सोलर पावर प्लांट केसडबरी में चोरी करने वाले एक आरोपी को किया गया गिरफ्तार
आरोपी द्वारा ₹4,50,000 कीमत मूल्य का इनवर्टर केबल वायर एवं सोलर पैनल किया गया चोरी
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को प्लांट सुरक्षा में लगे सुरक्षा गार्डों की सतर्कता एवं सहायता से पकड़ा गया
आरोपी से चोरी का ₹20,000 कीमत मूल्य का केबल वायर किया गया बरामद एवं घटना में प्रयुक्त औजार भी किया गया जप्त
प्रकरण में एक आरोपी है फरार, जिसकी सरगर्मी से की जा रही है पता तलाश
बलौदाबाजार-भाटापारा : प्रार्थी गुलबेद खान निवासी राधा विहार कॉलोनी बलौदाबाजार द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि पिछले 06 माह से ग्राम केसडबरी में सोलर पावर प्लांट में निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें से दिनांक 01.05.2026 को 01 इनवर्टर का केबल एवं सोलर पैनल एवं दिनांक 02.05.2026 की रात्रि 04 इनवर्टर का केबल को किस अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी कर लिया गया है। उक्त सभी इनवर्टर केबल एवं सामान की कुल कीमत लगभग ₹4,50,000 है। कि रिपोर्ट पर अपराध क्र 364/2026 धारा 303(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण में पुलिस अधीक्षक श्री ओमप्रकाश शर्मा के कुशल निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा जांच एवं विवेचना कार्यवाही प्रारंभ किया गया तथा सोलर पावर प्लांट की सुरक्षा में लगे सुरक्षा गार्ड्स के सहयोग एवं सतर्कता से चोरी करने वाले आरोपी संतोष देवार (विश्वकर्मा) को हिरासत में लिया गया, जिससे पूछताच करने पर आरोपी द्वारा अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर प्लांट में चोरी करना स्वीकार किया गया। प्रकरण में पुलिस द्वारा आरोपी से चोरी का ₹20,000 कीमत मूल्य का केबल वायर तथा घटना में प्रयुक्त औजार जप्त किया गया है तथा आरोपी को आज दिनांक 03.05.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के प्रक्रिया की जा रही है। मामले में एक आरोपी फरार है जिसकी सरगर्मी से पता तलाश की जा रही है। प्रकरण विवेचना में है।
आरोपी- संतोष देवार (विश्वकर्मा) उम्र 45 साल निवासी डबरी पारा रसेडा थाना सिटी कोतवाली मूल निवासी ग्राम गिधपुरी थाना गिधपुरी
आरोपी को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के आभूषण एवं चोरी की एक्टिवा सहित पूरा मशरूका किया बरामद।
त्वरित कार्रवाई में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण।
नारायणपुर : नारायणपुर पुलिस द्वारा चोरी के दो गंभीर प्रकरणों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी गया सामान एवं वाहन बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी द्वारा दिनांक 24.04.2026 को थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 23.04.2026 को वह अपने घर से बाहर गया हुआ था। रात्रि में वापस लौटने पर उसने देखा कि उसके घर का दरवाजा टूटा हुआ है तथा अंदर रखा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। जांच करने पर अलमारी का ताला टूटा मिला और उसमें रखे नगद ₹1,00,000/- सहित सोने-चांदी के आभूषण (सोने का हार, अंगूठी एवं चांदी की पायल) कुल लगभग ₹2,50,000/- मूल्य के चोरी होना पाया गया।
उक्त प्रकरण पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 45/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
इसी दौरान एक अन्य प्रकरण में एक्टिवा स्कूटी चोरी होने की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 46/2026 धारा 331(4), 305(अ) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही थी।
पुलिस जांच में आरोपी का खुलासा
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही आनंद नेताम उर्फ ढेला (उम्र 18 वर्ष) निवासी गुड़रीपारा, थाना नारायणपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया गया।
चोरी किया गया मशरूका बरामद
आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से निम्नलिखित मशरूका बरामद किया गया—
* नगद राशि ₹6,010/-
* 01 नग सोने का हार
* 01 नग सोने की अंगूठी
* 01 जोड़ी चांदी की पायल
* 01 नग एक्टिवा स्कूटी
आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं अन्य अपराधों के कई प्रकरण दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक प्रवृत्ति का होना स्पष्ट होता है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले की विवेचना जारी है एवं अन्य संभावित अपराधों की भी जांच की जा रही है।
विशेष भूमिका निभाने वाले अधिकारी
इस कार्यवाही में थाना नारायणपुर पुलिस टीम के निम्नलिखित अधिकारियों/कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही—
* उनि राम नरेश गौतम
* उनि राजकुमार राय
* सहा उनि भारत राजपूत
* प्रधान आरक्षक राकेश राजपूत
* आरक्षक शंकर गोटा
* आरक्षक हीरा मरकाम
* आरक्षक संदीप सिंह (साइबर सेल)
नारायणपुर पुलिस की अपील
नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने घरों एवं वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इंस्टाग्राम पर स्टंटबाजी का वीडियो पोस्ट करना युवक को पड़ा भारी, रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर ठोंका भारी जुर्माना.
