशील पहल रही, जिन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री तक छात्रों की समस्या पहुँचाई और विश्वविद्यालय को राहतकारी कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा ने विद्यार्थियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पुनः प्रवेश पोर्टल खोलने की घोषणा की है। इस फैसले से उन सैकड़ों विद्यार्थियों को राहत मिली है, जिन्होंने इस वर्ष कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) में भाग लिया था, परंतु शासकीय कॉलेजों में प्रवेश की आशा में समय रहते आवेदन नहीं कर सके थे। प्रवेश पोर्टल बंद हो जाने के कारण वे सभी विद्यार्थी अब तक प्रवेश से वंचित हो रहे थे और उनके शैक्षणिक भविष्य पर संकट मंडरा रहा था।
नगर पालिका परिषद जशपुर के उपाध्यक्ष युवराज यशप्रताप सिंह जूदेव ने विद्यार्थियों की इस गंभीर समस्या को समझते हुए तुरंत उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा (छत्तीसगढ़ शासन, नवा रायपुर) को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय पोर्टल पुनः खोलने का आग्रह किया। युवराज जूदेव के इस प्रयास को शासन और विश्वविद्यालय प्रशासन ने गंभीरता से लिया और विद्यार्थियों के हित में पोर्टल को पुनः चालू करने का निर्णय लिया।
विश्वविद्यालय के इस फैसले से अब वे विद्यार्थी भी प्रवेश ले सकेंगे, जिनका भविष्य अधर में लटका हुआ था। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने इस निर्णय पर हर्ष व्यक्त करते हुए युवराज यशप्रताप सिंह जूदेव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यदि युवराज जूदेव इस मुद्दे को सरकार और विश्वविद्यालय तक नहीं पहुँचाते, तो वे शिक्षा से वंचित रह जाते।
छात्रों ने कहा कि इस पहल से न केवल उनका भविष्य सुरक्षित हुआ है बल्कि यह उदाहरण भी स्थापित हुआ है कि यदि जनप्रतिनिधि संवेदनशील हों और जनता की समस्याओं को समय पर उठाएँ, तो उसका सकारात्मक असर समाज पर अवश्य पड़ता है।