Category: होम

  • जशपुर : JEE-NEET तैयारी के लिए संकल्प संस्थान में सुनहरा मौका ; प्रवेश परीक्षा 12 अप्रैल से बढ़कर 25 अप्रैल, नेगेटिव मार्किंग और नए पैटर्न के साथ होगी परीक्षा

    जशपुर : JEE-NEET तैयारी के लिए संकल्प संस्थान में सुनहरा मौका ; प्रवेश परीक्षा 12 अप्रैल से बढ़कर 25 अप्रैल, नेगेटिव मार्किंग और नए पैटर्न के साथ होगी परीक्षा

    संकल्प प्रवेश परीक्षा की तिथि बढ़ाई गई, 12 अप्रैल को होने वाली प्रवेश परीक्षा अब होगी 25 अप्रैल को

    संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव में इस बार सभी कक्षाओं 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं हेतु प्रवेश परीक्षा होगी आयोजित

    जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास और सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में संचालित संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इस बार कक्षा 9वीं में 40-40 विद्यार्थियों और कक्षा 10वीं, 11वीं व 12वीं में रिक्त सीटों के अनुसार विद्यार्थियों के प्रवेश हेतु परीक्षा आयोजित की जाएगी।

    इसके लिए निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र 15 अप्रैल 2026 को सभी विद्यालयों के प्राचार्य संकलित कर संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा कर प्रवेश पत्र प्राप्त करेंगे। जो विद्यार्थी पहले फॉर्म भरकर जमा कर चुके हैं उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। ‌अब प्रत्येक विकासखंड मुख्यालय के स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में परीक्षा केंद्र होंगे।

    पूर्व में प्रवेश परीक्षा 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होनी थी, जिसे स्थगित किया गया है। अब सभी कक्षाओं के लिए प्रवेश परीक्षा 25 अप्रैल को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

    इस बार प्रवेश परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग की जाएगी l प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक दिए जाएँगे और प्रत्येक ग़लत उत्तर के लिए एक अंक काटे जाएँगे l कक्षा 9 वीं,10 वीं में प्रवेश परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे जो पूर्व कक्षा के पाठ्यक्रम पर आधारित केवल विज्ञान और गणित विषय से संबंधित होंगे l इसी प्रकार कक्षा 11 वीं व 12 वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथ्स विषयों के 25 -25 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएँगेl

    इस नए शिक्षण सत्र से गुणवत्ता बढ़ाने और जेईई व नीट में सफलता सुनिश्चित करने के लिए कई बदलाव किए गए है, जिसमें कक्षा 9 से ही एनसीईआरटी पाठ्यक्रम से अध्यापन , प्रत्येक सप्ताह जेईई व नीट स्तर का टेस्ट, प्रत्येक माह एनटीए पैटर्न पर ऑनलाइन टेस्ट सभी कक्षाओं 9 से 12वीं तक लेना शामिल है l देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के स्टडी मटेरियल का उपयोग किया जाना शामिल है l चयन का आधार उपरोक्त प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंक होगा तथा प्राप्तांक के मेरिट लिस्ट के आधार पर जिले के आरक्षण प्रावधान के तहत प्रवेश दिया जाएगा l

    उल्लेखनीय है कि तीनो संकल्प में निःशुल्क आवासीय सुविधा के साथ निःशुल्क गणवेश तथा जेईई व नीट परीक्षा के लिए सभी प्रकार की आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध करायी जाती है l विद्यार्थियों को उच्च प्रशासनिक अधिकारियों का सतत मार्गदर्शन प्राप्त होता है l कोचिंग देने वाले सभी विषयों के शिक्षक इसी कार्य के लिए अनुभवी और योग्य है जिन्हे जिला प्रशासन द्वारा पृथक से नियुक्त किया गया है l

