Category: जशपुर

  • 7 गेंदों में 31 रन, 38 गेंदों में 95 की तबाही और फिर सुपर ओवर का महासंग्राम — KPL चैप्टर 4 में क्रिकेट बना जुनून, दर्शकों ने देखा सीजन का सबसे खतरनाक मुकाबला!

    7 गेंदों में 31 रन, 38 गेंदों में 95 की तबाही और फिर सुपर ओवर का महासंग्राम — KPL चैप्टर 4 में क्रिकेट बना जुनून, दर्शकों ने देखा सीजन का सबसे खतरनाक मुकाबला!

    पंकज राम की तूफानी 95 रन की पारी भी नहीं बचा सकी PBKS को, सुपर ओवर में MI की धमाकेदार जीत… वहीं मन्नू मेहरा के बल्ले से निकली आग ने SRH को किया ध्वस्त!

    कुनकुरी : कुनकुरी का खेल मैदान रविवार को क्रिकेट के सबसे बड़े रोमांच का केंद्र बन गया, जहां KPL चैप्टर 4 के मुकाबलों ने हजारों दर्शकों को सीट से खड़े होने पर मजबूर कर दिया। मैदान में ऐसा माहौल बना मानो कोई फाइनल मुकाबला खेला जा रहा हो। हर चौके पर तालियों की गड़गड़ाहट, हर छक्के पर दर्शकों का शोर और हर विकेट पर उठती चीखें इस बात का सबूत थीं कि KPL अब सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि कुनकुरी की धड़कन बन चुका है। रविवार को खेले गए दोनों मुकाबलों में ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जिसने पूरे टूर्नामेंट को और भी सनसनीखेज बना दिया।

    दिन का सबसे बड़ा मुकाबला Kunkuri Indians MI और Kunkuri Kings PBKS के बीच खेला गया, जिसने क्रिकेट प्रेमियों की सांसें आखिरी गेंद तक रोक दीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और 10 ओवर में 126 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। खागेश कुमार ने तेज 35 रन बनाए, जबकि अजय गुप्ता ने 29 रन की शानदार पारी खेली। लेकिन असली तूफान तब आया जब अनंत मिरास मिंज मैदान में उतरे। उन्होंने केवल 7 गेंदों में 31 रन ठोककर मैदान में सनसनी फैला दी। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

    लेकिन असली कहानी अभी बाकी थी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी PBKS की टीम के कप्तान पंकज राम ने ऐसा बल्लेबाजी तूफान खड़ा किया कि पूरा मैदान दंग रह गया। उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 95 रन की विस्फोटक पारी खेली और अकेले दम पर मैच को बराबरी तक पहुंचा दिया। चौकों और गगनचुंबी छक्कों की बारिश के बीच हर गेंद के साथ रोमांच बढ़ता गया। निर्धारित 10 ओवर में दोनों टीमों का स्कोर 126 रन रहा और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया। सुपर ओवर में MI ने जबरदस्त संयम और आक्रामकता दिखाते हुए जीत अपने नाम कर ली। गेंदबाजी में खागेश कुमार ने 3 विकेट लेकर मैच के सबसे बड़े हीरो बनकर उभरे।

    इसके बाद दूसरा मुकाबला Kunkuri Super Kings CSK और SUNRISERS KUNKURI SRH के बीच खेला गया, जहां CSK ने शानदार प्रदर्शन कर 17 रन से दमदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK की शुरुआत संभली हुई रही, लेकिन फिर मन्नू मेहरा ने ऐसा तूफान मचाया कि गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं बचा। उन्होंने 39 गेंदों में नाबाद 75 रन की धमाकेदार पारी खेली और मैदान के हर कोने में चौके-छक्कों की बरसात कर दी। उनकी बल्लेबाजी ने दर्शकों को रोमांच के चरम तक पहुंचा दिया और CSK ने 108 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

    जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी SRH की टीम ने संघर्ष जरूर किया। विशाल एक्का ने 26 रन और शिलानंद टोप्पो ने 21 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन CSK के गेंदबाजों ने शानदार अनुशासन और आक्रामकता के साथ मैच पूरी तरह अपने कब्जे में रखा। भोले हरि, रघु सिंह और कमल राम ने 3-3 विकेट लेकर SRH की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया और टीम को 91 रन पर समेट दिया।