खतरनाक तरीके से बाइक दौड़ाकर बना रहा था रील, तमनार पुलिस ने युवक को थाने बुलाकर लगाई कड़ी फटकार.
पुलिस परिवार से जुड़े युवक पर भी कानून के तहत हुई वैधानिक कार्रवाई.
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश : “कानून सबके लिए समान है, चाहे कोई किसी भी परिवार या पृष्ठभूमि से जुड़ा हो, स्टंटबाजी खतरनाक होने के साथ कानून का उल्लंघन है।”
रायगढ़ :छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए की जा रही स्टंटबाजी अब सीधे कानून के शिकंजे में आ रही है। इंस्टाग्राम पर खतरनाक बाइक स्टंट का वीडियो पोस्ट करने वाले युवक को तमनार पुलिस ने चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल थाने बुलाया, बल्कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भारी जुर्माना भी ठोक दिया—साफ संदेश कि सड़क पर रील नहीं, नियम चलेंगे।
सोशल मीडिया पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाते हुए स्टंटबाजी का वीडियो पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक सार्वजनिक सड़क पर तेज रफ्तार और खतरनाक अंदाज में बाइक चलाते हुए नजर आया था।वायरल वीडियो को गौर से देखे जाने पर वीडियो थाना तमनार क्षेत्र का पाया गया, जिस पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव द्वारा तत्काल एक्शन लेते हुए युवक की पतासाजी की गई। युवक की पहचान शाश्वत सिदार पिता नरेंद्र सिदार उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम कुंजेमुरा, तमनार के रूप में की गई। शाश्वत सिदार के पिता नरेंद्र सिदार रिटायर्ड पुलिसकर्मी है। युवक को थाना बुलाकर उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो के संबंध में पूछताछ की गई, जहां उसने वीडियो स्वयं द्वारा बनाया और पोस्ट किया जाना स्वीकार किया।
थाना प्रभारी द्वारा युवक को सड़क पर इस प्रकार की स्टंटबाजी से होने वाले गंभीर हादसों और उसके कानूनी परिणामों से अवगत कराते हुए कड़ी फटकार लगाई गई। साथ ही तेज एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत युवक पर भारी जुर्माना कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस प्रकरण की संपूर्ण कार्रवाई एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर की गई, इस कार्रवाई को लेकर श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकती है। ऐसे कृत्य करने वालों पर, चाहे वे पुलिस परिवार से या किसी भी प्रभाव अथवा पहचान से जुड़े हों, कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी कानून सबके लिए समान है.”
