Category: जशपुर

  • कांसाबेल में श्रद्धा और उत्साह का संगम: बाबा गुरु घासीदास जयंती धूमधाम से संपन्न, जय सतनाम के उद्घोष संग निकली भव्य शोभायात्रा, पंथी नृत्य ने मोहा मन

    कांसाबेल में श्रद्धा और उत्साह का संगम: बाबा गुरु घासीदास जयंती धूमधाम से संपन्न, जय सतनाम के उद्घोष संग निकली भव्य शोभायात्रा, पंथी नृत्य ने मोहा मन

    जशपुर-कांसाबेल : नगर कांसाबेल में 18 दिसंबर को सतनाम पंथ के प्रवर्तक, समाज सुधारक एवं महान संत बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर सतनाम अनुयायियों द्वारा जय सतनाम के जयघोष के साथ बाबा गुरु घासीदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

    ततपश्चात नगर में पंथी दल के साथ भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए तथा पंथी दल के द्वारा अपना कला, पंथी नृत्य का मनोहर प्रस्तुति दिया। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुज़री, जिसका नागरिकों ने स्वागत किया।

    कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का संदेश “मनखे-मनखे एक समान” आज भी समाज को एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देता है। उनके विचारों को आत्मसात कर ही एक समतामूलक समाज का निर्माण संभव है।

    अंत में सामूहिक प्रसाद एवं भोजन वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

  • पुलिस त्वरित कार्रवाई : करंट से हुई दो मौतों का खुलासा, चार दिन में खुला दो युवकों की गुमशुदगी का राज, डेम से बरामद हुई लाशें, साक्ष्य छिपाने की साजिश नाकाम, जशपुर पुलिस द्वारा एक आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल.

    पुलिस त्वरित कार्रवाई : करंट से हुई दो मौतों का खुलासा, चार दिन में खुला दो युवकों की गुमशुदगी का राज, डेम से बरामद हुई लाशें, साक्ष्य छिपाने की साजिश नाकाम, जशपुर पुलिस द्वारा एक आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल.

    मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 14 दिसंबर 2025 को मृतक विलियम कुजूर उम्र 31 वर्ष व दिलीप राम खड़िया निवासी ग्राम सेरमाटोली, चौकी कोल्हेनझरिया व थाना तुमला जिला जशपुर (छग) के परिजनों ने थाना तुमला में सूचना दर्ज कराई थी कि दिनांक 12 दिसंबर 2025 को मृतक विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया अपने कुछ साथियों के साथ ग्राम डांगबंधी के जंगल की ओर चिड़िया मारने हेतु गए हुए थे, जंगल में उनके कुछ साथी अन्य रास्ते से घर लौट आए,  मृतक विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया दूसरे रास्ते से घर लौट रहे थे, परंतु देर रात तक घर नहीं पहुंचे, जिस पर विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया के परिजनों व उनके साथ जंगल गए साथियों के द्वारा, जंगल जाकर खोज बीन किया जा रहा था, आस पास रिश्तेदारों में भी पतासाजी किया गया, कहीं पता नहीं चला।

    परिजनों की सूचना थाना तुमला में गुम इंसान दर्ज कर जांच पतासाजी व विवेचना में लिया गया था।

    पतासाजी के दौरान पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, ग्राम डांगबंधी के जंगल व आसपास के इलाकों में दोनों गुम व्यक्ति विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया की खोज बीन की जा रही थी, साथ ही उनके साथ जंगल गए साथियों से भी पुलिस विस्तृत पूछताछ कर रही थी। चूंकि दोनों व्यक्ति अचानक गायब हुए थे, अतः पुलिस के द्वारा किसी संज्ञेय अपराध की अंदेशा में पारिवारिक विवाद, दुश्मनी जैसे दूसरे एंगल पर भी जांच की जा रही थी। पुलिस उक्त संबंध में ग्रामीणों से भी कथन ले रही थी, साथ ही पुलिस की मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से पता चला कि ग्राम डांग बंधी के एक व्यक्ति आरोपी आयटू लोहार, उम्र 30 वर्ष को डांग बंधी के कागजपुडा डेम के पास घूमते हुए देखा गया है व उसकी गतिविधि भी संदिग्ध प्रतीत होती है, जिस पर पुलिस के द्वारा आरोपी आयटू लोहार को हिरासत में लिया गया।

