कुनकुरी में चुनावी घमासान! भूपेश बघेल की सभा में भाजपा सरकार पर तीखे हमले, कांग्रेस की नगर सरकार बनाने की अपील

कुनकुरी में चुनावी घमासान! भूपेश बघेल की सभा में भाजपा सरकार पर तीखे हमले, कांग्रेस की नगर सरकार बनाने की अपील

February 5, 2025 Off By Samdarshi News

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सभा से गरमाया सियासी माहौल, भाजपा सरकार पर योजनाएं बंद करने का आरोप

कुनकुरी/ जिले की सबसे हॉट सीट कुनकुरी नगर पंचायत में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मिया तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद पर सीधा मुकाबला होने से दोनो ही राजनैतिक पार्टी अपने अपने परम्परागत मतदाताओं को एक जुट करने में लगे हुए है। दो दिन पूर्व भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा स्वयं कुनकुरी आकर करने से राजनैतिक माहौल और भी गर्म हो गया। जवाब में कांग्रेस द्वारा आज बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जनसभा का आयोजन किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव महत्वपूर्ण चुनाव है। राज्य की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष चुनाव कराना ही नहीं चाहती रही है। आध्यादेश के राजभवन में रूक जाने के कारण आनन फानन में चुनाव सम्पन्न कराना पड़ रहा है। साय सरकार की चल नही रही है। वर्तमान की भाजपा सरकार में कोई काम नही हो रहा है। कार्यकर्ता काम कराने को लेकर घूम रहे है। पार्टी कार्यकर्ता के साथ विधायक तक परेशान है अपने ही शासनकाल में काम कराने को लेकर। उन्होने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के द्वारा किये गये जनहित के कार्यो को वर्तमान सरकार द्वारा रोक दिया गया है जिससे आम जनता को उसका लाभ नही मिल पा रहा है।

जशपुर के कुनकुरी की स्थिति को लेकर उन्होने आगे कहा कि राजधानी रायपुर तक चर्चा है जशपुर चौकी से चलता है। वर्तमान सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा प्रदेश में लागू किये गये सारे योजनाओं को वर्तमान की भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। सारे विकास कार्य ठप्प पड़े हुए है। कुनकुरी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी को बाहरी प्रत्याशी कहने पर भाजपा को जवाब देते हुए कहा कि 60 के दशक में कांग्रेस प्रत्याशी के दादाजी इसी ग्राम के सरपंच रह चुके है। बाहरी तो भाजपा का जिलाध्यक्ष है। नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने की अपील की। कांग्रेस की सरकार बनने से राज्य सरकार पर नकेल कसने का भरोसा दिलाया। जमीन का पट्टा दिलाने का कार्य भाजपा नही कांग्रेस की सरकार द्वारा किये जाने का आश्वासन दिया।

इस चुनावी सभा को अध्यक्ष प्रत्याशी विनयशील द्वारा भी संबोधित किया गया। उन्होने नगर के विकास को लेकर कई आश्वासन दिये। जनता के साथ मिलकर नगर पंचायत को नये आयाम देने की बात सभा के माध्यम से की। पूर्व विधायक यूडी मिंज द्वारा भी कांग्रेस के अध्यक्ष सहित सभी 15 वार्डो के कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।