Category: जशपुर

  • KPL चैप्टर 4 में रोमांच चरम पर! RCB ने KKR को रौंदा, RR ने LSG को किया तहस-नहस — कुनकुरी मैदान में चौकों-छक्कों और विकेटों की बारिश से गूंजा क्रिकेट का महाकुंभ

    KPL चैप्टर 4 में रोमांच चरम पर! RCB ने KKR को रौंदा, RR ने LSG को किया तहस-नहस — कुनकुरी मैदान में चौकों-छक्कों और विकेटों की बारिश से गूंजा क्रिकेट का महाकुंभ

    अतुल पैंकरा की घातक गेंदबाजी और शोएब अख्तर खानबी की विस्फोटक बल्लेबाजी ने लूटी महफिल… KPL चैप्टर 4 में रोमांच पहुंचा चरम पर!

    कुनकुरी : नगर का खेल मैदान सोमवार को क्रिकेट के ऐसे महासंग्राम का गवाह बना, जहां हर गेंद पर रोमांच और हर ओवर में सनसनी देखने को मिली। KPL चैप्टर 4 अब अपने सबसे धमाकेदार दौर में पहुंच चुका है, जहां जीत के लिए टीमें मैदान में पूरी ताकत झोंकती नजर आ रही हैं। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में चौकों-छक्कों की बारिश, विकेटों की सनसनी और खिलाड़ियों के जोश ने ऐसा माहौल बनाया कि हर कोई क्रिकेट के जुनून में डूब गया। सोमवार को खेले गए दोनों मुकाबलों में Royal Challengers Kunkuri (RCB) और Kunkuri Royals (RR) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यादगार जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी।

    दिन के मुकाबलों को और खास बनाने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में SDM कुनकुरी नंदजी पांडे उपस्थित रहे। उनके साथ पारस शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और KPL आयोजन समिति के भव्य आयोजन की जमकर सराहना की। मैदान में मौजूद दर्शकों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट से अतिथियों का स्वागत किया।

    पहले मुकाबले में Royal Challengers Kunkuri (RCB) और Kunkuri Knight Riders (KKR) आमने-सामने थीं। RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 85 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। सौरभ साहू ने 22 रन की संयमित पारी खेली, जबकि अमित कुमार बाघे ने तूफानी अंदाज में 20 रन बनाकर मैच में तेजी ला दी। अंत में अतुल पैंकरा ने नाबाद 18 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। अजय बंजारे ने 19 रन और सुनील कुमार यादव ने 16 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन RCB के गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। खासकर अतुल पैंकरा ने अपनी घातक गेंदबाजी से मैच का पूरा रुख बदल दिया। उन्होंने 3 विकेट झटककर KKR की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और RCB को 14 रन की शानदार जीत दिला दी। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया।

    दिन का दूसरा मुकाबला Kunkuri Royals (RR) और Kunkuri Super Giants (LSG) के बीच खेला गया, जहां रॉयल्स ने पूरी तरह एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज कर मैदान में अपना दबदबा साबित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए LSG की टीम RR के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई और 10 ओवर में केवल 67 रन पर सिमट गई। अविनाश चौहान ने 13 रन और अभिषेक यादव ने 9 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन रॉयल्स के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा।

    प्रेमांशु पांडा और एमडी फैज अंसारी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके और LSG की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी RR की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान शोएब अख्तर खानबी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 48 रन की शानदार पारी खेली और मैदान में चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर RR ने 9 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर ली।

    KPL चैप्टर 4 में इस वर्ष विजेता टीम को ₹1,00,000, उपविजेता को ₹51,000, तृतीय पुरस्कार ₹21,000 और चतुर्थ पुरस्कार ₹11,000 के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। यही वजह है कि हर टीम मैदान में जीत के लिए पूरी ताकत के साथ उतर रही है और दर्शकों को लगातार हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।