    आरोपी आयटू लोहार से पूछताछ करने पर वह बार-बार अपना बयान बदल कर, पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, परंतु पुलिस के मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आगे वह झुक गया और बताया कि दिनांक 12 दिसंबर 2025 को उसके द्वारा ग्राम डांगबंधी के ही अपने चार साथियों के साथ मिल कर, जंगल के पास एक अरहर के खेत में, जंगली सूअर को मारने के लिए खुला बिजली का तार बिछाया गया था। रात्रि में वे जंगली सूअर के करंट से मरने के अंदेशा पर, बिजली करंट तार बिछाए, अरहर के खेत के पास जाकर देखा गया तो पाया कि  करंट की चपेट में आकर पड़ोसी ग्राम सेरमाटोली के दो व्यक्ति क्रमशः विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया की मृत्यु हो गई थी। जिससे भय में आकर उनके द्वारा  बिजली के तार को हटा कर, साक्ष्य छिपाने के लिए, दोनों के शव को बोरे में भर कर, कुछ दूरी पर स्थित कागजपुड़ा डेम में, बेशरम के पौधे की झाड़ी के नीचे छुपा दिया गया है।

    आरोपी आयटू लोहार की निशानदेही पर पुलिस के द्वारा काग़जपुड़ा डेम से, दोनों गुम इंसान विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया के शव को बरामद कर लिया गया है। घटना-स्थल के निरीक्षण व शव के पंचनामा के पश्चात डॉक्टर से शव का पोस्ट मार्टम कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर के द्वारा मृत्यु का कारण करंट से झुलस कर होना बताने पर, पुलिस के द्वारा मामले के आरोपियों के विरुद्ध थाना तुमला में बीएनएस की धारा 105,238 व 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

    पुलिस के द्वारा आरोपी आयटू लोहार की निशानदेही पर मामले से जुड़े अन्य चारों आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया गया है, जो कि मौके से फरार है। पुलिस के द्वारा लगातार उनकी पातासाजी की जा रही है, उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।

    प्रकरण की जांच व खुलासे में एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।  उनके नेतृत्व में ही दोनों व्यक्तियों के गुम होने के सूचना दिनांक 14 दिसंबर 2025 से चार दिवस के भीतर मामले का खुलासा करते हुए, गुम व्यक्तियों के शवों को बरामद करते हुए एक आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली है। शेष अन्य आरोपियों की भी पहचान हो गई है।

    प्रकरण से जुड़े आरोपी आयटू लोहार उम्र 30 वर्ष के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है, अग्रिम कार्यवाही जारी है।

  • प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई दिशा—जशपुर में जिला प्रशासन की पहल से फ्री CGPSC टेस्ट-सीरीज़ शुरू

    प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई दिशा—जशपुर में जिला प्रशासन की पहल से फ्री CGPSC टेस्ट-सीरीज़ शुरू

    जशपुर के युवाओं के लिए अवसर—नवसंकल्प में निःशुल्क सीजीपीएससी टेस्ट-सीरीज़ शुरू

    जिला प्रशासन की पहल से 18 टेस्टों की तैयारी योजना, अभ्यर्थियों को मिलेगा तैयारी का लाभ

    जशपुर : नवसंकल्प शिक्षण संस्थान, जशपुर में आगामी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग प्रारंभिक परीक्षा 2025 के लिए निःशुल्क टेस्ट-सीरीज़ शुरू की गई है। यह पहल जिला प्रशासन के सहयोग से की गई है, ताकि जिले के युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। सीजीपीएससी 2025 की अधिसूचना पहले ही जारी हो चुकी है और इस वर्ष कुल 265 पदों के लिए भर्ती प्रस्तावित है। प्रतियोगी छात्रों की तैयारी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नवसंकल्प में 17 दिसम्बर 2025 से टेस्ट-सीरीज़ प्रारंभ कर दी गई है, जिसका अंतिम चरण 14 फरवरी 2026 को पूरा होगा।

