पुलिस त्वरित कार्रवाई : करंट से हुई दो मौतों का खुलासा, चार दिन में खुला दो युवकों की गुमशुदगी का राज, डेम से बरामद हुई लाशें, साक्ष्य छिपाने की साजिश नाकाम, जशपुर पुलिस द्वारा एक आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल.

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 14 दिसंबर 2025 को मृतक विलियम कुजूर उम्र 31 वर्ष व दिलीप राम खड़िया निवासी ग्राम सेरमाटोली, चौकी कोल्हेनझरिया व थाना तुमला जिला जशपुर (छग) के परिजनों ने थाना तुमला में सूचना दर्ज कराई थी कि दिनांक 12 दिसंबर 2025 को मृतक विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया अपने कुछ साथियों के साथ ग्राम डांगबंधी के जंगल की ओर चिड़िया मारने हेतु गए हुए थे, जंगल में उनके कुछ साथी अन्य रास्ते से घर लौट आए,  मृतक विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया दूसरे रास्ते से घर लौट रहे थे, परंतु देर रात तक घर नहीं पहुंचे, जिस पर विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया के परिजनों व उनके साथ जंगल गए साथियों के द्वारा, जंगल जाकर खोज बीन किया जा रहा था, आस पास रिश्तेदारों में भी पतासाजी किया गया, कहीं पता नहीं चला।

परिजनों की सूचना थाना तुमला में गुम इंसान दर्ज कर जांच पतासाजी व विवेचना में लिया गया था।

पतासाजी के दौरान पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, ग्राम डांगबंधी के जंगल व आसपास के इलाकों में दोनों गुम व्यक्ति विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया की खोज बीन की जा रही थी, साथ ही उनके साथ जंगल गए साथियों से भी पुलिस विस्तृत पूछताछ कर रही थी। चूंकि दोनों व्यक्ति अचानक गायब हुए थे, अतः पुलिस के द्वारा किसी संज्ञेय अपराध की अंदेशा में पारिवारिक विवाद, दुश्मनी जैसे दूसरे एंगल पर भी जांच की जा रही थी। पुलिस उक्त संबंध में ग्रामीणों से भी कथन ले रही थी, साथ ही पुलिस की मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से पता चला कि ग्राम डांग बंधी के एक व्यक्ति आरोपी आयटू लोहार, उम्र 30 वर्ष को डांग बंधी के कागजपुडा डेम के पास घूमते हुए देखा गया है व उसकी गतिविधि भी संदिग्ध प्रतीत होती है, जिस पर पुलिस के द्वारा आरोपी आयटू लोहार को हिरासत में लिया गया।

आरोपी आयटू लोहार से पूछताछ करने पर वह बार-बार अपना बयान बदल कर, पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, परंतु पुलिस के मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आगे वह झुक गया और बताया कि दिनांक 12 दिसंबर 2025 को उसके द्वारा ग्राम डांगबंधी के ही अपने चार साथियों के साथ मिल कर, जंगल के पास एक अरहर के खेत में, जंगली सूअर को मारने के लिए खुला बिजली का तार बिछाया गया था। रात्रि में वे जंगली सूअर के करंट से मरने के अंदेशा पर, बिजली करंट तार बिछाए, अरहर के खेत के पास जाकर देखा गया तो पाया कि  करंट की चपेट में आकर पड़ोसी ग्राम सेरमाटोली के दो व्यक्ति क्रमशः विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया की मृत्यु हो गई थी। जिससे भय में आकर उनके द्वारा  बिजली के तार को हटा कर, साक्ष्य छिपाने के लिए, दोनों के शव को बोरे में भर कर, कुछ दूरी पर स्थित कागजपुड़ा डेम में, बेशरम के पौधे की झाड़ी के नीचे छुपा दिया गया है।

आरोपी आयटू लोहार की निशानदेही पर पुलिस के द्वारा काग़जपुड़ा डेम से, दोनों गुम इंसान विलियम कुजूर व दिलीप खड़िया के शव को बरामद कर लिया गया है। घटना-स्थल के निरीक्षण व शव के पंचनामा के पश्चात डॉक्टर से शव का पोस्ट मार्टम कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर के द्वारा मृत्यु का कारण करंट से झुलस कर होना बताने पर, पुलिस के द्वारा मामले के आरोपियों के विरुद्ध थाना तुमला में बीएनएस की धारा 105,238 व 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस के द्वारा आरोपी आयटू लोहार की निशानदेही पर मामले से जुड़े अन्य चारों आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया गया है, जो कि मौके से फरार है। पुलिस के द्वारा लगातार उनकी पातासाजी की जा रही है, उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।

प्रकरण की जांच व खुलासे में एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।  उनके नेतृत्व में ही दोनों व्यक्तियों के गुम होने के सूचना दिनांक 14 दिसंबर 2025 से चार दिवस के भीतर मामले का खुलासा करते हुए, गुम व्यक्तियों के शवों को बरामद करते हुए एक आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली है। शेष अन्य आरोपियों की भी पहचान हो गई है।

प्रकरण से जुड़े आरोपी आयटू लोहार उम्र 30 वर्ष के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है, अग्रिम कार्यवाही जारी है।

Related posts