    पूरा फोकस केवल जेईई व नीट परीक्षा की तैयारी पर ही होगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक विद्यार्थी अनिवार्य रूप से उपरोक्त परीक्षाएं क्वालीफाई करें और उनका एडमिशन आईआईटी और शासकीय मेडिकल कॉलेज में हो सके l इन तीनो संस्थान में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को केवल जेईई व नीट की परीक्षा अच्छे अंकों से क्वालीफाई करना है , इस सोच के साथ प्रवेश लेंगे l

  • गुंडों के आतंक पर कानून का शिकंजा : डायल 112 चालक को उठाकर ले गए, फिर किया हमला ! रायगढ़ में दहशत फैलाने वाली वारदात, पुलिस ने दबोचा मुख्य आरोपी, दो अब भी फरार – तलाश जारी.

    गुंडों के आतंक पर कानून का शिकंजा : डायल 112 चालक को उठाकर ले गए, फिर किया हमला ! रायगढ़ में दहशत फैलाने वाली वारदात, पुलिस ने दबोचा मुख्य आरोपी, दो अब भी फरार – तलाश जारी.

    कोतवाली थाना क्षेत्र में डायल 112 के चालक के साथ मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया है तथा उसे अजमानतीय धाराओं के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

    घटना के संबंध में प्रार्थी मुकेश नायक (26 वर्ष), निवासी सराईभदर थाना जूटमिल ने 04 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह डायल 112 वाहन में प्राइवेट रूप से चालक का कार्य करता है। 03 अप्रैल की रात करीब 08:30 बजे अपनी स्कूटी क्रमांक CG 13 AW 8598 से कोतरारोड़ स्थित देशी-अंग्रेजी शराब दुकान की ओर गया था। इसी दौरान काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल में सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उससे बेवजह विवाद कर जबरन सुनसान स्थान पर ले गए। वहां तीनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार से कमर के नीचे वार कर दिया, जिससे प्रार्थी घायल हो गया। शोर मचाने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

    प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 181/2026 धारा 296, 118(1), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने प्रार्थी एवं गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की, जिसमें एक आरोपी जितेन्द्र कुमार टण्डन (30 वर्ष), निवासी रामभाठा, जयस्तंभ के सामने रायगढ़ को हिरासत में लिया गया। आरोपी की पहचान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई, जहां प्रार्थी ने उसे पहचान लिया।

    पूछताछ में आरोपी जितेन्द्र टण्डन ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर रामभाठा स्थित प्यासा मैदान की झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

  • रेल परिचालन में तकनीकी क्रांति: रायपुर–उरकुरा–मांढर रेलखंड ऑटोमेटिक सिग्नलिंग से हुआ लैस, अब एक साथ कई ट्रेनों का सुरक्षित और तेज संचालन संभव

    रेल परिचालन में तकनीकी क्रांति: रायपुर–उरकुरा–मांढर रेलखंड ऑटोमेटिक सिग्नलिंग से हुआ लैस, अब एक साथ कई ट्रेनों का सुरक्षित और तेज संचालन संभव

    “रायपुर–उरकुरा–मांढर रेलखंड हुआ ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली से लैस”

    “आधुनिक सिग्नलिंग से बढ़ी क्षमता, एक साथ कई ट्रेनों का सुगम एवं संरक्षित परिचालन संचालन संभव”

    बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ रेल परिचालन की क्षमता बढ़ाने हेतु निरंतर आधुनिक तकनीकों को अपना रहा है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में रायपुर मंडल के अंतर्गत रायपुर–उरकुरा एवं उरकुरा–मांढर रेलखंड पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया है।

           इस परियोजना के अंतर्गत रायपुर–उरकुरा (लगभग 3 किलोमीटर, डबल लाइन) तथा उरकुरा–मांढर (लगभग 9 किलोमीटर, ट्रिपल लाइन) रेलखंड पर कुल 12 किलोमीटर लंबाई में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली लागू की गई है, जो डबल लाइन समतुल्य लगभग 21 किलोमीटर के बराबर है। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026–27 में इस परियोजना के तहत अब तक कुल 21 किलोमीटर डबल लाइन समतुल्य ऑटोमेटिक सिग्नलिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