    इस टेस्ट-सीरीज़ में कुल 18 टेस्ट शामिल किए गए हैं। पहले चरण में 10 टेस्ट विभिन्न टॉपिक्स पर आधारित होंगे। दूसरे चरण में 5 टेस्ट विषय-वार संचालित किए जाएंगे। अंतिम चरण में 3 फुल-लेंथ टेस्ट लिए जाएंगे, ताकि अभ्यर्थियों को वास्तविक परीक्षा जैसे माहौल में अभ्यास का अवसर मिल सके। संस्थान की प्राचार्या सुश्री दुर्गेश्वरी सिंह ने बताया कि सभी टेस्ट प्रत्येक बुधवार और शनिवार को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक टेस्ट में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिन्हें वर्तमान परीक्षा-पैटर्न के अनुरूप विशेषज्ञों द्वारा तैयार किया गया है। टेस्ट-सीरीज़ पूरी तरह ऑफलाइन आयोजित की जा रही है। इच्छुक छात्र कार्यालयीन समय में संस्थान पहुँचकर निःशुल्क पंजीयन कर सकते हैं। प्राचार्या ने बताया कि यह श्रृंखला प्रतियोगियों को प्रश्न-समाधान कौशल, समय प्रबंधन और विषय-वस्तु की समझ में अत्यंत सहायक होगी।नवसंकल्प का उद्देश्य है कि इस पहल से जशपुर जिले के छात्र, विशेषकर ग्रामीण पृष्ठभूमि के अभ्यर्थी, राज्य प्रशासनिक सेवाओं में चयन का अवसर प्राप्त कर सकें और जिले का नाम गौरवान्वित करें।

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कुनकुरी दौरा—सलियाटोली कार्यकर्ता सम्मेलन से दिया विकास और सुशासन का मजबूत संदेश

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कुनकुरी दौरा—सलियाटोली कार्यकर्ता सम्मेलन से दिया विकास और सुशासन का मजबूत संदेश

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जशपुर जिले के कुनकरी पहुंचे : सलियाटोली में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में हुए शामिल

    दो वर्षों के सुशासन में विकास के नए आयाम, 1000 करोड़ से अधिक की सड़क-पुल परियोजनाएं स्वीकृत-विष्णु देव साय

    कुनकुरी – जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज एक दिवसीय प्रवास पर जशपुर जिले के कुनकरी पहुंचे। सलियाटोली में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र किया।

    स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम

    मुख्यमंत्री ने बताया कि जशपुर को 220 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल, मातृत्व-शिशु चिकित्सालय, कल्याण आश्रम में अत्याधुनिक अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज एवं फिजियोथेरेपी महाविद्यालय जैसी सौगातें मिली हैं। इनसे जिलेवासियों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

    सड़क-पुलों पर 1000 करोड़ से अधिक का निवेश

    जिले की 623 सड़कों के लिए 998 करोड़ एवं 22 उच्च स्तरीय पुलों के लिए 109 करोड़ रुपये मंजूर। हाल में 4 प्रमुख सड़कों पर 12.69 करोड़, 4 महत्वपूर्ण पुलों पर 13.69 करोड़ एवं 12 सड़कों पर 41.81 करोड़ की अतिरिक्त स्वीकृति। फरसाबहार में 40.89 करोड़ के 13 विकास कार्य की मंजूरी। इनसे ग्रामीण कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

    शिक्षा एवं पर्यटन को नई गति

    करडेगा-फरसाबहार में महाविद्यालय स्थापना, नए स्कूल भवन। मयाली नेचर कैंप, जंबूरी आयोजन एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच मार्ग स्वीकृत। जशपुर वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर उभर रहा है।

    विद्युत क्षेत्र में क्रांति

    कुनकुरी के हर्राडांड में प्रदेश का 5वां 400 केवी उपकेंद्र एवं 11 नए सब-स्टेशनों से बिजली आपूर्ति सुदृढ़। किसानों को 3100 रुपये/क्विंटल धान खरीदी,धान का  बोनस एवं 18 लाख PM आवास की मंजूरी।

