लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्यवाही : उड़ीसा से लाए थे गांजा, 22 किलो गांजा बरामद, ₹21 लाख की संपत्ति जब्त, नशा तस्करों में मचा हड़कंप.

लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्यवाही : उड़ीसा से लाए थे गांजा, 22 किलो गांजा बरामद, ₹21 लाख की संपत्ति जब्त, नशा तस्करों में मचा हड़कंप.

March 9, 2025 Off By Samdarshi News
Advertisements

रायगढ़. 9 मार्च 2025 : एसपी श्री दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए ग्राम सोनाजोरी में 22 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से करीब ₹21 लाख से अधिक की संपत्ति भी जब्त की गई है।

विदित हो कि 2 मार्च को साइबर सेल और लैलूंगा पुलिस की टीम द्वारा ग्राम चिटकानारा में गांजा रेड की कार्यवाही कर आरोपी गोजा यादव से 9 किलो गांजा जप्त कर कार्यवाही की गई थी। आरोपी से मिली अहम जानकारी पर पुलिस क्षेत्र में गांजा बेचने वालों पर निगाह रखे हुए थी। कल पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी केशव यादव और उसका साथी नत्थू उर्फ लुदरो अवैध रूप से गांजा की बिक्री में संलिप्त हैं। बीते 1 मार्च को दोनों ने उड़ीसा के रेडाखोल बौध इलाके से गांजा खरीद कर लाने की योजना बनाये और क्रेटा कार से उड़ीसा जाकर गांजा लेकर आए थे।

आरोपियों ने गांजा लाकर इसकी बिक्री शुरू की, उन्होंने कुछ गांजा बेचा, लेकिन पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते गांजा बेच नहीं पा रहे थे और करीब 22 किलो गांजा ग्राम सोनाजोरी स्थित नवनिर्मित मकान में छिपाकर रखा गया था।

मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी के बाद साइबर सेल डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के नेतृत्व में लैलूंगा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी केशव यादव और नत्थू को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 22 किलो गांजा (11-11 किलो की दो बोरियों में रखा हुआ), एक क्रेटा कार CG 15 EE 0343 (कीमत ₹17 लाख), एक दोपहिया वाहन CG 15 DZ 4389 (कीमत ₹2 लाख) और दो वीवो मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य ₹21.20 लाख आंका गया है।

पूछताछ में केशव यादव ने कबूल किया कि गांजा बिक्री के मुनाफे से उसने एक क्रेटा कार, एक दोपहिया वाहन और ग्राम सोनाजोरी व रूडेकेला में करीब ₹51 लाख की जमीन खरीदी है। लैलूंगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर अपराध क्रमांक 58/2025 कायम किया है। पुलिस मामले की आगे भी जांच जारी रखे हुए है।