           इस आधुनिक प्रणाली के अंतर्गत 14 नए ऑटोमेटिक सिग्नल एवं 2 सेमी-ऑटोमेटिक सिग्नल स्थापित किए गए हैं। साथ ही कुल 80 डिजिटल एक्सल काउंटर (MSDAC, Sigma मेक) लगाए गए हैं, जिनमें ड्यूल डिटेक्शन एवं मीडिया डाइवर्सिटी की सुविधा उपलब्ध है, जिससे ट्रेन की सटीक एवं रीयल-टाइम स्थिति का पता लगाया जा सकता है।

           रायपुर–उरकुरा खंड में अप एवं डाउन लाइनों पर 3-3 ऑटो सेक्शन तथा उरकुरा–मांढर खंड में अप, डाउन एवं मिड लाइन (द्विदिशीय) पर 4-4 ऑटो सेक्शन बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, इंटर-स्टेशन ब्लॉक इंटरफेस ट्रांसमिशन के लिए यूनिवर्सल फेल-सेफ ब्लॉक इंटरफेस (UFSBI) प्रणाली तथा उरकुरा–मांढर खंड में मिड लाइन के लिए डायरेक्शन सेटिंग पैनल की सुविधा भी प्रदान की गई है।

           संरक्षा को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से समपार फाटक संख्या 417 पर एक नया ऑटो हाट भी स्थापित किया गया है, जिससे सिग्नलिंग प्रणाली की विश्वसनीयता और बेहतर हुई है।

           ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली लागू होने से अब एक ही ब्लॉक सेक्शन में एक ही दिशा में एक से अधिक ट्रेनों का संचालन संभव हो गया है। इससे ट्रेनों की गति में वृद्धि, समय की बचत तथा लाइन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब ट्रेनों को आगे बढ़ने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ता, जिससे परिचालन अधिक सुचारु एवं कुशल हो गया है।

           रेलवे में सिग्नलिंग प्रणाली का आधुनिकीकरण एक सतत प्रक्रिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा परिचालन की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिससे न केवल ट्रेनों की गति और संख्या में वृद्धि हो रही है, बल्कि यात्रियों को संरक्षित एवं विश्वसनीय यात्रा अनुभव भी सुनिश्चित हो रहा है।

  • रेल सुरक्षा और विकास को मिली नई रफ्तार: महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर–गोंदिया रेलखंड का किया गहन निरीक्षण, ट्रैक, सिग्नल और यात्री सुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश

    रेल सुरक्षा और विकास को मिली नई रफ्तार: महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर–गोंदिया रेलखंड का किया गहन निरीक्षण, ट्रैक, सिग्नल और यात्री सुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश

    दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश द्वारा बिलासपुर – गोंदिया रेलखंड का व्यापक निरीक्षण

    गोंदिया स्टेशन क्षेत्र में संरक्षा, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं विकास कार्यों का जायजा

    बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश द्वारा आज दिनांक 08 अप्रैल 2026 को बिलासपुर – गोंदिया रेलखंड (नागपुर मंडल) का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान महाप्रबंधक महोदय ने विशेष रूप से ‘विंडो ट्रेलिंग’ के जरिए दुर्ग-गोंदिया रेलखंड में रेल पटरियों की स्थिति, पॉइंट्स, क्रॉसिंग्स और सिग्नलों की दृश्यता का सूक्ष्म अवलोकन किया, ताकि यात्रियों को एक सुरक्षित और आरामदायक सफर सुनिश्चित किया जा सके।

    इसी क्रम में गोंदिया स्टेशन का भी व्यापक निरीक्षण किया गया। गोंदिया स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। विशेष रूप से गोंदिया स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 (लाइन नंबर 05) पर ‘वॉशेबल एप्रन’ को हटाने और उसे ‘बैलस्टेड ट्रैक’ में बदलने का कार्य प्रगति पर है, जिसका निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस कार्य के पूर्ण होने से ट्रैक मेंटेनेंस में सुधार एवं संरक्षा मानकों में वृद्धि होगी।