    कार्यकर्ताओं को विकास प्रचार का आह्वान

    मुख्यमंत्री ने कहा कि ये उपलब्धियां कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल हैं। उन्होंने योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने एवं विकास की जानकारी जन-जन तक ले जाने का आह्वान किया।उपस्थित जनप्रतिनिधि: विधायकद्वय श्रीमती गोमती साय, श्रीमती रायमुनी भगत, भाजपा नेता श्री गुरुपाल भल्ला; पूर्व संसदीय सचिव श्री भरत साय, पूर्व विधायक रोहित साय; नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ,भाजपा जिलाध्यक्ष श्री भरत सिंह, श्री कृष्ण कुमार राय,पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता,जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, श्री मुकेश शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय, दुलदुला जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री राजकुमार सिंह, पार्षद श्री अमन शर्मा, श्री मनीष अग्रवाल, श्री राजकुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सालियाटोली आगमन—जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लोकसंस्कृति के रंगों के बीच हुआ आत्मीय व भव्य स्वागत
  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सालियाटोली आगमन—जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लोकसंस्कृति के रंगों के बीच हुआ आत्मीय व भव्य स्वागत

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सालियाटोली आगमन—जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लोकसंस्कृति के रंगों के बीच हुआ आत्मीय व भव्य स्वागत

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ग्राम सालियाटोली, विकासखंड कुनकुरी पहुंचे। हेलीपैड पर विधायक श्रीमती गोमती साय और रायमुनी भगत, गुरुपाल भल्ला, पूर्व संसदीय सचिव भरत साय, नगर पालिका अध्यक्ष जशपुर अरविंद भगत, भरत सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कृष्ण कुमार राय, मुकेश शर्मा, पार्षद अमन शर्मा, सुनील कुमार राय, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। हेलीपैड पर ढोल और नगाड़ो‌ के साथ नर्तक दलों ने उत्साहपूर्वक नृत्य प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और स्वागत के साथ कार्यक्रम स्थल तक लेकर गए।

  • बाबा गुरु घासीदास जयंती एवं रजत जयंती महोत्सव सप्ताह पर जशपुर में मद्य निषेध दिवस का भव्य आयोजन, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

    बाबा गुरु घासीदास जयंती एवं रजत जयंती महोत्सव सप्ताह पर जशपुर में मद्य निषेध दिवस का भव्य आयोजन, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

    बाबा गुरू घासीदास जयंती और रजत जयंती महोत्सव सप्ताह के उपलक्ष्य में मद्य निषेध दिवस का हुआ आयोजन

    नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने दिलाई शपथ

    जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग जशपुर द्वारा विगत दिवस 18 दिसंबर 2025 को बाबा गुरू घासीदास जयंती के अवसर पर और रजत जयंती महोत्सव सप्ताह के उपलक्ष्य में मद्य निषेध दिवस का आयोजन किया गया।

    नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय मद्य निषेध दिवस समारोह जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद (हिन्दी माध्यम) उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुआ। समारोह में सुश्री प्रज्ञा सिंह, प्रथम श्रेणी न्याययिक मजिस्ट्रेट जशपुर, श्री शरद चौरसिया, डॉ० अबरार खान, मनोचिकित्सक एवं गायत्री परिवार के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसी के साथ कार्यक्रम में प्राथमिक स्तर से उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के लगभग 500 छात्र एवं छात्राओं ने भाग लिया।

    समारोह के मुख्य अतिथि श्री अरविंद भगत द्वारा नशे के सेवन से दूर रहकर स्वस्थ जीवन जीने की कामना करते हुए सभी उपस्थित जनों को नशे का सेवन नहीं करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

    डॉ. अबरार खान, मनोचिकित्सक, शासकीय जिला चिकित्सालय, जशपुर द्वारा नशापान से होने वाली घातक व्याधियों का जिक्र करते हुए शरीर के अंगो पर नशापान का प्रभाव एवं सभी प्रकार के नशे से दूर रहने की सलाह दी गई। सुश्री प्रज्ञा सिंह, सिविल जज द्वारा नशे के दुष्परिणामों एवं इनके कानूनी प्रावधानों के संक्षिप्त व्याख्यान तथा गायत्री परिवार द्वारा स्वयं के रक्षा हेतु आध्यात्मिक ज्ञान से अवगत कराया गया।

    इसी प्रकार श्री डमरूधर स्वर्णकार, योग शिक्षक एवं व्याख्याता, शासकीय नवीन आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुर द्वारा ” नशामुक्ति में योग की भूमिका’ विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नशामुक्ति के लिए लाभप्रद यौगिक आसनों का प्रदर्शन कराया गया। अन्त में श्री धर्मेंद्र कुमार साहू उप संचालक समाज कल्याण जिला जशपुर द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जशपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का कायाकल्प—जशपुर में मेडिकल कॉलेज से लेकर मातृ-शिशु अस्पताल तक, स्वास्थ्य ढांचे में ऐतिहासिक विस्तार