    KPL चैप्टर 4 अब क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रह गया है। विजेता टीम को ₹1,00,000, उपविजेता को ₹51,000, तृतीय स्थान पर ₹21,000 और चतुर्थ स्थान पर ₹11,000 के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। यही कारण है कि हर टीम मैदान में पूरी ताकत और जुनून के साथ उतर रही है।

    पूरे टूर्नामेंट का सफल संचालन KPL 2026 के चेयरमैन सीए बिनीत कुमार जिंदल, सचिव महेश त्रिपाठी और अध्यक्ष चेतन “चिंटू” गुप्ता के नेतृत्व में शानदार तरीके से किया जा रहा है। समिति सदस्य आशीष सिंह, विवेक बजाज, प्रकाश राणा, राजा बघवार, लिंकन केरकेट्टा, अर्जू नागेशिया और कानम लगातार आयोजन को भव्य बनाने में जुटे हैं।

    कमेंट्री बॉक्स में सुनील रे, रवि चौहान, नितीश शर्मा, राहुल बजाज, राकेश सिंह, ओम गुप्ता और विनय संवाशी की दमदार आवाजें दर्शकों के उत्साह को और बढ़ा रही हैं। स्कोरिंग की जिम्मेदारी सारांश सिंह “गन्नू” और शमीम शेख निभा रहे हैं, जबकि अंपायरिंग आशीष नायक, प्रीतम महंत, मयूर गर्ग, अभिषेक झा, अरविंद नांदे और सुधीर सिन्हा द्वारा की जा रही है।

    KPL चैप्टर 4 अब अपने चरम रोमांच पर पहुंच चुका है, जहां हर दिन नया रिकॉर्ड, नया हीरो और नई सनसनी देखने को मिल रही है। कुनकुरी में क्रिकेट अब सिर्फ खेल नहीं, बल्कि जुनून बन चुका है।

  • जशपुर में गौ तस्करों पर पुलिस का शिकंजा कसता गया : 31 गौवंशों को बेरहमी से ठूंसकर ले जा रहे गिरोह के 3 फरार आरोपी आखिरकार गिरफ्तार, महीनों की तलाश के बाद पहुंचे सलाखों के पीछे

    जशपुर में गौ तस्करों पर पुलिस का शिकंजा कसता गया : 31 गौवंशों को बेरहमी से ठूंसकर ले जा रहे गिरोह के 3 फरार आरोपी आखिरकार गिरफ्तार, महीनों की तलाश के बाद पहुंचे सलाखों के पीछे

    गौ तस्करों के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्यवाही, अलग अलग गौ तस्करी के प्रकरण में फरार तीन आरोपी तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे, गिरफ्तार कर, भेजा जेल

    सभी मामले थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत

    दिसम्बर 25, फरवरी 2026, व अप्रैल 2026 में पुलिस ने थाना लोदाम क्षेत्र में अलग अलग मामलों में तस्करी में प्रयुक्त तीन पिकअप वाहनों से बचाया था, कुल 31नग गौ वंशों को, आरोपी तस्कर वाहनों को छोड़कर हो गए थे फरार

    पुलिस ने आरोपी तस्करों को कर लिया था चिन्हित, की जा रही थी लगातार पता साजी, अंततः तीन गौ तस्कर आए पुलिस की गिरफ्त में

    आरोपियों के विरुद्ध विरुद्ध थाना लोदाम में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11 (1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध

    गिरफ्तार आरोपी क्रमशः – 1.मंजीत जांगड़े उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम परसा पाली, थाना चंद्रपुर, जिला शक्ति (छ ग) वर्तमान निवास ग्राम साईं टांगर टोली थाना लोदाम जिला जशपुर (छ ग).

    2. नईम खान उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम साईं टांगर टोली थाना लोदाम जिला जशपुर छ ग.