    इसके साथ ही गोंदिया स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक महोदय ने यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण प्रदान करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उनके द्वारा गोंदिया यार्ड एवं पैनल रूम का निरिक्षण कर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे विकाश कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

    निरीक्षण के दौरान नागपुर मंडल के रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता, श्री जे. एस बिंद्रा मुख्य प्रधान परिचालन प्रबंधक सहित मुख्यालय एवं नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने मंडल में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, संरक्षा उपायों एवं यात्री सुविधाओं के उन्नयन संबंधी जानकारी महाप्रबंधक को विस्तार से अवगत कराया। इस अवसर पर सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रगति एवं कार्यों की जानकारी दी।

    इस दौरान उन्होंने मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति सदस्यों के साथ यात्री सुविधाओं तथा अन्य विभिन्न मुद्दों के संबंध में चर्चा कर सुझाव प्राप्त किए।

    महाप्रबंधक ने सभी अधिकारियों को संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, अधोसंरचना विकास कार्यों में तेजी लाने तथा यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता, समयबद्धता एवं सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर विशेष बल दिया।

    इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल सेवाओं की गुणवत्ता, संरक्षा एवं दक्षता को सुदृढ़ करना तथा यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

  • सनातन शक्ति का महासंगम : रायपुर बनेगा आस्था का केंद्र ! 26 अप्रैल को रायपुर में दिखेगा आध्यात्मिक उत्साह का विस्फोट, हजारों श्रद्धालुओं के बीच होगा शंकराचार्य प्राकट्य महोत्सव.

    सनातन शक्ति का महासंगम : रायपुर बनेगा आस्था का केंद्र ! 26 अप्रैल को रायपुर में दिखेगा आध्यात्मिक उत्साह का विस्फोट, हजारों श्रद्धालुओं के बीच होगा शंकराचार्य प्राकट्य महोत्सव.

    छ.ग. सनातन दशनाम गोस्वामी समाज रायपुर पंजीयन क्रमांक 1657 द्वारा प्रांतीय स्तर पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी हमारे समाज के स्वाभिमान एवं गौरव के प्रतीक भगवान आदि गुरु शंकराचार्य का प्राकट्य उत्सव समारोह रविवार दिनांक 26 अप्रैल 2026 को शहीद स्मारक भवन रायपुर में भव्य रूप से आयोजित करना सुनिश्चित हुआ है। आध्यात्मिक ऊर्जा के द्वारा सांस्कृतिक चेतना जागृत कर सनातन धर्मावलम्बियों में आत्म सम्मान, गौरव,आस्था एवं एकता स्थापित कर सनातन धर्म की रक्षा एवं पुनर्स्थापना करने वाले भगवान शंकर के अंशावतार भगवत्पाद आद्य शंकराचार्य भगवान के प्राकट्य महोत्सव में प्रति वर्ष अनुसार समाज के समस्त आदरणीय महंतगण, संरक्षकगण, संस्थापकगण, प्रबुद्धजन, माताओं, बहनों, युवाओं, बच्चों तथा प्रदेश/समस्त जिला कार्यकारणी के पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता, गरिमापूर्ण उपस्थिति एवं सहयोग की अपील की है l

  • लक्ष्यभेदी सोच और आत्मविश्वास को बढ़ावा: बिलासपुर रेलवे स्कूल में पहली बार शुरू हुई आधुनिक शूटिंग रेंज, भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने की ऐतिहासिक पहल

    लक्ष्यभेदी सोच और आत्मविश्वास को बढ़ावा: बिलासपुर रेलवे स्कूल में पहली बार शुरू हुई आधुनिक शूटिंग रेंज, भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने की ऐतिहासिक पहल

    दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे विद्यालय क्रमांक 1, बिलासपुर में “एकलव्य शूटिंग रेंज” आधुनिक खेल सेवा का शुभारंभ