आरोपियों के कब्जे से 15 नग मवेशियो (भैंस), कीमती 225000/रू एवं परिवहन में प्रयुक्त 03 नग पीकप वाहन कीमती 1800000/रू बरामद
आरोपी के विरूद्ध धारा छत्तीसगढ कृषक पशु परि. अधि. 2004 की धारा 4 6, 10 एवं पशु क्रुरता अधि. की धारा 11(घ) के तहत कार्यवाही किया जाकर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
जांजगीर –चाम्पा : दिनांक 03.05.2026 को 05:00 प्रातः, थाना शिवरीनारायण पुलिस को मुखबिर सूचना मिला कि 03 पिकप से भैंसो को तस्करी करते बुचडखाना उडीसा लेकर जा रहे है, जिसकी सूचना पुलिस द्वारा रेड कार्यवाही किया गया, शिवरीनारायण राघव ईन होटल के सामने मेन रोड के पिकप क्रमांक CG04QU9122, OD26F4334, OD17T8523 के चालको को रोकवाकर देखा तो प्रत्येक पिकअप में 05 नग कुल 15 नग मवेशियो (भैंस) को ठुस ठुस कर एवं रस्यिोंसे बांधकर क्रूरता पुर्वक लेकर जा रहा था। आरोपियों से पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी
01. मुकेश ऐडजा पिता वृंदावन ऐडजा उम्र 26 वर्ष निवासी गोडमुडा बरगढ़
2. राजेश मांझी पिता बुद्धदेव माझी उम्र 26 वर्ष ग्राम खरामल बरगढ़
3. निरंजन कोलारी पिता घनश्याम कोलारी उम्र 25 वर्ष निवासी टेमरी बरगढ़
4. रूपेश कुमार पिता छायाकांता उम्र 20 वर्ष निवासी डुरकी छडा बरगढ़ उडीसा
5. प्रकाश राणा पिता अंकुर राणा उम्र 32 वर्ष निवासी सोडा जिला बरगढ़ उडीसा
उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव थाना प्रभारी शिवरीनारायण, प्रआर तारिकेश पाण्डेय, मोहन साहू, आरक्षक खुरेन्द्र शुक्ला, नितीन द्विवेदी, रामकुमार कश्यप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता राजेश केशरवानी उर्फ सूरज, सूरज यादव एवं सुदर्शन मानिकपुरी का सराहनीय योगदान रहा।
सरकार का विकास सड़क से ही दिखता है, बारिश के पहले कोई भी रोड ऐसी न हो जिससे लोगों को दिक्कत हो: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने सही जानकारी नहीं होने पर PWD के अधिकारी को फटकार लगाई और कहा कि *मीटिंग से निकलकर बाहर जाओ और अपने सचिव से बात करके सही जानकारी बताओ।
हम सभी को अपने अपने कार्यालयों को सेवा तीर्थ समझना है, ये सेवा करने के मंदिर हैं: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
अपने जिले में अपने अधीनस्थ अधिकारियों के काम का मूल्यांकन करें कलेक्टर, जरूरत पड़ने पर करें कठोर कार्रवाई
मुख्यमंत्री हेल्प जल्द होगी शुरू, टोल फ्री नंबर पे दर्ज होगी समस्या: मुख्यमंत्री
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार में बलरामपुर प्रवास के दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सख्त संदेश दिया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की। बैठक के दौरान उस समय स्थिति गंभीर हो गई, जब लोक निर्माण विभाग का एक अधिकारी सड़क मरम्मत की सही जानकारी प्रस्तुत नहीं कर पाया। इस पर मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा, “मीटिंग से बाहर जाइए, अपने सचिव से बात करिए और सही जानकारी लेकर आइए।” इसके बाद बैठक कक्ष में सन्नाटा छा गया और यह स्पष्ट हो गया कि अब कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हम सभी जनता के सेवक हैं और अपने-अपने कार्यालयों को सेवा तीर्थ की तरह देखें, जहां आम जनता की सेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार का विकास सबसे पहले सड़कों पर दिखाई देता है, इसलिए मानसून आने से पहले एक भी सड़क खराब नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि सभी सड़कों की मरम्मत समय-सीमा में पूर्ण की जाए और विशेष रूप से आबादी क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने घोषणा की कि राज्य के सभी राजस्व अभिलेखों का डिजिटलीकरण किया जाएगा, जिससे नागरिकों को खसरा-नक्शा डिजिटल हस्ताक्षर के साथ घर बैठे उपलब्ध हो सकेगा। इसके साथ ही “मुख्यमंत्री हेल्पलाइन” सेवा भी शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, जिसमें टोल फ्री नंबर के माध्यम से आमजन अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कलेक्टरों को निर्देशित किया कि राजस्व मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) निधि के उपयोग पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इस निधि की अधिकतम राशि खनन प्रभावित गांवों के विकास में खर्च की जानी चाहिए। मुख्यालय के नाम पर इस राशि का उपयोग स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने बलरामपुर के सीमावर्ती क्षेत्रों में खनिज संसाधनों के बेहतर और पारदर्शी उपयोग के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी नागरिक को पेयजल के लिए भटकना न पड़े और जहां आवश्यकता हो, वहां टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गर्मी और बारिश के बीच संभावित मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी करने को कहा, साथ ही किसानों के लिए धान, बीज और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के आचरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना जाए और समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिया कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों के कार्यों का नियमित मूल्यांकन करें और आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई से भी न हिचकें।
बैठक में जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद सरगुजा श्री चिंतामणि महाराज, विधायक सामरी श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा, विधायक प्रतापपुर श्रीमती शकुंतला पोर्ते तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनि निकुंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
तमनार पुलिस ने ग्रामीणों को कानून, हेल्पलाइन और सुरक्षा उपायों की दी विस्तृत जानकारी
महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा पर ग्रामीणों को किया गया जागरूक
नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग की अपील— युवाओं को बचाने का संकल्प
ग्राम महलोई में पुलिस जनचौपाल में अपराध जागरूकता, महिला सुरक्षा और साइबर सतर्कता पर थाना प्रभारी ने किया संवाद
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश : “जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत.”