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जशपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का कायाकल्प—जशपुर में मेडिकल कॉलेज से लेकर मातृ-शिशु अस्पताल तक, स्वास्थ्य ढांचे में ऐतिहासिक विस्तार

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर में स्वास्थ्य क्रांति, दो वर्षों में बदली जिले की तस्वीर, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की मिली बड़ी सौगात

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में जशपुर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं ने ऐतिहासिक परिवर्तन का साक्षी बना है। कभी सीमित संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझने वाला यह जिला आज आधुनिक चिकित्सा ढांचे, सुदृढ़ आपात सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जशपुर की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। पहले जहां दूरस्थ अंचलों के लोगों को सामान्य उपचार और सुरक्षित प्रसव के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब जिले में ही उच्च स्तरीय उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। डायलिसिस जैसी जटिल सेवाएं, जो कभी कल्पना से परे थीं, अब जिलेवासियों के लिए सुलभ होती जा रही हैं।

    दो वर्षो में मिली स्वास्थ्य के क्षेत्र में मिलीं जिले को कई ऐतिहासिक सौगातें

    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए अनेक बड़े निर्णय लिए गए हैं। जशपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए वित्त विभाग से 359 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलना जिले के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। इसके साथ ही 220 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्पताल के निर्माण के लिए 32 करोड़ रुपये की मंजूरी ने जिले में उच्च स्तरीय चिकित्सा व्यवस्था की नींव रख दी है।अखिल भारतीय कल्याण आश्रम परिसर में 35 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चिकित्सालय का निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है, जो भविष्य में जशपुर को एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। वहीं नर्सिंग शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 8.78 करोड़ रुपये की लागत से नर्सिंग कॉलेज भवन निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जिससे जिले को प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की स्थायी उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

    मातृ-शिशु स्वास्थ्य को मिली प्राथमिकता

    मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए कुनकुरी में 50 बिस्तरों वाले मातृ-शिशु अस्पताल का निर्माण 8.77 करोड़ रुपये की लागत से प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त जिले में 14 करोड़ रुपये की लागत से फिजियोथेरेपी महाविद्यालय तथा कुनकुरी में 2 करोड़ 62 लाख रुपये से नेचुरोपैथी भवन निर्माण की स्वीकृति ने स्वास्थ्य सेवाओं को बहुआयामी बनाया है।वहीं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर जिले के फरसाबहार मुख्यालय में बहुत जल्द सत्य साईं मातृत्व शिशु चिकित्सालय की स्थापना होगी जो जिले वासियों के साथ पड़ोसी राज्यों को भी इसकी सुविधाएं मुहैया होगी। यह नागलोग क्षेत्र वासियों के लिए बड़ी सौगात है।अब स्वास्थय के क्षेत्र में लोगों के लिए यह वरदान साबित होगी।

    जिले में आपातकालीन सेवाओं को मिली नई गति

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में आपात चिकित्सा सेवाओं का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। स्वास्थ्य आपात स्थितियों में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए जिले को 10 नई 108 संजीवनी एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं। अब जिले में कुल 24 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस जीवनरक्षक सेवा प्रदान कर रही हैं। इसके अलावा 102 महतारी एक्सप्रेस की 18 एंबुलेंस गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाकर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कर रही हैं। प्रत्येक विकासखंड में शव वाहन की उपलब्धता ने कठिन समय में ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत दी है।

    नए स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात से ग्रामीण क्षेत्रों को मिला संबल

    जिले के स्वास्थ्य ढांचे को जमीनी स्तर पर मजबूत करते हुए कोतबा में 4 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई है। साथ ही जिले के फरसाबहार तहसील के पेटामारा (अंकिरा) एवं गांझियाडीह, दुलदुला तहसील के करडेगा एवं सीरिमकेला तथा कुनकुरी तहसील के केराडीह में 5 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना को मंजूरी मिली है,जो ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ जाएगी। आज जशपुर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में किए गए ये ऐतिहासिक प्रयास जिले को एक मजबूत, सक्षम और आधुनिक स्वास्थ्य मॉडल के रूप में स्थापित कर रहे हैं। यह परिवर्तन केवल अधोसंरचना का नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ते कदमों का प्रतीक है।

  • राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का सम्मान : मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने द्वितीय राज्य स्तरीय सम्मेलन में जिलों, परिवार न्यायालयों व पैरा लीगल वॉलंटियर्स को किया सम्मानित

    राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का सम्मान : मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने द्वितीय राज्य स्तरीय सम्मेलन में जिलों, परिवार न्यायालयों व पैरा लीगल वॉलंटियर्स को किया सम्मानित

    “माननीय श्री न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ उच्च न्यायालय द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया”

    जशपुर : राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रदर्शन एवं मूल्यांकन पर द्वितीय राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन 18 दिसम्बर, 2025 को छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में अत्यंत गरिमामय रूप से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ के सहयोग से किया गया, जिसका उद्देश्य राज्य में राष्ट्रीय लोक अदालत प्रणाली को सुदृढ़ बनाने हेतु उपलब्धियों की समीक्षा एवं प्रदर्शन का मूल्यांकन करना था।

    इस राज्य स्तरीय सम्मेलन की अध्यक्षता माननीय श्री न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ एवं मुख्य संरक्षक, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा की गई। सम्मेलन की सह-अध्यक्षता माननीय श्री न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल, न्यायाधीश, उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ एवं कार्यपालक अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा माननीय श्री न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू, न्यायाधीश, उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ एवं अध्यक्ष, उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति द्वारा की गई।

    माननीय श्री न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ एवं मुख्य संरक्षक, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने अभिभाषण में इस बात पर विशेष बल दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालतें भारतीय संविधान के अनुच्छेद 39 क में निहित समान न्याय की परिकल्पना को साकार करने का एक अत्यंत प्रभावी माध्यम बनकर उभरी हैं। उन्होंने व्यक्त किया कि विगत नौ राष्ट्रीय लोक अदालतों के दौरान कुल 2,27,18,454 मामलों का अभूतपूर्व निपटारा किया गया है तथा कुल प्रकरणों के निस्तारण के संदर्भ में छत्तीसगढ़ निरंतर राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष पाँच राज्यों में स्थान प्राप्त करता रहा है। उन्होंने इन उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों, समस्त न्यायिक अधिकारियों एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स के अथक प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

    इस अवसर पर माननीय श्री न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ एवं मुख्य संरक्षक, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के करकमलों द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालतों की सफलता में उत्कृष्ट योगदान के लिए समस्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों, परिवार न्यायालयों के न्यायाधीशों तथा पैरा लीगल वॉलंटियर्स को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। साथ ही, राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 16 दिसम्बर, 2023 तथा वर्ष 2024 की में आयोजित चार राष्ट्रीय लोक अदालत एवं वर्ष 2025 में आयोजित चार राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों एवं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले परिवार न्यायालयों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

    माननीय श्री न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल, न्यायाधीश, उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ एवं कार्यपालक अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन सदस्य सचिव, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया।

    इस कार्यक्रम में माननीय श्री न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास, माननीय श्री न्यायमूर्ति सचिन सिंह राजपूत, माननीय श्री न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय, माननीय श्री न्यायमूर्ति संजय कुमार जायसवाल, माननीय श्री न्यायमूर्ति रविंद्र कुमार अग्रवाल, माननीय श्री न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा, माननीय श्री न्यायमूर्ति बिभु दत्ता गुरु एवं माननीय श्री न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार जनरल एवं रजिस्ट्री के अधिकारीगण, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी के निदेशक एवं अधिकारीगण, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव एवं अधिकारीगण, समस्त जिलों के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं परिवार न्यायालयों के न्यायाधीश, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के सचिव तथा समस्त जिलों से नामित पैरा लीगल वॉलंटियर्स भी उपस्थित रहे।

    द्वितीय राज्य स्तरीय सम्मेलन का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि छत्तीसगढ में राष्ट्रीय लोक अदालत प्रणाली को और अधिक सशक्त किया जाएगा तथा त्वरित, सुलभ एवं किफायती न्याय उपलब्ध कराने हेतु न्यायपालिका एवं विधिक सेवा संस्थाओं की प्रतिबद्धता निरंतर बनी रहेगी।