    प्रतिभाओं को निखारने और लक्ष्यभेदी सोच विकसित करने की दिशा में सार्थक पहल

    बिलासपुर : विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करने तथा उनमें अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना विकसित करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे विद्यालय क्रमांक 1, बिलासपुर में पहली बार आधुनिक “एकलव्य शूटिंग रेंज” की स्थापना की गई है। यह उपलब्धि विद्यालय के इतिहास में एक अभूतपूर्व एवं स्मरणीय मील का पत्थर साबित हुई है।

    इस अत्याधुनिक खेल-सुविधा का भव्य शुभारंभ दिनांक 02 अप्रैल 2026 को प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री आदित्य कुमार के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा, विद्यालय के प्राचार्य श्री महेश बाबु, सभी शिक्षकगण एवं अधिकाधिक संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

    उद्घाटन समारोह के दौरान माननीय अतिथियों ने शूटिंग रेंज का अवलोकन किया तथा इसकी उपयोगिता, सुरक्षा व्यवस्था एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की सराहना की। उन्होंने इस पहल को प्रतिभाओं को तराशने, लक्ष्यभेदी सोच विकसित करने और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

    विद्यालय परिवार ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। “एकलव्य शूटिंग रेंज” की स्थापना न केवल विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह विद्यार्थियों के लिए एक स्वर्णिम अवसर एवं बिलासपुर क्षेत्र के शैक्षणिक एवं खेल परिवेश के लिए नई शुरुआत भी है।

    विद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस आधुनिक सुविधा के माध्यम से विद्यार्थी भविष्य में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करेंगे।

  • यात्री सुविधाओं के विस्तार के बीच अस्थायी असुविधा: नागपुर स्टेशन पर कंकॉर्स निर्माण शुरू, प्लेटफॉर्म-2 बंद होने से प्रमुख ट्रेनों में देरी, रेलवे ने जारी की एडवाइजरी

    यात्री सुविधाओं के विस्तार के बीच अस्थायी असुविधा: नागपुर स्टेशन पर कंकॉर्स निर्माण शुरू, प्लेटफॉर्म-2 बंद होने से प्रमुख ट्रेनों में देरी, रेलवे ने जारी की एडवाइजरी

    मध्य रेलवे के नागपुर स्टेशन एवं आधुनिकीकरण: प्लेटफॉर्म क्रमांक–2 अस्थायी रूप से बंद, कुछ यात्री ट्रेनें नियंत्रित

    यात्री सुविधाओं के विस्तार हेतु नागपुर स्टेशन पर कार्य, प्लेटफॉर्म–2 बंद, कुछ यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित

    रायपुर : रेल प्रशासन द्वारा मध्य रेलवे नागपुर स्टेशन के उन्नयन कार्य के अंतर्गत कंकॉर्स निर्माण हेतु प्लेटफॉर्म क्रमांक–2 को दिनांक 07.04.2026 से 28.05.2026 तक (कुल 52 दिनों के लिए) अस्थायी रूप से बंद किया जा रहा है। यह कार्य स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के उद्देश्य से किया जा रहा है।

    नागपुर स्टेशन एवं यार्ड में ब्लॉक अवधि के दौरान कुछ यात्री ट्रेनों का संचालन नियंत्रित किया जाएगा, क्योंकि प्लेटफॉर्म उपलब्धता में अस्थायी कमी रहेगी।इस उन्नयन कार्य के पूर्ण होने के पश्चात नागपुर स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

    विनियमित/नियंत्रित/विलंब से रवाना की जाने वाली प्रमुख यात्री ट्रेनें निम्नानुसार हैं :-

    👉 गाड़ी संख्या 18030 (शालीमार – लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस) जिसका नागपुर स्टेशन पहुंचने का समय 13:20 बजे है, दिनांक 07.04.2026 से 28.05.2026 तक लगभग 2 घंटे 15 मिनट नियंत्रित/ विलंब से रवाना किया जाएगा।