रायगढ़ :छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ग्राम महलोई में आयोजित पुलिस जनचौपाल ने सुरक्षा और जागरूकता का नया संदेश दिया। थाना तमनार पुलिस ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर खुलकर संवाद किया। इस पहल ने न सिर्फ लोगों को कानून की जानकारी दी, बल्कि उन्हें सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कल थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम महलोई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस जनचौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। इस जनचौपाल में टीआई प्रशांत राव द्वारा सरल और विस्तृत तरीके से समझाते हुए ग्रामीणों को अपराधों के प्रति सजग और जागरूक किया गया।
जनचौपाल में थाना प्रभारी ने विशेष रूप से महिला सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नाबालिगों और महिलाओं से संबंधित अपराध जैसे छेड़खानी, घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी और अपहरण जैसे मामलों में वर्तमान कानून के तहत कठोर सजा और त्वरित कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को अच्छे संस्कार दें ताकि वे किसी के बहकावे में न आएं। साथ ही “हेलो सिस्टर” हेल्पलाइन नंबर 9429270533 की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी महिला पीड़ित को तत्काल पुलिस सहायता और परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। इसके अतिरिक्त डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम 9479193299 सहित थाना प्रभारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क नंबर भी साझा किए गए।
साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को विशेष रूप से सचेत किया। उन्होंने बताया कि मोबाइल या सोशल मीडिया के माध्यम से अज्ञात व्यक्तियों पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है। किसी भी स्थिति में अपनी निजी जानकारी, बैंक डिटेल या ओटीपी साझा न करें और किसी भी अनजान लिंक या लालच भरे ऑफर से दूर रहें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
इसके साथ ही सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को समझाया गया कि तेज गति से वाहन चलाना, बिना हेलमेट के दोपहिया चलाना और शराब पीकर वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माने का प्रावधान है। सभी से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
थाना प्रभारी ने नशे के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस और तमनार पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की और कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस जनचौपाल में तमनार थाना का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा और ग्रामीणों के साथ संवाद कर उन्हें सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
निर्माणाधीन नालंदा परिसर का मुख्यमंत्री श्री साय ने किया निरीक्षण: गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज बलरामपुर जिला मुख्यालय में 4 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, क्योंकि यह परिसर जिले के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने परिसर में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री, कार्य की प्रगति तथा प्रस्तावित सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और गुणवत्ता के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावी ढंग से कर सकें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नालंदा परिसर में आधुनिक ई-लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें, समृद्ध अध्ययन सामग्री एवं पत्र-पत्रिकाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे युवाओं को एक समग्र और अनुकूल अध्ययन वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाते हुए परिसर को शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि जिले के विद्यार्थियों को इसका लाभ जल्द से जल्द मिल सके।