    3. यूसुफ खान उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम बरगी डांड, थाना रायडीह, जिला गुमला (झारखंड)

    जशपुर : जशपुर जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस लगातार गौ तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है, इसी क्रम में जशपुर पुलिस को थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत गौ तस्करी के अलग अलग प्रकरणों में फरार तीन गौ तस्करों को पकड़ने में सफलता मिली है।

    दिनांक 07.12.25 को थाना लोदाम पुलिस के द्वारा मुखबीर की सूचना पर , प्रातः करीबन 03.00 बजे, नेशनल हाइवे 43 पर स्थित ग्राम भलमंडा चौक के पास, गौ तस्करी कर रहे पिकअप वाहन क्रमांक JH -01-BS -8773 की धर पकड़ हेतु नाकाबंदी की गई थी, नाकाबंदी के दौरान उक्त संदिग्ध पिकअप वाहन का चालक, पुलिस को देख कर, पिकअप वाहन को तेजी से भगाने लगा, जिस पर पुलिस टीम के द्वारा उक्त वाहन का पीछा किया जा रहा था, पुलिस को पीछा करते देख, संदिग्ध पिकअप वाहन का चालक कुछ दूरी पर जाकर, पिकअप वाहन को छोड़कर कर जंगल का फायदा उठा कर फरार हो गया था, पुलिस के द्वारा मौके पर पहुंचकर जब संदिग्ध पिकअप वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें 10 नग गौ वंशों को बेरहमी पूर्वक ठूंस ठूंस कर भरा गया था, पुलिस ने सभी गौ वंशों को सकुशल बरामद कर, उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया था। व तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक JH -01-BS -8773 को भी पुलिस के द्वारा जप्त कर लिया गया था।

    प्रकरण में पुलिस के द्वारा थाना लोदाम में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा फरार आरोपी को चिन्हित कर लिया गया था, जो कि घटना दिनांक से ही फरार था, पुलिस के द्वारा लगातार फरार आरोपी की पता साजी की जा रही थी,। इसी दौरान पुलिस को मुखबीर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि फरार आरोपी गौ तस्कर मंजीत जांगड़े, को साईं टांगर टोली में देखा गया है, जिस पर लोदाम पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम साईं टांगर टोली में घेरा बंदी, आरोपी मंजीत जांगड़े को हिरासत में लेकर वापस लाया गया।

    पुलिस की पूछताछ पर आरोपी मंजीत जांगड़े के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 09.05.26 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

    इसी क्रम में दिनांक 12.02.26 को लोदाम पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना पर पतराटोली के पास एक पिकअप वाहन क्रमांक Jh -01-FP -3193 से 09 नग गौ वंशों को मुक्त कराया गया था, उक्त प्रकरण में आरोपी तस्कर जंगल का फायदा उठा कर फरार हो गए थे, व दिनांक 14.04.26 को भी लोदाम पुलिस के द्वारा लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम कोनबीरा जंगल के रास्ते में पिकअप वाहन क्रमांक JH – 07-L -1153 से 12 नग गौ वंशों को छुड़ाया गया था, उक्त दोनों ही प्रकरण में आरोपी गौ तस्कर जंगल का फायदा उठा कर फरार हो गए थे, दोनों ही मामले में पुलिस के द्वारा थाना लोदाम में अलग अलग छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11 (1) (क)( घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर, तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जप्त करते हुए जांच विवेचना में लिया गया था, व प्रकरण के फरार आरोपियों की पता साजी की जा रही थी,। विवेचना व पता साजी के दौरान पुलिस को मुखबीर से पता चला कि दिनांक 12.02.26 की गौ तस्करी के प्रकरण का संदिग्ध, आरोपी नईम साह उम्र 25 वर्ष,साईं टांगर टोली में अपने निवास में आया हुआ है, जिस पर पुलिस की टीम के द्वारा घेरा बंदी कर उसे हिरासत में लिया गया, तथा पुलिस के द्वारा दिनांक 14.04.26 के गौ तस्करी के प्रकरण में शामिल आरोपी यूसुफ खान उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम बरगी डीह, थाना रायडीह जिला गुमला को भी मुखबिर की सूचना पर ग्राम साईं टांगर टोली से हिरासत में लिया गया।

    पूछताछ पर दोनों फरार आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर आज दिनांक 10.05.26 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

    कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत, प्रधान आरक्षक विद्यासागर पैंकरा, आरक्षक धन साय राम व महेश्वर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

    डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी पर सतत नजर रखी हुई है, सक्रिय मुखबिर तंत्र को मजबूत किया गया है, थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत तीन गौ तस्करी के अलग अलग प्रकरण में फरार तीन गौ तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, गौ तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।

  • “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अटूट आस्था के 1000 वर्ष” : मयाली नेचर कैम्प में गूंजेगा संस्कृति और सनातन गौरव का स्वर, जशपुर प्रशासन ने शुरू की भव्य तैयारियां

    “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अटूट आस्था के 1000 वर्ष” : मयाली नेचर कैम्प में गूंजेगा संस्कृति और सनातन गौरव का स्वर, जशपुर प्रशासन ने शुरू की भव्य तैयारियां

    सोमनाथ स्वाभिमान पर्व “अटूट आस्था के 1000 वर्ष” का होगा आयोजन

    11 मई को मयाली नेचर कैम्प में विशेष कार्यक्रम

    कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

    जशपुर : छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 11 मई 2026 को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अटूट आस्था के 1000 वर्ष” विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यभर के जिलों में विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। जशपुर जिले में यह विशेष कार्यक्रम कुनकुरी विकासखंड स्थित मधेश्वर महादेव पर्वत (मयाली नेचर कैम्प) में आयोजित होगा। इस विशेष राष्ट्रीय गौरव कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

     इसी तारतम्य में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रोहित व्यास द्वारा कार्यक्रम की सुव्यवस्थित तैयारी एवं सफल आयोजन हेतु विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम 11 मई को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगा।

    अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुनकुरी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि जनपद पंचायत कुनकुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुनकुरी को सौंपी गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को टेंट, बैरिकेडिंग, साउंड, माइक एवं एलईडी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं एनआईसी जशपुर को कार्यक्रम स्थल पर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। नगर सेना जशपुर द्वारा अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जशपुर को चिकित्सा दल एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। उद्यानिकी विभाग को फूल-माला एवं बुके की व्यवस्था, खाद्य विभाग को अतिथियों के स्वल्पाहार तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही जिला पंचायत एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को अतिथियों की बैठक व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए दायित्व सौंपे गए हैं।

    जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयपूर्व एवं सुचारू रूप से पूर्ण की जाएं, ताकि आयोजन गरिमामय और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

  • कलिबा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान : प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में सामुदायिक भवन और हनुमान टेकरी विकास की घोषणा, धार्मिक आयोजन बना आस्था और विकास का महाकुंभ

    कलिबा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान : प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में सामुदायिक भवन और हनुमान टेकरी विकास की घोषणा, धार्मिक आयोजन बना आस्था और विकास का महाकुंभ

    मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कृति-परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

    कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

    कलिबा में सामुदायिक भवन और हनुमान टेकरी में सूर्य नमस्कार प्रतिकृति निर्माण की घोषणा

    कलिबेश्वर महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में उमड़ा श्रद्धा और आस्था का सैलाब

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विकासखंड कुनकुरी के ग्राम कलिबा में नवनिर्मित कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर का लोकार्पण भी किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी मौजूद रहीं। मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। आकर्षक सजावट और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मुख्यमंत्री ने यज्ञमंडप में हरिनाम संकीर्तन करते हुए परिक्रमा की तथा यज्ञशाला में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने मंदिर निर्माण को क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने तथा संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम भी होते हैं। हमारी सनातन संस्कृति सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देती है। उन्होंने ग्रामवासियों को नवनिर्मित मंदिर के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को आपसी भाईचारे से जोड़ते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम कलिबा में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की घोषणा की। साथ ही हनुमान टेकरी में सामुदायिक भवन एवं सूर्य नमस्कार की मुद्राओं कि प्रतिकृति निर्माण की भी घोषणा की।

     इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने 28 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने मोदी की अधिकांश गारंटियों को तेजी से लागू किया है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 27वीं किस्त के रूप में महिलाओं के खातों में 17 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्री राम का ननिहाल है और राज्य सरकार रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को भगवान श्री राम के दर्शन करा चुकी है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से देशभर के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा भी कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रदेशभर में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही राजस्व प्रकरणों के निराकरण हेतु राजस्व शिविर भी लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।

     मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जिसके लिए एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा। इस माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे तथा निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। समय पर समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के अंतर्गत प्रदेशभर में शिविर लगाकर समस्याओं का निराकरण किया जाएगा तथा 757 करोड़ रुपये के बिजली बिल माफ किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश की नवगठित 515 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का वर्चुअल शुभारंभ किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में सहकारी समितियों की संख्या बढ़कर 2 हजार 573 हो गई है। अब पैक्स समितियां बहुउद्देश्यीय सोसायटी के रूप में कार्य करेंगी, जिससे किसानों को खाद, बीज और अल्पकालीन ऋण जैसी सुविधाएं गांव के नजदीक ही उपलब्ध होंगी तथा धान खरीदी प्रक्रिया भी और अधिक सरल होगी।

     इस अवसर पर पद्मश्री जागेश्वर यादव, छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभूनाथ चक्रवर्ती, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, मंदिर समिति अध्यक्ष श्री उपेंद्र यादव, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय, पूर्व संसदीय सचिव श्री भरत साय, श्री सुनील गुप्ता, श्री मुकेश शर्मा, कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

  • कुनकुरी में विकास का मेगा ब्लास्ट : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 16 करोड़ 5 लाख की 12 बड़ी परियोजनाओं की दी सौगात, पुल, मंडी, स्कूल और महतारी सदनों से बदलेगी ग्रामीण अंचल की तस्वीर

    कुनकुरी में विकास का मेगा ब्लास्ट : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 16 करोड़ 5 लाख की 12 बड़ी परियोजनाओं की दी सौगात, पुल, मंडी, स्कूल और महतारी सदनों से बदलेगी ग्रामीण अंचल की तस्वीर

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी क्षेत्र को दी विकास कार्यों की बड़ी सौगात

    16 करोड़ 5 लाख 91 हजार रुपए के 12 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण

    उच्च स्तरीय पुल, फल सब्जी मंडी, महतारी सदन एवं हाट निर्माण से क्षेत्रवासियों को होगा लाभ

    सड़क, स्कूल, बाजार और महिला सुविधाओं को मिला नया विस्तार

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज विकासखंड कुनकुरी अंतर्गत ग्राम पंचायत कलिबा में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनहितैषी विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कुल 16 करोड़ 5 लाख 91 हजार रुपए की लागत से बनने और पूर्ण हुए 12 विकास कार्यों की सौगात क्षेत्रवासियों को दी। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, कृषि विपणन, महिला सशक्तिकरण तथा बुनियादी सुविधाओं को नया विस्तार मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, स्कूल, बाजार और महिला केंद्र जैसी आधारभूत सुविधाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी एवं भारी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

    12 करोड़ 86 लाख रुपए से अधिक के 8 कार्यों का भूमिपूजन –

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में कुल 12 करोड़ 86 लाख 3 हजार रुपए की लागत के 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके अंतर्गत

    छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन बोर्ड के माध्यम से ग्राम पंचायत कलिबा में 57.66 लाख रुपए की लागत से हाट बाजार निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसके अंतर्गत कव्हर्ड शेड, बोरवेल, यूरिनल ब्लॉक एवं सीसी रोड का निर्माण होगा। इसी प्रकार ग्राम पंचायत बेहराखार में 80.59 लाख रुपए की लागत से आधुनिक हाट बाजार निर्माण किया जाएगा। इन बाजारों के बनने से ग्रामीणों एवं किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर और सुविधाजनक स्थान मिलेगा तथा स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। लोक निर्माण विभाग (सेतु) द्वारा कलिबा-टांगरबहार (बैगाटोली) मार्ग पर 5 करोड़ 11 लाख 6 हजार रुपए की लागत से उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। वहीं बांसपतरा-दुलदुला मार्ग पर चांपाझरिया नाला में 5 करोड़ 90 लाख 80 हजार रुपए की लागत से उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। इन पुलों के निर्माण से बरसात के दिनों में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को आवागमन की बड़ी राहत मिलेगी।

    पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत प्राथमिक शाला कोरवाडेरा, प्राथमिक शाला डडगांव, माध्यमिक शाला बालक नारायणपुर तथा प्राथमिक शाला लालगोड़ा के नवीन भवन निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। प्रत्येक स्कूल भवन पर 11.48 लाख रुपए की लागत आएगी। इन भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