  • जशपुर ब्रेकिंग : डेम में मिले दो युवकों के शव, हत्या की आशंका, तुमला थाना क्षेत्र के सेरमाटोली निवासी थे दोनों, पुलिस ने शुरू की गहन जांच

    जशपुर ब्रेकिंग : डेम में मिले दो युवकों के शव, हत्या की आशंका, तुमला थाना क्षेत्र के सेरमाटोली निवासी थे दोनों, पुलिस ने शुरू की गहन जांच

    कोल्हेनझरिया कागजपुड़ा डेम में दो युवकों की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका से हड़कंप

    जशपुर : थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत चौकी कोल्हेनझरिया के ग्राम सेरमाटोली निवासी दो व्यक्तियों—विलियम कुजूर एवं दिलीप खड़िया—की लाशें कोल्हेनझरिया कागजपुड़ा डेम में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। दोनों युवक बीते 12 दिसंबर 2025 से लापता थे, जिनकी लगातार तलाश परिजन और पुलिस कर रही थी।

    डेम में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। प्रथम दृष्टया यह मामला सामान्य दुर्घटना प्रतीत नहीं हो रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूरे घटनाक्रम को देखते हुए यह प्रकरण संदिग्ध है तथा इसमें संज्ञेय अपराध घटित होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। हत्या कर शवों को डेम में छुपाए जाने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है—लापता होने से लेकर डेम तक पहुंचने और संभावित आपराधिक साजिश के बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

    इस पूरे मामले के खुलासे में एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तुमला कोमल नेताम एवं चौकी प्रभारी कोल्हेनझरिया सहायक उप निरीक्षक टेकराम सारथी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वयं निगरानी कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

    फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत तथ्यों एवं वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पूछताछ पूर्ण होने के बाद ही किया जाएगा। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

    मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी एवं पुलिस खुलासे के बाद अगला समाचार शीघ्र प्रकाशित किया जाएगा।

  • सत्य, अहिंसा और समानता के संदेश के साथ मनाई गई गुरु घासीदास जयंती : कुनकुरी के बेंदरभदरा वार्ड में सामाजिक सौहार्द्र का प्रेरक आयोजन

    सत्य, अहिंसा और समानता के संदेश के साथ मनाई गई गुरु घासीदास जयंती : कुनकुरी के बेंदरभदरा वार्ड में सामाजिक सौहार्द्र का प्रेरक आयोजन

    श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता के साथ मनाई गई सतगुरु बाबा गुरू घासीदास जयंती

    कुनकुरी : नगर के बेंदरभदरा वार्ड में सतगुरु बाबा गुरू घासीदास की जयंती का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में किया गया। यह कार्यक्रम बेंदरभदरा निवासी श्रीमती समुद्री बंजारे के निवास पर आयोजित हुआ, जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

    कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः बाबा गुरू घासीदास के चित्र के समक्ष विधिवत पूजा-पाठ और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से भाग लेकर सतगुरु के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। आरती के दौरान “जय सतनाम” और गुरू घासीदास के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

    जयंती के पावन अवसर पर सत्य, अहिंसा और मानवता के प्रतीक सफेद रंग का ध्वज विधिवत रूप से फहराया गया। इस दौरान उपस्थित समाजजनों ने गुरू घासीदास के बताए मार्ग—सत्य के पालन, नशामुक्त समाज, आपसी भाईचारे और समानता—पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरण किया गया।

    इस आयोजन में नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपक केरकेट्टा, वार्ड पार्षद रूखसाना बानो, मोहम्मद इरफान आलम सहित नगर के अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि सतगुरु बाबा गुरू घासीदास के विचार आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला बताया।

    आयोजक श्रीमती समुद्री बंजारे ने जानकारी देते हुए बताया कि वे निरंतर अपने निवास पर गुरू घासीदास जयंती का आयोजन करती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल जयंती मनाना ही नहीं, बल्कि सतगुरु के विचारों और संदेशों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं तथा सहयोग करने वाले सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

    गुरू घासीदास जयंती का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का भी प्रेरणादायक उदाहरण बना।