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान परिसर में प्रस्तावित अन्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और कहा कि नालंदा परिसर राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत युवाओं को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह परिसर जिले के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और अवसर का एक सशक्त केंद्र बनेगा तथा उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय अपने बलरामपुर जिला प्रवास के दौरान ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं और युवाओं से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रशिक्षण कक्ष में प्रवेश करते ही मुख्यमंत्री ने “जय बिहान” कहकर अभिवादन किया, जिससे पूरे वातावरण में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ। उन्होंने प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए विशेष रूप से पशु सखियों और ‘लखपति दीदी’ से बातचीत कर उनके अनुभवों को जाना। संवाद के दौरान ग्राम केवली की अनुराधा गुप्ता ने बताया कि बिहान योजना से जुड़कर वे पशु सखी के रूप में गांव में पशुओं का सर्वे, उपचार में सहयोग और जागरूकता का कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने इस बदलाव को नजदीक से महसूस किया और कहा कि कौशल विकास और प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि गांव की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं। उल्लेखनीय है कि RSETI के माध्यम से जिले में अब तक 16 बैचों में 510 प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार हेतु तैयार किया जा चुका है।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में स्व-सहायता समूहों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां उन्होंने विभिन्न समूहों की महिलाओं से संवाद करते हुए उनके उत्पादों और अनुभवों की जानकारी ली। कोमल स्व-सहायता समूह की श्रीमती पूर्णिमा बासिन ने बताया कि बैंक लिंकेज और CIF के माध्यम से प्राप्त ऋण से उन्होंने जैविक खेती शुरू की और जीराफूल चावल का उत्पादन कर एक वर्ष में 3 लाख रुपये की बिक्री की है। मुख्यमंत्री ने उनकी इस सफलता की सराहना करते हुए 5 समूहों को 21 लाख रुपये के चेक प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाएं जमीन पर बदलाव की स्पष्ट तस्वीर बनकर सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं और स्थानीय उत्पादों को प्रदेश स्तर तक पहचान मिल रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद पंचायत वाड्रफनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत कछिया की सरपंच श्रीमती खुशबू सिंह एवं सचिव श्रीमती सुनीता मरावी को बाल हितैषी पंचायत श्रेणी में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि जब महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिलता है, तो वे समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्ग—बच्चों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए विकास की नई दिशा तय करती हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के गांवों में महिलाओं की यह भागीदारी राज्य को आत्मनिर्भरता और समृद्धि की ओर तेजी से आगे बढ़ाएगी।
महान सेनानी स्व. छोटेलाल सिंह जौहरी की 100 वीं जयंती एवं स्व. श्यामा नंद वर्मा जी की 26 वीं पुण्यतिथी पर किया स्मरण.
बाबा ने मुझे भारत दर्शन कराया – अमित सिंह
आज़ादी के आंदोलन में सेनानियों को मिली कठोर सजा – चन्द्र प्रकाश बाजपेयी.
नवनिर्मित वन्दे मातरम् उद्यान में उखड़ते नाम पट्टिका सुधारने अमर अग्रवाल से प्रतिनिधियों ने की भेंट.
बिलासपुर :छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देशभक्ति और इतिहास के गौरवपूर्ण पलों को फिर से जीवंत किया गया, जब महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी छोटेलाल सिंह जौहरी की 100वीं जयंती और श्यामा नंद वर्मा की 26वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर न केवल सेनानियों के त्याग और संघर्ष को याद किया गया, बल्कि नई पीढ़ी को उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश भी दिया गया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार संगठन बिलासपुर छत्तीसगढ़ द्वारा सेनानियों के स्मरण कार्यक्रम के तहत आज 3 मई प्रथम रविवार को प्रातः 10 बजे नगर के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व छोटेलाल सिंह जौहरी जी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुये पोते अमित सिंह ने कहा कि बाबा छोटेलाल जौहरी महात्मा गांधी जी से प्रभावित होकर राष्ट्र आंदोलन में कूद पड़े उनके अव्हान पर 9 अगस्त 1942 के आंदोलन में अंग्रेजो की लाठी खाकर जेल गये हमारा पूरा परिवार स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय रूप से सहभागी रहा बाबा बड़े नाती स्वरूप मुझे बेहद चाहते थे उन्होंने पूरा भारत दर्शन मुझे कराया उसी कड़ी को बढ़ाते हुये