    3 करोड़ 19 लाख रुपए से अधिक के 4 कार्यों का लोकार्पण –

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में कुल 3 करोड़ 19 लाख 88 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए 4 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इसके तहत कृषि उपज मंडी समिति जशपुर द्वारा ग्राम पंचायत कंडोरा (महुआटोली) स्थित उपमंडी कुनकुरी में 2 करोड़ 45 लाख 78 हजार रुपए की लागत से निर्मित फल-सब्जी मंडी, गोदाम, प्लेटफार्म, टायलेट, पार्किंग एवं सीसी रोड का लोकार्पण किया गया। इस आधुनिक मंडी से किसानों एवं व्यापारियों को कृषि उपज के भंडारण और विपणन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

    इसके साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ढोढ़ीबहार, नारायणपुर एवं केराड़ीह में निर्मित महतारी सदनों का लोकार्पण भी किया गया। प्रत्येक महतारी सदन 24.70 लाख रुपए की लागत से निर्मित हुआ है। इन केंद्रों से महिलाओं को बैठक, प्रशिक्षण, स्व-सहायता समूह गतिविधियों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।

    ग्रामीण विकास को मिलेगा नया आयाम –

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से सशक्त बनाना है। पुल और सड़कों के निर्माण से जहां आवागमन आसान होगा, वहीं स्कूल भवनों से शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। आधुनिक बाजार और मंडियों से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा तथा महतारी सदन महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

  • सुशासन तिहार 2026 का बड़ा असर : सिमड़ा जनसमस्या निवारण शिविर में 5 जरूरतमंद हितग्राहियों को मिला जॉब कार्ड, गांव में रोजगार मिलने की उम्मीद हुई मजबूत

    सुशासन तिहार 2026 का बड़ा असर : सिमड़ा जनसमस्या निवारण शिविर में 5 जरूरतमंद हितग्राहियों को मिला जॉब कार्ड, गांव में रोजगार मिलने की उम्मीद हुई मजबूत

    सुशासन तिहार 2026 : सिमड़ा शिविर में 5 हितग्राहियों को मिला जॉब कार्ड

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में संचालित सुशासन तिहार में लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जा रहा है।

    इसके साथ ही हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। दुलदुला विकास खंड के ग्राम सिमड़ा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में 5 हितग्राहियों को जॉब कार्ड वितरण किया गया।

    इनमें ग्राम मकरी बंधा के जगेश्वर राम माली, गणेश राम यादव, गुलाप चन्द राम, शांता तिर्की, बालेश्वर राम शामिल हैं।

    हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब गांव में ही रोजगार मिलने से आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी।

  • कुनकुरी के कलिबा में दिखा उत्साह का माहौल : हेलिपैड पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वागत में जुटे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों ग्रामीण

    कुनकुरी के कलिबा में दिखा उत्साह का माहौल : हेलिपैड पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वागत में जुटे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों ग्रामीण

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ग्राम पंचायत कलिबा पहुंचे, हुआ आत्मीय स्वागत

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विकासखंड कुनकुरी अंतर्गत ग्राम पंचायत कलिबा पहुंचे। हाई स्कूल खेल मैदान स्थित हेलिपैड पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार शामिल थे।

  • सुशासन तिहार 2026 : 12 मई को महुआ और जशपुर नगर पालिका में लगेगा मेगा समाधान शिविर, मौके पर सुनी जाएंगी जनता की समस्याएं

    सुशासन तिहार 2026 : 12 मई को महुआ और जशपुर नगर पालिका में लगेगा मेगा समाधान शिविर, मौके पर सुनी जाएंगी जनता की समस्याएं

    सुशासन तिहार 2026 : 12 मई को महुआ और जशपुर नगर पालिका में लगेंगे शिविर, समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में “सुशासन तिहार 2026” के तहत जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों में शिविरों का आयोजन जारी है। इसी क्रम में 12 मई 2026 को बगीचा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम महुआ और नगर पालिका परिषद जशपुर में शिविर आयोजित किए जाएंगे। महुआ शिविर में महुआ, सन्ना, तोरा, डोभ, कोपा, लोरो, भादू, बहोरा, लरंगा, भंवर, कामारिमा और कवई के ग्रामीण अपनी समस्याओं व मांगों के आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

