खरीफ 2024 फसल बीमा प्रारंभ : जशपुर जिले के किसान 31 जुलाई तक करा सकते हैं फसलों की बीमा

समदर्शी न्यूज़ जशपुर, 15 जुलाई 2024/ मानसून आने के पश्चात् खरीफ फसलों की बोनी कार्यक्रम प्रारंभ हो चुका है। जिसमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ 2024 के तहत फसल को प्रतिकूल मौसम, बाढ़, कीट व्याधि, ओलावृष्टि, जलभराव, बादल फटने, आकाशीय बिजली, आदि प्राकृतिक आपदाओं, कम वर्षा या विपरीत मौसम अवस्थाओं के कारण बुवाई विफलता, फसल कटाई के उपरांत आगामी 14 दिनों तक खेत में सुखाने हेतु रखी फसल को ओलावृष्टि, चक्रवात, बे-मौसम-चक्रवाती वर्षा से नुकसान होने पर दावा भुगतान की पात्रता होगी।

जशपुर जिले के लिए किसान धान सिंचित, धान असिंचित, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी, मूंगफली, अरहर एवं उड़द फसल का बीमा करा सकते है, जिसके लिए अंतिम तिथि 31 जुलाई 2024 निर्धारित है। योजनांतर्गत बीमा इकाई ग्राम एवं राजस्व निरीक्षक मण्डल निर्धारित है।

जिले के उप संचालक कृषि श्री एम. आर. भगत द्वारा बताया गया है कि योजना अंतर्गत ऋणी एवं अऋणी कृषक जो भू-धारक एवं बटाईदार सम्मिलित हो सकते है, तथा अधिसूचित फसल उगाने वाले सभी गैर ऋणी कृषक जो योजना में सम्मिलित होने के इच्छुक हो वे बुआई पुष्टि प्रमाण पत्र क्षेत्रीय पटवारी-ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा सत्यापित कराकर एवं अन्य दस्तावेज प्रस्तुत कर योजना में सम्मिलित हो सकते है। जिला अंतर्गत फसल बीमा हेतु खरीफ फसलों के लिए 2.00 प्रतिशत कृषक प्रीमियम राशि निर्धारित है। जिसके अनुसार कृषक द्वारा देय प्रिमियम राशि धान सिंचित 1100.00 धान असिंचित 860.00 मक्का 700.00 कोदो 320.00 कुटकी 340.00 रागी 300.00 मूंगफली 840.00 अरहर 600.00 एवं उड़द 440.00 प्रति हेक्टेयर की दर से देय होगा। कृषक फसल बीमा कराने हेतु अपने संबंधित समिति, संबंधित बैंक, बीमा प्रदाय कंपनी, लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से बीमा करा सकते है।

Related posts