    पूरे टूर्नामेंट का सफल संचालन KPL चेयरमैन सीए बिनीत कुमार जिंदल, सचिव महेश त्रिपाठी और KPL अध्यक्ष चेतन “चिंटू” गुप्ता के नेतृत्व में शानदार ढंग से किया जा रहा है। आयोजन समिति में आशीष सिंह, विवेक बजाज, प्रकाश राणा, राजा बघवार, लिंकन केरकेट्टा, अर्जू नागेसिया और कनाम लगातार अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

    मैदान में कमेंट्री की जिम्मेदारी सुनील राय, रवि चौहान, नितीश शर्मा, राहुल बजाज, राकेश सिंह, ओम गुप्ता और विनय संवाशी ने संभाली, जिन्होंने अपने जोशीले अंदाज से दर्शकों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया। स्कोरिंग का कार्य सारांश सिंह “गन्नू” और शमीम शेख द्वारा किया गया, जबकि अंपायरिंग आशीष नायक, प्रीतम महंत, मयूर गर्ग, अभिषेक झा, अरविंद नांदे और सुधीर सिन्हा ने निष्पक्ष तरीके से निभाई।

    KPL चैप्टर 4 अब रोमांच के उस मुकाम पर पहुंच चुका है जहां हर मैच नई कहानी लिख रहा है। कुनकुरी में क्रिकेट का यह महाकुंभ लगातार और भी भव्य, रोमांचक और ऐतिहासिक होता जा रहा है।

  • कलेक्टर रोहित व्यास की बड़ी पहल! अब पत्थलगांव में ही मिलेगा राजस्व न्याय, हर महीने लगेगा ‘कलेक्टर लिंक कोर्ट’ और जनदर्शन

    कलेक्टर रोहित व्यास की बड़ी पहल! अब पत्थलगांव में ही मिलेगा राजस्व न्याय, हर महीने लगेगा ‘कलेक्टर लिंक कोर्ट’ और जनदर्शन

    कलेक्टर रोहित व्यास की पहल : अब पत्थलगांव क्षेत्र के लोगों को मिलेगा घर के पास राजस्व न्याय

    हर माह के चौथे गुरुवार को पत्थलगांव में लगेगा कलेक्टर लिंक कोर्ट और जनदर्शन

    28 मई को होगा पहला आयोजन

    कलेक्टर रोहित व्यास ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

    जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास की अभिनव पहल से अब पत्थलगांव क्षेत्र के लोगों को राजस्व मामलों के निराकरण के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला प्रशासन ने आमजन को स्थानीय स्तर पर त्वरित न्याय और प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पत्थलगांव में प्रत्येक माह के चौथे गुरुवार को “कलेक्टर लिंक कोर्ट” आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही जनदर्शन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रवासी सीधे कलेक्टर को अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था के तहत पहला जनदर्शन एवं लिंक कोर्ट 28 मई 2026 को आयोजित होगा। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में लिंक कोर्ट की आवश्यक तैयारी एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर लिंक कोर्ट की शुरुआत से पत्थलगांव क्षेत्र के नागरिकों को नामांतरण, सीमांकन, अपील, भू-अर्जन, त्रुटि सुधार, डायवर्सन एवं अन्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए अब जशपुर जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। स्थानीय स्तर पर ही सुनवाई होने से लोगों के समय, धन और श्रम की बचत होगी तथा वर्षों से लंबित मामलों के निराकरण में तेजी आएगी। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि आम नागरिकों को छोटी-छोटी प्रशासनिक एवं राजस्व समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से दूरस्थ क्षेत्र पत्थलगांव में लिंक कोर्ट एवं जनदर्शन की व्यवस्था प्रारंभ की जा रही है। इस दौरान बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।

    राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश –

    कलेक्टर श्री व्यास ने राजस्व अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में

    कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नामांतरण, डायवर्सन, भू-अर्जन, त्रुटि सुधार, सीमांकन, स्वामित्व योजना, आरबीसी 6-4 सहित सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाए। बैठक में एग्रीस्टेक के अंतर्गत किसान पंजीयन के लंबित वेरिफिकेशन एवं स्वीकृति प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलदारों एवं पटवारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर शीघ्र निराकृत किया जाए। उन्होंने स्वामित्व योजना, मसाहती गांव सर्वेक्षण, किसान किताब में आधार प्रविष्टि, डिजिटल हस्ताक्षर से अभिलेख सत्यापन, भू-नक्शा अद्यतन, भू-बंटन रिकॉर्ड दुरुस्ती तथा त्रुटि सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि राजस्व विभाग के मैदानी अमले सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि आम जनता को प्रकरणों के निराकरण में त्वरित लाभ मिल सके। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को भी विशेष अभियान चलाकर शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए।

  • जशपुर में ट्रांसजेंडर समुदाय को मिलेगी नई पहचान! विशेष अभियान चलाकर बनाए जाएंगे पहचान प्रमाण पत्र, शासन की योजनाओं से जोड़ा जाएगा

    जशपुर में ट्रांसजेंडर समुदाय को मिलेगी नई पहचान! विशेष अभियान चलाकर बनाए जाएंगे पहचान प्रमाण पत्र, शासन की योजनाओं से जोड़ा जाएगा

    जशपुर में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के पहचान प्रमाण पत्र बनाने चलेगा विशेष अभियान

    कलेक्टर के निर्देश पर जनपद पंचायत और नगरीय निकाय स्तर पर होगा चिन्हांकन

    शासन की योजनाओं से जोड़ा जाएगा

    जशपुर : छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग के निर्देशानुसार जशपुर जिले में उभयलिंगी (ट्रांसजेंडर) वर्ग के व्यक्तियों के चिन्हांकन एवं पहचान प्रमाण पत्र जारी करने के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास द्वारा इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशानुसार जिले में ऐसे व्यक्तियों की पहचान की जाएगी, जो स्वयं को उभयलिंगी अथवा ट्रांसजेंडर के रूप में मानते हैं। यह चिन्हांकन जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर किया जाएगा, ताकि पात्र व्यक्तियों तक शासन की सुविधाओं और योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। चिन्हित ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को सप्ताह के किसी भी मंगलवार को शासकीय जिला चिकित्सालय, जशपुर में उपस्थित कराया जाएगा। यहां उनका आवश्यक रक्त परीक्षण एवं मनोवैज्ञानिक जांच की जाएगी। जिला चिकित्सालय स्तर पर परीक्षण में संबंधित व्यक्ति के उभयलिंगी होने की पुष्टि होने पर उनका ऑनलाइन पहचान प्रमाण पत्र एवं प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।

     शासन द्वारा जारी पहचान प्रमाण पत्र के माध्यम से ट्रांसजेंडर वर्ग के व्यक्तियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इससे उन्हें सामाजिक पहचान मिलने के साथ-साथ शासन की सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

    कलेक्टर द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे व्यक्तियों की सूची तैयार कर उसकी प्रति उप संचालक समाज कल्याण कार्यालय, जशपुर को उपलब्ध कराएं। साथ ही चिन्हित व्यक्तियों को जांच एवं परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय में उपस्थित कराना सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने इस अभियान को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानपूर्वक पहचान दिलाने एवं उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके।

  • सुशासन तिहार 2026 में जनता की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान! 13 मई को बोडोकछार, चोंगरीबहार, बगीचा और कोतबा में लगेगा प्रशासन का जनदरबार

    सुशासन तिहार 2026 में जनता की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान! 13 मई को बोडोकछार, चोंगरीबहार, बगीचा और कोतबा में लगेगा प्रशासन का जनदरबार

    13 मई को बोडोकछार, चोंगरीबहार, नगर पंचायत बगीचा एवं कोतबा में शिविर का होगा आयोजन

    शिविर में समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में “सुशासन तिहार 2026” के तहत जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों में शिविरों का आयोजन जारी है। इसी क्रम में 13 मई 2026 को कुनकुरी जनपद पंचायत अंतर्गत् ग्राम बोडोकछार, कांसाबेल जनपद पंचायत अंतर्गत् ग्राम पंचायत चोंगरीबहार नगर पंचायत बगीचा एवं नगर पंचायत कोतबा में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