     जशपुर नगर पालिका शिविर में नगर पालिका परिषद जशपुर के वार्ड क्रमांक 01 से 15 तक के नागरिक शिविर का लाभ ले सकेंगे। सुशासन तिहार के अंतर्गत नागरिक लिखित रूप में अपने आवेदन शिविरों में देंगे, जिनका मौके पर निराकरण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निवास क्षेत्र के संबंधित शिविर में उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने शिविरों के सुचारू संचालन के लिए नोडल एवं विभागीय अधिकारियों को दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।

  • सुशासन तिहार 2026 का असर : किलकिला शिविर में 7 जरूरतमंदों को मिला पेंशन स्वीकृति आदेश, दिव्यांग हितग्राही को प्रदान किया गया श्रवण यंत्र

    सुशासन तिहार 2026 का असर : किलकिला शिविर में 7 जरूरतमंदों को मिला पेंशन स्वीकृति आदेश, दिव्यांग हितग्राही को प्रदान किया गया श्रवण यंत्र

    सुशासन तिहार 2026 : किलकिला शिविर में 7 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति, दिव्यांग को मिला श्रवण यंत्र

    जशपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रहे “सुशासन तिहार 2026” के तहत जिलेभर में लगातार समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शासन की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से प्रशासन गांव-गांव पहुंच रहा है।

    इसी क्रम में पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम किलकिला में आयोजित शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर के दौरान 7 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश वितरित किए गए, वहीं एक दिव्यांग हितग्राही को श्रवण यंत्र प्रदान कर राहत पहुंचाई गई।

    कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश एवं आवश्यक सामग्री वितरित की। शिविर में ग्रामीणों ने शासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन अब सीधे गांवों तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है।

    सुशासन तिहार के माध्यम से जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।

  • KPL चैप्टर 4 में रोमांच का विस्फोट: अजय गुप्ता और खागेश कुमार की तूफानी बल्लेबाजी से MI ने DC को 42 रन से रौंदा, आखिरी ओवर के थ्रिलर में LSG ने CSK से छीनी जीत

    KPL चैप्टर 4 में रोमांच का विस्फोट: अजय गुप्ता और खागेश कुमार की तूफानी बल्लेबाजी से MI ने DC को 42 रन से रौंदा, आखिरी ओवर के थ्रिलर में LSG ने CSK से छीनी जीत

    कुनकुरी : कुनकुरी की धरती इन दिनों क्रिकेट के महायुद्ध का गवाह बन रही है, जहां हर मुकाबला रोमांच, जुनून और सनसनी की नई कहानी लिख रहा है। कुनकुरी प्रीमियर लीग (KPL) चैप्टर 4 अब सिर्फ एक स्थानीय टूर्नामेंट नहीं रहा, बल्कि यह ऐसा क्रिकेट महाकुंभ बन चुका है जिसने पूरे क्षेत्र को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। मैदान में उतरते ही खिलाड़ी किसी योद्धा की तरह जीत के लिए भिड़ रहे हैं, दर्शकों की धड़कनें हर गेंद के साथ तेज हो रही हैं और हर चौका-छक्का पूरे मैदान को तालियों और शोर से गूंजा रहा है। शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों ने तो रोमांच की सारी हदें ही पार कर दीं, जहां एक ओर कुनकुरी इंडियंस (MI) ने धमाकेदार जीत से विरोधियों को झकझोर दिया, वहीं दूसरे मैच में कुनकुरी सुपर जायंट्स (LSG) ने आखिरी पलों में बाज़ी मारकर मैदान में सनसनी फैला दी।

    दिन के पहले मुकाबले में कुनकुरी इंडियंस (MI) और कुनकुरी कैपिटल्स (DC) आमने-सामने थीं। मैच शुरू होते ही MI के बल्लेबाजों ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए कैपिटल्स के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। खागेश कुमार ने केवल 7 गेंदों में 22 रन ठोककर टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई। इसके बाद अजय गुप्ता ने नाबाद 38 रनों की शानदार पारी खेलते हुए मैदान में चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। कृष्णा ने भी 15 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और MI ने 10 ओवर में 114 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। DC की ओर से छोटू निषाद और रविराज ने 2-2 विकेट लेकर वापसी की कोशिश की, लेकिन इंडियंस के बल्लेबाज पूरी तरह हावी रहे।