    👉गाड़ी संख्या 12102 (शालीमार – लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस) जिसके नागपुर स्टेशन पहुंचने का समय 14:20 बजे है, दिनांक 08.04.2026 से 28.05.2026 तक लगभग 01 घंटे 10 मिनट नियंत्रित/ विलंब से रवाना किया जाएगा।

    👉गाड़ी संख्या 22906 (शालीमार – ओखा एक्सप्रेस) जिसका नागपुर स्टेशन पहुंचने का समय 14:20 बजे है, दिनांक 07.04.2026 से 26.05.2026 तक लगभग 1 घंटा 10 मिनट नियंत्रित/ विलंब से रवाना किया जाएगा।

    👉गाड़ी संख्या 12906 (शालीमार – पोरबंदर एक्सप्रेस) जिसके नागपुर स्टेशन पहुंचने का समय 14:20 बजे है को दिनांक 10.04.2026 से 23.05.2026 तक लगभग 1 घंटा 10 मिनट नियंत्रित/ विलंब से रवाना किया जाएगा।

    उक्त नियंत्रण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र में “नो रूम” स्थिति के कारण किया जाएगा। रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। असुविधा के लिए खेद है।

  • SECR का दमदार प्रदर्शन: वैगन-कोच मेंटेनेंस में रिकॉर्ड वृद्धि, AI तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से रेलवे ने गुणवत्ता, सुरक्षा और नवाचार के क्षेत्र में बनाई नई पहचान

    SECR का दमदार प्रदर्शन: वैगन-कोच मेंटेनेंस में रिकॉर्ड वृद्धि, AI तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से रेलवे ने गुणवत्ता, सुरक्षा और नवाचार के क्षेत्र में बनाई नई पहचान

    बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के यांत्रिक विभाग ने वित्त वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं । नागपुर रेल मंडल के मोतीबाग वर्कशॉप को अखिल भारतीय स्तर पर भारतीय रेलवे की सर्वश्रेष्ठ कार्यशाला घोषित कर “उत्कृष्ट गुणवत्ता शील्ड” से सम्मानित किया गया ।

     यांत्रिक विभाग ने वैगनो के अनुरक्षण में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है । वैगन ROH आउटटर्न में 31.5%, ब्रॉडगेज कोच POH में 32% तथा वैगन POH में 8.7% की बढ़ोतरी हुई है ।

     रेलवे प्रशासन द्वारा प्रयागराज माघ मेला के सफल आयोजन हेतु अक्टूबर 2025 में कुल 05 रेक अन्य जोनों को भेजे गए, जिनमें 02 रेक नॉर्थ सेंट्रल रेलवे तथा 03 रेक नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे को उपलब्ध कराए गए । साथ ही यात्री गाड़ियों के परिचालन में और अधिक सुविधा देने हेतु बिलासपुर–रीवा एवं बिलासपुर–इंदौर ट्रेनों को आधुनिक LHB कोचों में परिवर्तित किया गया है ।

     रेलवे के विभिन्न डिपो जैसे पीपी यार्ड भिलाई, C&W डिपो (एक्सचेंज यार्ड/ भिलाई) एवं WRC/BMY को ISO 9001:2015, ISO 45001:2018 एवं ISO 14001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ है, जो गुणवत्ता, सुरक्षा एवं पर्यावरण प्रबंधन के उच्च मानकों को दर्शाता है । वर्तमान वित्तीय वर्ष में पहली बार NMG (Newly Modified Goods) कोचों का पीओएच कार्य प्रारंभ किया गया, जिसमें फरवरी 2026 तक कुल 25 कोचों का सफल ओवरहॉल किया जा चुका है ।

     पीपी यार्ड में कंप्यूटरीकृत रेक टेस्ट रिग (CRTR) एवं सिंगल वैगन टेस्ट रिग (CSWTR) की स्थापना से एयर ब्रेक प्रणाली की स्वचालित जांच एवं डिजिटल रिकॉर्डिंग संभव हो पाई है । भिलाई एवं कोरबा में AI आधारित MVIS (Automatic Wagon Damage Detection System) स्थापित किया गया है, जो हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरों के माध्यम से वैगनों की पहचान एवं दोषों का स्वतः विश्लेषण करता है ।