    बोडोकछार शिविर में बोड़ोकछार, खण्डसा, रायकेरा, धुमाडांड, कण्डोरा, बेमताटोली, लोधमा, भण्डरी, जोकारी, कमतरा, दाराखरिका, नारायणपुर, रानीकोम्बो, खूटगांव, खरवाटोली, कुडूकेला और सेन्द्रीमुण्डा के ग्रामीण अपनी समस्याओं व मांगों के आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। इसी प्रकार चोंगरीबहार के शिविर में बगिया, बांसबहार, चोंगरीबहार, कोरंगा, कटंगखार, देवरी, दोकडा, पतरापाली, नक्टीमुण्डा, शब्दमुण्डा, कोटानपानी, तिलंगा और सेमरकछार के ग्रामीण अपनी समस्याओं व मांगों के आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे तथा नगर पंचायत बगीचा एवं कोतबा के शिविर में नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 01 से 15 तक के नागरिक शिविर का लाभ ले सकेंगे।

    सुशासन तिहार के अंतर्गत नागरिक लिखित रूप में अपने आवेदन शिविरों में देंगे, जिनका मौके पर निराकरण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निवास क्षेत्र के संबंधित शिविर में उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने शिविरों के सुचारू संचालन के लिए नोडल एवं विभागीय अधिकारियों को दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।

  • ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई! तस्करों के चंगुल से 27 गौवंश मुक्त, पुलिस को देख जंगल में ट्रक छोड़ फरार हुए आरोपी

    ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई! तस्करों के चंगुल से 27 गौवंश मुक्त, पुलिस को देख जंगल में ट्रक छोड़ फरार हुए आरोपी

    मामला थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम भलमंडा का

    तस्कर एक ट्रक में ले जा रहे थे गौ वंशों को, झारखंड की ओर, पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को देख, ट्रक छोड़ हो गए फरार

    मामले में थाना लोदाम में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11 (1)(क)( घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध

    पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक JH –01.AR –7060 को भी किया जप्त

    जशपुर : आज सुबह करीबन 04.00 बजे के आसपास थाना लोदाम पुलिस टीम, पेट्रोलिंग पर थी, इसी दौरान रूपसेरा के पास, नेशनल हाइवे पर एक संदिग्ध ट्रक क्रमांक JH -01.AR -7060 जशपुर की ओर से आ रहा था, पुलिस की टीम को संदेह होने पर, उक्त ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, परंतु ट्रक का चालक ट्रक को न रोककर, तेजी से भगाने लगा, जिस पर पुलिस की टीम के द्वारा उक्त संदिग्ध ट्रक का पीछा किया जाने लगा, आगे चलकर रास्ते में भलमंडा चौक के पास, पुलिस को पीछा करते देख, उसमें बैठे आरोपी ट्रक को छोड़कर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए, पुलिस की टीम जब संदिग्ध ट्रक पास पहुंची, तो पाया कि ट्रक के ट्रॉली में 27 नग गौ वंशों को ठूंस ठूंस कर भरा गया था, पुलिस ने सभी 27 नग गौ वंशों को सकुशल बरामद करते हुए, पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है।

    पुलिस के द्वारा थाना लोदाम में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11 (1)(क)( घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है, पुलिस के द्वारा संदिग्ध ट्रक को भी जप्त किया गया है, पुलिस फरार आरोपियों की पता साजी कर रही है। मामले में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जावेगी।

    कार्यवाही व गौ वंशों की सकुशल बरामदगी में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक बसंत खुटिया, सुरेन्द्र एक्का व गजानंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

    डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि लोदाम क्षेत्र में गौ तस्करी कर रहे एक ट्रक से 27 नग गौ वंशों को छुड़ाया गया है, पुलिस फरार आरोपियों की पता साजी कर रही है, मामले में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा, ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है।

  • जशपुर में विकास योजनाओं पर कलेक्टर रोहित व्यास का सख्त रुख! बोले — स्वच्छता से बनती है गांव और शहर की पहचान, लापरवाही करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