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी DC की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। शुरुआती विकेट गिरते ही पूरी टीम लड़खड़ा गई और रन बनाने के लिए संघर्ष करती दिखाई दी। रविराज ने 13 और मोहम्मद अनवर ने 18 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन MI के गेंदबाजों ने विपक्षी बल्लेबाजों को टिकने का कोई मौका नहीं दिया। अजय गुप्ता ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 3 विकेट झटके, जबकि ऋषि ठाकुर, कृष्णा और खागेश कुमार ने धारदार गेंदबाजी कर कैपिटल्स को 72 रन पर समेट दिया। इस तरह MI ने 42 रन की बड़ी जीत दर्ज कर पूरे टूर्नामेंट में अपनी ताकत का जोरदार संदेश दे दिया।

    दिन का दूसरा मुकाबला कुनकुरी सुपर किंग्स (CSK) और कुनकुरी सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला गया, जिसने दर्शकों की सांसें आखिरी गेंद तक थामे रखीं। CSK की शुरुआत खराब रही, लेकिन मन्नू मेहरा ने अकेले दम पर पारी संभालते हुए 19 गेंदों में 39 रन की तूफानी पारी खेली। राज भगत और रघु सिंह ने भी उपयोगी रन जोड़कर टीम को 78 रन तक पहुंचाया। LSG की ओर से भोले हरि ने घातक गेंदबाजी करते हुए केवल 3 रन देकर 3 विकेट झटके और मैच का पूरा रुख बदल दिया। प्रिंस कुमार ने भी शानदार गेंदबाजी कर 2 विकेट अपने नाम किए।

    जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी LSG की टीम ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। दिलीप साईं पैंकरा ने 22 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अभिषेक यादव ने 15 रन बनाकर टीम को संभाले रखा। जैसे-जैसे मैच अंतिम ओवरों में पहुंचा, मैदान का रोमांच चरम पर पहुंच गया। आखिरकार प्रिंस कुमार ने दबाव के बीच ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को 5 विकेट से शानदार जीत दिला दी। हालांकि CSK के भोले हरि ने गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

    पूरे टूर्नामेंट का संचालन बेहद भव्य और पेशेवर अंदाज में किया जा रहा है। KPL चेयरमैन सीए बिनीत कुमार जिंदल, सचिव महेश त्रिपाठी और अध्यक्ष चेतन “चिंटू” गुप्ता के नेतृत्व में आयोजन समिति लगातार इस क्रिकेट महोत्सव को सफल बनाने में जुटी हुई है। समिति सदस्य आशीष सिंह, विवेक बजाज, प्रकाश राणा, राजा बघवार, लिंकन केरकेट्टा और अर्जू नागेशिया भी आयोजन को शानदार बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

    मैदान में अंपायरिंग की जिम्मेदारी आशीष नायक, प्रीतम महंत, मयूर गर्ग, अभिषेक झा, अरविंद नांदे और सुधीर सिन्हा निभा रहे हैं, जबकि कमेंट्री बॉक्स में सुनील रे, रवि चौहान, नितीश शर्मा, राहुल बजाज, राकेश सिंह, ओम गुप्ता और विनय संवाशी अपनी दमदार आवाज से दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ा रहे हैं। स्कोरिंग का जिम्मा सारांश सिंह “गन्नू” और समीम शेख संभाल रहे हैं।

    KPL चैप्टर 4 में विजेता टीम को ₹1,00,000, उपविजेता को ₹51,000, तीसरे स्थान पर ₹21,000 और चौथे स्थान पर ₹11,000 के साथ आकर्षक ट्रॉफी दी जाएगी। लगातार हो रहे रोमांचक मुकाबलों ने इस टूर्नामेंट को कुनकुरी ही नहीं, पूरे क्षेत्र का सबसे चर्चित क्रिकेट आयोजन बना दिया है। अब हर किसी की नजर अगले मुकाबलों पर टिकी है, जहां फिर नई जंग, नया रोमांच और नई सनसनी देखने को मिलेगी।