     मेंटेनेंस कार्यों में सुधार हेतु पीपी यार्ड भिलाई में CASNUB बोगियों के लिए आधुनिक मैनिपुलेटर लगाए गए हैं, जिससे सुरक्षित लिफ्टिंग एवं 360 डिग्री रोटेशन संभव हुआ है । रेलवे द्वारा ब्रेक वैन आधुनिकीकरण के तहत 32 ब्रेक वैन को उन्नत सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है तथा ट्रेन मैनेजर केबिन में ब्रेक रिलीज मॉनिटरिंग सिस्टम भी स्थापित किया गया है । इसके अतिरिक्त, Permanent Thermal Monitoring System (PTMS), Modified SLIC Pins, एवं FDSS ट्रायल जैसी नई तकनीकों का परीक्षण जारी है, जिससे सुरक्षा और विश्वसनीयता में वृद्धि होगी ।

     कर्मचारियों की सुविधा के लिए दुर्ग कोचिंग डिपो में OBHS स्टाफ हेतु पोर्टा-कैबिन स्थापित किया गया है, जिसमें विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं । बिलासपुर कोचिंग डिपो में अग्निरोधी लिनन बैग का सफल परीक्षण किया गया है, जो अधिक सुरक्षित एवं टिकाऊ साबित हो रहे हैं । मोटीबाग वर्कशॉप में डिजिटल कियोस्क स्थापित किए गए हैं, जिससे रियल-टाइम सूचना उपलब्धता एवं पारदर्शिता में वृद्धि हुई है ।

     पर्यावरण एवं सुरक्षा के तहत “बहुबली फेंसिंग” का निर्माण किया गया है, जिससे यार्ड क्षेत्रों में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हुआ है । साथ ही, जीएम कार्यालय परिसर में स्क्रैप सामग्री से “अभ्युदय” मूर्ति का निर्माण कर “स्क्रैप टू आर्ट” पहल को बढ़ावा दिया गया है ।

     सुरक्षा के क्षेत्र में थर्मल मॉनिटरिंग सिस्टम, बहुबली फेंसिंग तथा ब्रेक रिलीज मॉनिटरिंग जैसी पहलें की गई हैं। वहीं कर्मचारियों की सुविधा हेतु दुर्ग डिपो में आधुनिक पोर्टा केबिन भी स्थापित किया गया है । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यांत्रिक विभाग निरंतर नवाचार, गुणवत्ता एवं सुरक्षा के नए मानक स्थापित कर भारतीय रेलवे को नई दिशा दे रहा है । श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के दिशा निर्देश में उपरोक्त कार्य किए गये है ।

  • जशपुर को मिलेगा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान का दर्जा: कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, होम-स्टे और इको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

    जशपुर को मिलेगा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान का दर्जा: कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, होम-स्टे और इको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

    पर्यटन स्थलों पर सभी मूलभूत सुविधाएं करें विकसित: कलेक्टर रोहित व्यास

    होम स्टे सहित पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने दिए निर्देश

    पर्यटन स्थलों की जानकारी हेतु स्पष्ट दिशा-सूचक एवं आकर्षक साइन बोर्ड लगाने को कहा

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जशपुर जिले को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अधोसंरचना निर्माण, आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सहित व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि जशपुर को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान मिल सके। इसी क्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टरेट सभाकक्ष में जिला पर्यटन समिति जशपुर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पर्यटन के समग्र विकास को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार भी उपस्थित रहे।

     बैठक में पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, पर्यटन स्थलों तक सरल एवं सुगम पहुंच सुनिश्चित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, पर्यटन के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने एवं इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के संबंध में भी महत्वपूर्ण चर्चा की गई। इसके अलावा जिले की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जनजातीय संस्कृति एवं स्थानीय परंपराओं को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने और उन्हें पहचान दिलाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया गया।