    जशपुर में विकास योजनाओं पर कलेक्टर रोहित व्यास का सख्त रुख! बोले — स्वच्छता से बनती है गांव और शहर की पहचान, लापरवाही करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

    स्वच्छता से बनती है शहर और ग्रामों की अच्छी छवि, जिम्मेदारी के साथ स्वच्छ भारत मिशन का प्रभावी क्रियान्वयन करें सुनिश्चित : कलेक्टर रोहित व्यास

    आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों की अपार आईडी अनिवार्य रूप से बनाने के निर्देश

    कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की

    जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य विभाग, मत्स्य पालन विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार भी उपस्थित रहे। खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने राशन कार्डधारियों के ई-केवाईसी कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन कार्डों से मृत व्यक्तियों के नाम हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र हितग्राहियों तक ही पहुंचना चाहिए। साथ ही उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के शेष पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत शीघ्र गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा इस योजना के लाभार्थियों का ई-केवाईसी कार्य भी समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन दुकानों में समय पर वितरण सुनिश्चित करने और नियमित स्टॉक वेरिफिकेशन करने को कहा।

     महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने शेष आंगनबाड़ी भवनों एवं उनमें शौचालय निर्माण कार्य जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लंबित ई-केवाईसी कार्य को शीघ्र पूरा करने, रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने तथा शेष आंगनबाड़ी भवनों में विद्युतीकरण कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित सभी बच्चों की आपार आईडी अनिवार्य रूप से बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे बच्चों का डिजिटल शैक्षणिक रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और भविष्य में विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने पेंशन हितग्राहियों के आधार सीडिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

     मत्स्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने शेष शासकीय तालाबों का नियमानुसार पट्टा वितरण करने, एनएफडीबी अंतर्गत मत्स्य पालक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित कराने तथा उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, पीएम जनमन आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में संचालित सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ताहीन निर्माण पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

     राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में कलेक्टर ने स्व-सहायता समूहों में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने, रोजगार के अवसरों में वृद्धि हेतु बैंक लिंकेज बढ़ाने तथा महिलाओं द्वारा संचालित उद्यमों को ऋण वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे वे रोजगारमूलक गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी। साथ ही ग्रामीणों विशेषकर विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के लोगों को उनकी रुचि आधारित कार्यों में प्रशिक्षण देकर बाजार से जोड़ने के निर्देश दिए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।

     स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ओडीएफ प्लस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा संग्रहण व्यवस्था, हाट-बाजारों की नियमित साफ-सफाई, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट तथा स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने इन सभी योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शहर, ग्रामों और राज्य की अच्छी छवि उसकी साफ-सफाई से भी बनती है, इसे अपनी जिम्मेदारी मानकर इन सभी कार्यक्रमों का जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

  • मधेश्वर पहाड़ से सोमनाथ तक जुड़ी आस्था की विराट कड़ी! 75वें पुनर्निर्माण दिवस पर जशपुर में विश्व के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग की हुई विशेष पूजा-अर्चना

    मधेश्वर पहाड़ से सोमनाथ तक जुड़ी आस्था की विराट कड़ी! 75वें पुनर्निर्माण दिवस पर जशपुर में विश्व के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग की हुई विशेष पूजा-अर्चना

    प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति को मिला नया गौरव : मुख्यमंत्री श्री साय

    75 वर्ष पूर्व आज ही के दिन सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण का कार्य हुआ था पूरा

    विश्व के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग मधेश्वर पहाड़ की विधि विधान से की गई पूजा अर्चना

    मयाली डेम खण्डसा से वर्चुअल के माध्यम से सीधे जुड़े थे ग्रामवासी

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं के साथ गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई पूजा – अर्चना का अवलोकन कर उनका संबोधन सुना। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान सोमनाथ मंदिर के स्वर्णिम इतिहास, विदेशी आक्रांताओं द्वारा किए गए हमलों, मंदिर के पुनरनिर्माण यात्रा, वर्तमान सरकार द्वारा किये जा रहे आस्था के केंद्रों का संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प सहित विभिन्न विषयों पर अपनी बातें देशवासियों से साझा की।

