शारदीय नवरात्र पर्व : देशी परिधान में लोक गीत और संगीत की धुन पर गरबा महोत्सव में झूमते रहे प्रतिभागी !

आकार कला संगम (अक्स) ग्रुप का यह है 18 वां गरबा महोत्सव

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जशपुर

जशपुरनगर : शहर में इन दिनों गरबा महोत्सव की धूम मची हुई है। आकार कला संगम (अक्स) द्वारा श्रीहरि कीर्तन भवन में आयोजित गरबा महोत्सव में इन दिनों ठेठ देशी अंदाज में लोक गीत और संगीत की धुन पर प्रतिभागी जमकर थिरक रहें हैं। गरबा महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए शहर और आसपास के गांव से दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। संयोजक सुनिल सिन्हा ने बताया कि शनिवार को गरबा महोत्सव में देशी परिधान की थीम पर गरबा नृत्य का आयोजन किया गया। जशपुरिहा और छत्तीसगढ़ की पारम्परिक परिधान पहन कर प्रतिभागियों ने अरविंद नागेन्द्र की शिवजी की सेना चली, ओजस्वी जामवाल की बांग्ला भाषा की गीत ढाका बाजा पर प्रतिभागियों ने जमकर नृत्य किया। गीत और संगीत के इस मधुर मिलन के बीच दर्शक भी रात 10:00 बजे तक झूमते रहे। अभिषेक (गुप्पु) शर्मा, अंकित शर्मा, सतीश चौहान, मनोज खलखो, रवि शर्मा, पवन शर्मा, पिंटू, अक्षत शर्मा ने इस महोत्सव में संगीत की जिम्मेदारी सम्हाली हुई है।

उल्लेखनीय है कि अक्स ग्रुप का यह 18 वां गरबा महोत्सव है। इस महोत्सव की तैयारी में आयोजन समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बीते कई दिनों से पसीना बहा रहे थे। दो दिन पूर्व इस महोत्सव में प्रसिद्ध गायक दंपत्ति राधा श्रीवास्तव और अमित रंजन की जोड़ी सम्मिलित हुई थी। इन प्रसिद्ध भोजपुरी गायकों को सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। आयोजन स्थल पर पैर रखने की भी जगह नहीं थी। गरबा महोत्सव में उमड़ रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन के जवान और अधिकारी जुटे हुए हैँ।

Related posts