एकल अभियान : वन्दे मातरम् राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन संच मुख्यालयों में हुआ सम्पन्न.

कुनकुरी : वन्दे मातरम् राष्ट्रगीत की रचना की 150 वीं वर्षगांठ के गौरवशाली अवसर पर एकल अभियान के एकल विद्यालयों के तत्वावधान में दिनांक 25 जनवरी 2025 दिन शनिवार को अभियान के संचों (विकासखण्ड) में सार्वजनिक रूप से ‘वन्दे मातरम् राष्ट्रगीत’ के सामूहिक गायन कार्यक्रम के घोषित आयोजन के अंतर्गत कुनकुरी नगर के सनातन धर्म समिति परिसर में ‘वन्दे मातरम् राष्ट्रगीत’ का सामूहिक गायन किया गया।

कुनकुरी संच मुख्यालय का वन्दे मातरम् राष्ट्रगीत सामूहिक गायन कार्यक्रम नगर के शिव मंदिर परिसर के पांडाल में दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित किया गया,कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण के उपरांत ब्रह्मनाद एवं गायत्री-मंत्र के साथ किया गया। ध्येय वाक्य की प्रस्तुति के उपरांत कार्यक्रम की संचालिका महिला समिति अध्यक्ष श्रीमती गायत्री देवता द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तावना से अवगत कराते हुए अतिथियों के परिचय की प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई। वन्दे मातरम् राष्ट्रगीत का गायन सुश्री सरस्वती वशिष्ठ के द्वारा सामूहिक रूप से सम्पन्न कराया गया ।

कार्यक्रम में श्री विवेकानंद झा मुख्यअतिथि के रूप में सम्मिलित हुए, मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला प्रचारक श्री ऋषिकेश चक्रधर जी के द्वारा अपने सारगर्भित बौद्धिक के माध्यम से वन्दे मातरम् राष्ट्रगीत की रचना से लेकर स्वतंत्रता प्राप्ति में वन्दे मातरम् गीत की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। इससे पूर्व कार्यक्रम में कुनकुरी अञ्चल के प्रभारी श्री भुनेश्वर सिंह द्वारा एकल अभियान का परिचय का देते हुए अभियान की गतिविधियों और उद्देश्य से परिचित कराया गया। मुख्यअतिथि श्री विवेकानंद झा ने अपने आशीर्वचन के द्वारा सनातन संस्कृति, एकल अभियान और राष्ट्रीय गौरव पर जानकारी देते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया। आयोजन में भजन,गीत एवं राष्ट्र की जय चेतना गीत की प्रस्तुति दी गई। आभार प्रदर्शन कुनकुरी अञ्चल प्रभारी श्री विष्णुनारायण जोशी द्वारा किया गया।

पँचमुखी शिक्षा के माध्यम से ग्रामीण अञ्चल के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य को ले कर कार्य कर रहे एकल अभियान परिवार द्वारा 26 जनवरी 2025 को भी एकल अभियान के समस्त विद्यालयों में ‘गणतंत्र दिवस समारोह’ के आयोजन में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं वन्दे मातरम् राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करने के साथ भारत माता का पूजन एवं आरती की गई।

Related posts