नगर विकास की रूपरेखा तय करने प्रिया सिंह जूदेव ने ली बैठक : पांच साल का कार्ययोजना तैयार करने,शुरू होगा अभियान

समदर्शी न्यूज़, जशपुर : नगर के विकास के लिए नए सिरे मास्टर प्लान तैयार होगा। इस मास्टर प्लान को तैयार करने के लिए नगरपालिका जशपुर के पार्षद और भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता,शहर के सभी 20 वार्डो के वार्डवासियों से चर्चा कर,उनकी राय लेगें। नगरपालिका जशपुर की पूर्व उपाध्यक्ष प्रिया सिंह जूदेव की पहल पर यह कार्य शुरू किया गया है। गुरूवार को शहर के टैलीफोन एक्सचेंज के पास स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में जूदेव ने इस पर विस्तार से चर्चा की।

इस बैठक में नगर पालिका के उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता के साथ पार्षद,पार्टी के पदाधिकारी व नगरवासी उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रिया सिंह जूदेव ने कहा कि विधानसभा में पार्टी को जिले की तीनों सीटों में मिली जीत पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। प्रदेश में भाजपा की सरकार गठित होने के बाद जनता की समस्याओं का निराकरण करना और नगर का विकास करना हम सब की जिम्मेदारी है। अगले पांच साल के दौरान स्वच्छ,सुंदर और विकसीत शहर बनाना हम सब का लक्ष्य होना चाहिए।

बैठक में उन्होनें पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं से सुझाव रखने को कहा। पार्षद हिमांशु वर्मा,मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह और पूर्व पार्षद संतन भगत ने शहर में नया गौरव पथ निर्माण,जूदेव प्रतिमा स्थल का विस्तार और सौंदर्यीकरण,महाराजा चौक का सौंदर्यीकरण,सती उद्यान तालाब का जीर्णोद्वार करने का सुझाव रखा। वहीं,पार्षद विक्रांत सिंह ने तिवारी नहर को पुर्नजीवित करने का सुझाव रखा। उनका कहना था कि तिवारी नहर के पुर्नजीवित होने से,शहर के पारम्परिक जल स्त्रोत कुआं,तालाब को भी नया जीवन मिलेगा,जिससे जल संकट के समाधान में सहायता मिलेगी।

बैठक में दिये गए सुझावों की प्रशंसा करते हुए,प्रिया सिंह जूदेव ने कहा कि नगर विकास की रूपरेखा तय करने में शहर की जनता की भी भागीदारी होनी चाहिए। इसके लिए हम सभी को शहरवासियों से चर्चा कर,पूरी रूपरेखा तय कर,विस्तार से कार्य योजना तैयार करना होगा। इस कार्ययोजना के आधार पर सरकार से बजट की मांग की जाएगी। नगर विकास की भावी रूपरेखा तय करने के लिए संयुक्त कोआर्डिनेशन कमेटी गठित करने की सहमति बनी।

इस समिति में नगरपालिका के पार्षदों के साथ भाजपा के पदाधिकारी और नगरवासियों को शामिल किया जाएगा। यह समिति नगर के सभी वार्डो में बैठक का आयोजन कर,समस्याओं का आंकलन करेगी और नगरवासियों से विकास के लिए सुझाव प्राप्त करेगी। सारे सुझाव व समस्याओं के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर,प्रदेश सरकार को भेजा जाएगा।  बैठक में रूपेश सोनी,विक्रांत सिंह,संतोष सिंह,संतन भगत,हिमांशु वर्मा,अमन सिंह,नीतू गुप्ता,अंजेला खेस,मालती भगत,शैलेन्द्री यादव,ओमन आलोक टोपनो,सतीश वर्मा,फैजान खान उपस्थित थे।

Advertisements
error: Content is protected !!