     कलेक्टर श्री व्यास ने निर्देश दिए कि पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों एवं पर्यटन स्थलों पर स्पष्ट दिशा-सूचक संकेतक, आकर्षक साइन बोर्ड एवं सूचना बोर्ड स्थापित किए जाएं, ताकि बाहरी पर्यटकों को गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि जशपुर आने वाले पर्यटकों को होटल, लॉज, धर्मशाला एवं विभिन्न आयोजनों के माध्यम से पर्यटन संबंधी जानकारी ब्रोशर एवं पंपलेट के जरिए उपलब्ध कराई जाए। होम-स्टे को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर ने इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा ट्रैवल एवं पर्यटन से संबंधित वेबसाइटों में पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे पर्यटकों को आसानी से जानकारी मिल सके। इसके साथ ही इन स्थलों पर कैंपिंग स्पॉट विकसित करने को कहा गया।

     कलेक्टर श्री व्यास ने सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही पर्यटन स्थलों की जानकारी एवं वहां उपलब्ध सुविधाओं का विवरण तैयार कर टूरिज्म बोर्ड को प्रेषित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा प्रत्येक पर्यटन स्थलों पर पर विलेज लेवल टूरिज्म कमेटी गठित करने को कहा, जिससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके और पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो। बैठक में आरईएस के प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्री राजेश श्रीवास्तव, वन विभाग के एसडीओ श्री करण सिंह, श्री राजकपूर राम भगत, श्री सौरभ सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

    साल भर आयोजित होंगे पर्यटन संबंधी रोमांचक गतिविधियां

    जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वर्षभर विभिन्न आकर्षक एवं रोमांचक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। टूरिज्म कैलेंडर के अनुसार मई माह में एस्ट्रो कैंप, जून में इनडोर क्लाइंबिंग चैंपियनशिप और ट्राइबल फूड व फॉरेस्ट प्रोड्यूस फेस्टिवल, जुलाई में टी फेस्टिवल, मानसून एवं रील फेस्टिवल, अगस्त में ट्राइबल फेस्टिवल, सितंबर में बटरफ्लाई मीट, अक्टूबर में जशपुर जंबूरी, नवंबर में आर्ट फेस्टिवल एवं रेजिडेंसी, दिसंबर में मेटेओर शावर कैंप, जनवरी में बर्ड फेस्टिवल और वेलनेस रिट्रीट प्रोग्राम, फरवरी में साइक्लिंग इवेंट, मार्च में महुवा फेस्टिवल और अप्रैल में सरहुल कल्चर फेस्टिवल जैसे रोमांचक गतिविधियां आयोजित किए जाएंगे।

  • महिला सशक्तिकरण की ओर बड़ा कदम: जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने घोलेंगे में गारमेंट फैक्ट्री की संभावनाएं परखी, स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल तेज

    महिला सशक्तिकरण की ओर बड़ा कदम: जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने घोलेंगे में गारमेंट फैक्ट्री की संभावनाएं परखी, स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल तेज

    जशपुर कलेक्टर ने घोलेंगे में स्व सहायता समूह की महिलाओं के लिए संभावित कपड़े की फैक्ट्री खोलने के संबंध में ली जानकारी

    समूह की महिलाओं के लिए जरुरी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश

    जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने बुधवार को जशपुर विकास खंड के घोलेंगे गोठान का किया निरीक्षण और स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए गारमेंट (कपड़े) फैक्ट्री लगाने के संबंध में जानकारी ली।

    उन्होंने बताया कि स्व सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए घोलेंगे में गारमेंट फैक्ट्री खोलने की कार्ययोजना बनाई गई है। ताकि जशपुर की महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।

    इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा आरईएस के कार्यपालन अभियंता श्री राजेश श्रीवास्तव और अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

    उन्होंने घोलेंगे में स्व सहायता समूह की महिलाओं के गारमेंट फैक्ट्री संचालन के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।