    जशपुर जिले से कुनकुरी विकास खंड के मयाली में विश्व के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग मधेश्वर पहाड़ की भी जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों ने विधी विधान से पूजा अर्चना की।

    मयाली डेम से खण्डसा से वर्चुअल के माध्यम से सभी आनलाइन के माध्यम से सीधे जुड़े थे।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 75 वर्ष पूर्व आज ही के दिन सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण का कार्य पूर्ण हुआ था और इसी ऐतिहासिक अवसर को देशभर में स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर पर अनेक बार बाहरी आक्रांताओं द्वारा हमले किए गए, लेकिन मंदिर की आस्था और परंपरा को समाप्त नहीं किया जा सका। श्री साय ने कहा कि पहली बार आक्रमण के दौरान मंदिर के पुजारियों और श्रद्धालुओं ने मंदिर नहीं छोड़ा तथा अपने प्राणों का बलिदान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका त्याग आज भी इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।

    श्री साय ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के बाद तत्कालीन गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि उस समय देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने तमाम विरोधों के बावजूद सोमनाथ मंदिर पहुंचकर पुनर्निर्मित मंदिर के लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लिया था। श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को नया गौरव मिला है। उन्होंने कहा कि आज देशभर के प्रमुख तीर्थ स्थलों, मंदिरों और धार्मिक स्थलों का विकास तेजी से हो रहा है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि बनारस के काशी विश्वनाथ, उज्जैन स्थित महाकाल से लेकर सोमनाथ मंदिर तक व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं।

    जशपुर जिले से कुनकुरी विकास खंड के मयाली डेम से एसडीएम कुनकुरी श्री नन्द जी पांडे, डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा जनपद पंचायत सीईओ श्री प्रमोद सिंह,भरत सिंह, जनप्रतिनिधिगण और ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

  • ‘कामकाज प्रभावित’ खबर पर प्रशासन का पलटवार! तमता पंचायत में सचिव की पदस्थापना होने का दावा, अफवाहों पर लगाया विराम

    ‘कामकाज प्रभावित’ खबर पर प्रशासन का पलटवार! तमता पंचायत में सचिव की पदस्थापना होने का दावा, अफवाहों पर लगाया विराम

    ग्राम पंचायत तमता में सचिव न होने की खबर का खंडन, कार्य सुचारु रूप से जारी

    जशपुर : समाचार पत्रों में प्रकाशित “ग्राम पंचायत तमता में सचिव नहीं होने से कार्य प्रभावित” संबंधी खबर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पत्थलगांव ने स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने बताया कि तत्कालीन सचिव के निलंबन के बाद जिला कार्यालय के आदेश पर सचिव की पदस्थापना कर दी गई है। वर्तमान में ग्राम पंचायत तमता का कोई भी कार्य प्रभावित नहीं हो रहा है और सभी कार्य सुचारु रूप से जारी हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रकाशित समाचार को गलत बताते हुए उसका खंडन किया है।

  • अब गेस्ट हाउस नहीं बनेंगे राजनीतिक अड्डे! जशपुर में उप निर्वाचन की घोषणा होते ही प्रशासन एक्शन मोड में, विश्राम भवनों के उपयोग पर कड़े नियम लागू

    अब गेस्ट हाउस नहीं बनेंगे राजनीतिक अड्डे! जशपुर में उप निर्वाचन की घोषणा होते ही प्रशासन एक्शन मोड में, विश्राम भवनों के उपयोग पर कड़े नियम लागू

    नगर पालिका त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 : जशपुर जिले में आदर्श आचरण संहिता लागू, विश्राम भवनों के उपयोग पर प्रतिबंध

    जशपुर : छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर द्वारा नगर पालिका त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 का कार्यक्रम जारी किए जाने के साथ ही जिले में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है।

