कृषक के 2.5 एकड़ खेत जमीन को फर्जी तरीके से 12 एकड़ जमीन बनाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर एचडीएफसी बैंक राजिम जिला गरियाबंद से 22 लाख रूपया का लोन निकालने वाले आरोपी को किया गया गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर !

समदर्शी न्यूज़ – जांजगीर-चाम्पा : प्रकरण के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी नम्मू लाल पटेल निवासी ग्राम देवरानी थाना बिर्रा के द्वारा दिनांक 17 जनवरी 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 2.5 एकड़ भूमि खेत है, जिसको आरोपी परमानंद कर्ष निवासी पवनी बिलाईगढ़ जिला सारंगढ़ एवं उसके साथियों तथा संबंधित तत्कालिक हल्का पटवारी के द्वारा फर्जी तरीके से सांठ-गांठ कर जमीन का नमांतरण कर नेट आईडी में 2.5 एकड जमीन को लगभग 12 एकड़ जमीन बनाकर बी-1 एवं अन्य दस्तावेज से कूट रचित कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर एचडीएफसी बैंक राजिम जिला गरियाबंद से 22 लाख रूपया का लोन लिया है। जिसकी रिपोर्ट पर थाना बिर्रा में आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 12/2024 धारा 420,467,468,471 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया।

धोखाधड़ी के मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बिर्रा पुलिस द्वारा आरोपी परमानंद कर्ष निवासी पवनी बिलाईगढ़ जिला सारंगढ़ को उसके सकुनत से पकड़ा गया। जिसको हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ किया गया, जिसके द्वारा जुर्म स्वीकार करने एवं आरोपी के विरूद्ध अपराध धारा सदर का सबुत पायें जाने से विधिवत् गिरफ्तार कर दिनांक 18 जनवरी 2024 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। प्रकरण के अन्य आरोपीगण फरार हैं, जिनकी पतासाजी जारी है।

इस प्रकरण की कार्यवाही में कृष्ण पाल सिंह थाना प्रभारी बिर्रा, सहायक उपनिरीक्षक शेख सफी उल्ला खान, सहायक उपनिरीक्षक फुलेश्वर सिंह सिदार, आरक्षक रघुवीर यादव, आरक्षक सनोहर जगत, आरक्षक कृष्णा महिलांगे एवं थाना बिर्रा स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा है।

Related posts