अशोक प्रताप वर्मा ने बतलाया मेरे ताऊ महान सेनानी स्व श्यामानंद वर्मा एक सच्चे राष्ट्रभक्त स्वरूप अग्रणी भूमिका बनाकर आंदोलन में कूद पड़े उन्हें दो बार कठोर जेल की सजा मिली उनकी आज 26 वीं पुण्य तिथी पर नमन करता हूँ आयोजक,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चन्द्र प्रकाश बाजपेयी ने कहा कि सबसे पहिले मै उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के महान व्यक्तित्व को नमन करता हूँ जिन्होंने भारत की आज़ादी की लड़ाई लड़ी दोनो महान सेनानी स्व छोटे लाल सिंह जौहरी एवं स्व श्यामानंद वर्मा ने व्यथित होकर ब्रिटिश सरकार के विरुद्ध 1942 के आंदोलन में गिरफ़्तार कर लिए गए जौहरी जी एवं वर्मा जी को दो बार जेल में यातना एवं जुर्माना हुआ ऐसे थे नगर के राष्ट्रभक्त सेनानी । संस्था की अध्यक्ष डॉ शकुंतला जितपुरे ने बतलाया आज़ादी के आंदोलन की अनेक घटनाएँ है जिन्हें संरक्षण की ज़रूरत है एवं भावी पीढ़ी को स्मरण कराने की आवश्यक्ता है उन्होंने बतलाया की दोनो सेनानी से हमारे पारिवारिक रिश्ते थे बाल पन से हमारा घर आना जाना था उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये उनके योगदान की विस्तार से चर्चा की समिति के संरक्षक बाबा राव ने कहाँ हमें नगर के प्रत्येक सेनानी परिवार के परिचय को संग्रहित करना है आज हर युवाओं को देश के सेनानियों की गाथा,बलिदान का स्मरण कराने की ज़रूरत है मेरे बाबा एवं राव परिवार से उनका गहरा रिश्ता था उसी कड़ी योगाचार्य अनिल तिवारी ने भी उनके व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला
कार्यक्रम का प्रारंभ में प्रातः 10:00 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण के उपरांत सेनानियों के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर सेनानी परिवार के बाबा राव, डॉ. जितपुरे, चन्द्र प्रकाश बाजपेयी, अनिल तिवारी, अशोक रज्जन, राकेश जैन ने माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम संयोजक चन्द्र प्रकाश बाजपेयी ने बतलाया कि नगर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मरण कार्यक्रम के तहत आज नगर के उत्तराधिकारी परिवार के अमर शहीदों का स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई एवं नव निर्मित वन्दे मातरम् उद्यान में नाम पट्टिका में उखड़ते उल्लेख को जीवन पर्यन्त स्मरण हेतु पत्थर में लिखवाने को लेकर नगर विधायक अमर अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर सेनानी परिवार की नातिन कु. अदिति सिंह ने आभार व्यक्त किया। बैठक में नगर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के उत्तराधिकारी परिवार के सदस्य सर्व श्री ई रमेंद्र राव, डॉ. शकुंतला जितपुरे,चन्द्र प्रकाश बाजपेयी,अनिल तिवारी,अशोक रंजन वर्मा,श्रीमती कुमुद वर्मा,राकेश कुमार जैन,संतोष पिपलिया,कृष्ण यादव,राम नारायण पटेल,के के वर्मा,ध्रुव कुमार भाँगे,दिव्य प्रकाश दुबे,सुमित राज सिंह,श्रीमती राम बाई साहू,शान्तनु प्रताप सिंह,मंत्र सिंह,अर्जुन सिंह,प्रतिता सिंह, सोनल सिंह,रानू सिंह,ममता सिंह,शशि सिंह,बल्लू साहू,बसंत तिवारी,मनोज शुक्ला सहित काफ़ी संख्या में सेनानी परिवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन चन्द्र प्रकाश बाजपेयी, आभार कु. अदिति सिंह ने व्यक्त किया। जल पान उपरांत स्मृति-चिन्ह देकर सभा विसर्जित हुई आगामी बैठक जून माह के प्रथम रविवार 7 जून 2026 को पुरखों की ढ़ेहरी राव निवास गोड़पारा में प्रातः 10:00 बजे ध्वजारोहण से आयोजित होगी।
“ऑपरेशन तलाश” में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी : अप्रैल माह में 251 गुम इंसानों को तलाश कर परिजनों से मिलाया गया,
माह अप्रैल में 36 गुम नाबालिगों को सकुशल दस्तयाब, बहला-फुसलाकर ले जाने वालों पर पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई.
दिल्ली, जालंधर (पंजाब), अंबिकापुर, डभरा और चंद्रपुर तक पहुंची रायगढ़ पुलिस, कई राज्यों और जिलों से गुम बालक-बालिकाओं की सुरक्षित वापसी.
थाना लैलूंगा ने सबसे अधिक 42 गुम इंसान ढूंढे, भूपदेवपुर ने माह में दर्ज सभी नाबालिगों को खोज निकाला.
जूटमिल, पूंजीपथरा, कोतवाली सहित जिले के थाना क्षेत्रों की सक्रिय कार्रवाई से कई बिछड़े परिवारों का हुआ मिलन.
एसएसपी का शशि मोहन सिंह संदेश — “नाबालिगों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता, बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने या शोषण करने वालों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जावेगी.”
