अखिल भारतीय कंवर समाज पमशाला केंद्रीय कार्यालय में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन
राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर डाला प्रकाश
जशपुर : भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय कंवर समाज के पमशाला स्थित केंद्रीय कार्यालय में जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा एवं वीर शहीद सीताराम कंवर के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके त्याग, संघर्ष एवं बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उनके जीवन संघर्ष, अदम्य साहस, जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा तथा देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।

श्रीमती कौशल्या साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जनजातीय समाज में स्वाभिमान, एकता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता की अलख जगाई। उनका संघर्ष और बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमें अपने महापुरुषों, वीर शहीदों और गौरवशाली जनजातीय परंपराओं को याद करने तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश देता है।
इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भरत साय,महासचिव मंगरू साय पैंकरा,पूर्व महासचिव भजन साय,राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हेमंत साय, आर एन साय ,सुशीला पैंकरा, हेमंती साय,राकेश पैंकरा,राजकुमारी साय, देवंती पैंकरा,राधिका पैंकरा,स्वधा साय, बिलासो पैंकरा,सरिता पैंकरा,वेदप्रकाश भगत सहित अखिल भारतीय कंवर समाज के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने और समाज की एकता, संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
