CRIME NEWS : हत्या की मंशा से टांगी से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार.

समदर्शी न्यूज़ सूरजपुर, 09 जुलाई 2024 | प्रकरण के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 09 जुलाई 2024 को ग्राम दुर्गापुर चारपारा निवासी बजरंग सिंह ने थाना रामानुजनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके गांव का चंद्रभान सिंह से पूर्व से जमीन विवाद चला आ रहा है। उपरोक्त भूमि को चंद्रभान अपनी भूमि बोलकर इसके साथ झगड़ा-विवाद करता है। दिनांक 09 जुलाई 2024 को विवादित भूमि में चंद्रभान सिंह ट्रेक्टर लगवाकर जोताई करवा रहा था और स्वयं भी खड़ा था, उसी समय इसके भाई सूरज सिंह व मनोज के द्वारा मना किया गया। जिस पर चंद्रभान सिंह हाथ में टांगी लिए हुए आया और कहने लगा कि यह भूमि हमारी है, पिछले 3 साल से कमा रहा हूँ, कहकर जान से मारने की नियत से टांगी से मनोज व सूरज को प्राणघातक प्रहार कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 109 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

मामले की सूचना पर उप पुलिस महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी के मार्गदर्शन में थाना रामानुजनगर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी चंद्रभान सिंह पिता लक्ष्मी नारायण कुमार उम्र 45 वर्ष निवासी नवापारा खुर्द, थाना रामानुजनगर को पकड़ा। पूछताछ पर उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी जप्त कर उसे गिरफ्तार किया गया है। इस प्रकरण की कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर राजेन्द्र साहू, एएसआई मनोज पोर्ते, आरक्षक दीपक यादव, आरक्षक विकास सिंह व आरक्षक देवान सिंह सक्रिय रहे।

Related posts