    आदर्श आचरण संहिता के प्रमुख प्रावधान:

    निर्वाचन घोषणा से निर्वाचन समाप्ति तक राजनीतिक दल के व्यक्ति, मंत्रीगण, सार्वजनिक उपक्रमों के पदाधिकारी आदि शासकीय व अर्द्धशासकीय विश्राम भवन, सर्किट हाउस, गेस्ट हाउस, छत्तीसगढ़ भवन आदि में चुनाव प्रचार या राजनीतिक उद्देश्य से न ठहर सकते हैं और न ही राजनीतिक गतिविधि कर सकते हैं।

    ठहरने व सुविधाओं के नियम:

     पात्रतानुसार व उपलब्धता पर कक्ष दिया जा सकता है, लेकिन निर्धारित राशि जमा कर रसीद दी जाएगी। टेलीफोन के लिए अलग रजिस्टर* रखा जाएगा और कॉल की राशि तुरंत ली जाएगी। भोजन की व्यवस्था नहींकी जाएगी। राजनीतिक बैठक या विचार-विमर्श की अनुमति नहीं होगी। एक रजिस्टर में आगंतुक का नाम, पता, ठहरने का प्रयोजन, ली गई राशि आदि का ब्यौरा दर्ज होगा। एक व्यक्ति को अधिकतम 47 घंटे के लिए ही कक्ष आरक्षित किया जाएगा।

    कक्ष आरक्षण पर 3 से अधिक वाहन लाने की अनुमति नहीं होगी। जिन भवनों में निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक ठहरे हैं, वहां किसी अन्य राजनीतिक व्यक्ति को कक्ष नहीं दिया जाएगा।

    आरक्षण का अधिकार व प्राथमिकता:

    जिला मुख्यालय में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, अनुविभागीय मुख्यालय में एसडीएम, अन्य स्थानों पर तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी आरक्षण करेंगे। प्राथमिकता क्रम में निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी व उनके अधिकारी, निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी शामिल हैं। उनके लिए कक्ष सदैव आरक्षित रहेगा। इसके बाद ही अन्य को कक्ष आवंटित किया जाएगा। यह प्रतिबंध निर्वाचन प्रक्रिया समाप्ति तक संपूर्ण जशपुर जिले में लागू रहेगा।

  • जशपुर में उप निर्वाचन 2026 का बिगुल! वार्ड 08, 14 समेत 22 ग्राम पंचायतों में लागू हुई आदर्श आचरण संहिता, प्रशासन हुआ अलर्ट

    जशपुर में उप निर्वाचन 2026 का बिगुल! वार्ड 08, 14 समेत 22 ग्राम पंचायतों में लागू हुई आदर्श आचरण संहिता, प्रशासन हुआ अलर्ट

    जशपुर में उप निर्वाचन 2026 : वार्ड 08, 14 व 23 ग्राम पंचायतों में आदर्श आचरण संहिता लागू

    जशपुर : छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर द्वारा नगरपालिका क्षेत्र जशपुर के वार्ड क्रमांक 08, 14 एवं जनपद पंचायत क्षेत्र की 22 ग्राम पंचायतों में उप निर्वाचन 2026 कराए जाने की घोषणा कर दी गई है।

    निर्वाचन वाले क्षेत्र:

     वार्ड: 08, 14 और ग्राम पंचायत चौलीटांगरटोली, सांईटांगरटोली, बालाछापर, पिल्खी, पोड़ी, गजमा, पटिया, अंधरझर, सिरिमकेला, कस्तुरा, कण्डोरा, गड़ाकटा, डोंगादरहा, पुसरा, कोडलिया, सन्ना, जुजगू, भितघरा, बगडोल, जुरगुम, हर्राडीपा, चम्पा, छातासरई निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।

     निर्वाचन की घोषणा तिथि से ही इन क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है, जो निर्वाचन सम्पन्न होने तक अथवा आगामी आदेश पर्यन्त लागू रहेगी। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों व आमजन से आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।