रायगढ़ :छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चलाए गए “ऑपरेशन तलाश” ने मानवीय संवेदनाओं की एक मिसाल पेश की है। अप्रैल माह के भीतर 251 गुम इंसानों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। खासकर नाबालिगों के मामलों में तत्परता दिखाते हुए जिले से लेकर दिल्ली, जालंधर और अंबिकापुर तक पहुंचकर बच्चों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गई—जिससे बिछड़े परिवारों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।
राज्य स्तर पर गुम इंसानों की खोज के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अप्रैल माह में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए कुल 251 गुम इंसानों को दस्तयाब किया है। इनमें 36 नाबालिग तथा 215 बालिग युवक-युवतियां शामिल हैं। अभियान के दौरान नाबालिगों की गुमशुदगी से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों ने लगातार कार्रवाई कर कई परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी सुश्री उन्नति ठाकुर की विशेष मॉनिटरिंग में संचालित किया गया साथ ही अनुविभागीय पुलिस अधिकारी खरसिया श्री प्रभात पटेल तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी ने अपने पर्यवेक्षणीय थानों की मॉनिटरिंग की जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आए हैं।
नाबालिगों से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस ने विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए जिले के भीतर ही नहीं बल्कि दूसरे जिलों और दूसरे राज्यों तक पहुंचकर बच्चों को सकुशल वापस लाया। जिन मामलों में नाबालिगों को बहला-फुसलाकर भगाने या शारीरिक शोषण की पुष्टि हुई, वहां आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई। बीते दिनों जूटमिल, पूंजीपथरा और कोतवाली पुलिस ने कई अहम मामलों में त्वरित कार्रवाई कर नाबालिगों को सुरक्षित दस्तयाब किया। गुम नाबालिगों से जुड़े मामलों में साक्ष्य के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की गई है।
इस अभियान में सबसे अधिक 42 गुम इंसान की खोज लैलूंगा थाने द्वारा की गई है, जिसमें से एक गुम इंसान को दिल्ली से लाया गया है। उसके बाद थाना चक्रधरनगर 29, जूटमिल 27, पूंजीपथरा 24, कोतवाली और पुसौर 23-23, कोतरारोड और भूपदेवपुर 12-12, घरघोड़ा 11, कापू 10, तमनार 9, धरमजयगढ़ 8, खरसिया 7, चौकी खरसिया 4, चौकी जोबी 3, चौकी रैरूमाखुर्द 1 गुम इंसानों को खोज निकाला। थाने में दर्ज गुम इंसानों और दस्तयाब प्रतिशत के अनुसार थाना भूपदेवपुर का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है।
कुछ उल्लेखनीय प्रकरण –
केस नं. 1 : जूटमिल पुलिस ने गुम बालिका को चंद्रपुर से किया दस्तयाब, आरोपी गिरफ्तार.
थाना जूटमिल में दर्ज गुमशुदगी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया। जांच में सामने आया कि आरोपी विकास यादव बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसका शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा।
केस नं. 2 :जूटमिल पुलिस पंजाब के जालंधर पहुंची, नाबालिग बालिका को सकुशल वापस लाया.
एक अन्य मामले में थाना जूटमिल पुलिस ने लगातार पतासाजी कर पंजाब के जालंधर से नाबालिग बालिका को दस्तयाब किया। जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी सनत कुमार भट्ट के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया।
केस नं. 3 : पूंजीपथरा पुलिस ने अंबिकापुर से नाबालिग को किया दस्तयाब, आरोपी पर वैधानिक कार्रवाई.
थाना पूंजीपथरा में दर्ज मामले में पुलिस टीम ने लगातार खोजबीन कर अंबिकापुर से 15 वर्षीय बालिका को बरामद किया। पीड़िता के कथन और साक्ष्य के आधार पर आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
केस नं. 4 :कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे में गुम बालिका को खोज निकाला, आरोपी गिरफ्तार.
थाना कोतवाली में दर्ज गुमशुदगी मामले में पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर डभरा से 13 वर्षीय बालिका को सकुशल दस्तयाब किया। जांच में आरोपी रमेश यादव द्वारा शादी का झांसा देकर बालिका को ले जाना सामने आया, जिस पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश — “गुम नाबालिगों और महिलाओं से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। बच्चों को बहला-फुसलाकर भगाने या उनका शोषण करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अभिभावक भी बच्चों की गतिविधियों और उनके सोशल संपर्कों पर सतत निगरानी रखें।”