
एक कॉल…और चमत्कार : गर्मी में जल संकट से जूझते गांव को मिली राहत, 60 मिनट में चालू हुआ बंद हैंडपंप, प्रशासन की फुर्ती देख ग्रामीण हैरान, प्रशासन की मुस्तैदी ने दिखाया असर.
April 4, 2025एक कॉल पर एक घंटे में सुधरा हैंडपम्प, प्रशासन की सक्रियता पर ग्रामीणों ने व्यक्त की खुशी
ग्रीष्म ऋतु में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने जिला प्रशासन द्वारा किये जा रहे गंभीर प्रयास.
जशपुर. 04 अप्रैल 2025 : गर्मियों में जब जल संकट आम बात बन जाती है, ऐसे समय में जशपुर जिला प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता एक मिसाल बनकर उभरी है। जिले के सुदूरवर्ती ग्राम लठबोरा में एक खराब हैंडपम्प की सूचना मिलते ही प्रशासन ने न केवल त्वरित कार्रवाई की, बल्कि मात्र एक घंटे के भीतर समस्या का समाधान कर ग्रामीणों का विश्वास और भी मजबूत कर दिया। यह घटना न केवल शासन-प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है, बल्कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे प्रयासों की सफलता का भी प्रमाण है। जिला कलेक्टर रोहित व्यास के कुशल नेतृत्व में जशपुर जिले में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ और सर्वसुलभ बनाने के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे आमजन को भी राहत मिल रही है।
जिला प्रशासन द्वारा लोगों को सुगम रूप से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार प्रबंध किये जा रहे हैं। जिसके लिए कलेक्टर ने सभी जल जीवन मिशन के कार्यों को त्वरित रूप से पूर्ण करने तथा निर्मित परियोजनाओं द्वारा निर्बाध रूप से पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं किसी भी स्थान पर पेयजल समस्या होने पर तुरन्त निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
जिसके अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पानी की समस्या के समाधान हेतु जल जीवन मिशन की योजनाओं द्वारा घर-घर तक नल से जल की आपूर्ति की जा रही है। इसके साथ ही गांव के कुछ आवश्यक हैंडपम्पों का सुधार भी किया जा रहा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सभी उपखण्डों में सूचना प्राप्त होते ही हैण्डपंप टेक्नीशियनों द्वारा गांव में बिगड़े नलकुपों में आवश्यक सुधार कार्य किये जा रहे हैं।
इसी क्रम में 02 अप्रैल को फरसाबहार विकासखण्ड के ग्राम लठबोरा के ग्रामीणों द्वारा दोपहर को ग्राम के मध्य स्थित हेण्डपम्प के खराब होने की सूचना कॉल द्वारा स्थानीय कर्मचारियों को दी। जिस पर कार्यपालन अभियंता के निर्देशानुसार विभागीय दल 30 मिनट में ही स्थल पर पहुंच गया। उन्होंने आधे घंटे के अंदर ही हैंडपम्प का सुधार कर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विष्णु के सुशासन में हमें इतनी अच्छी सेवाएं प्राप्त हो रहीं है। उन्होंने इसके लिए शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। इसी तरह हैंडपम्प खराब होने पर पेयजल की समस्या की सूचना पर विभाग द्वारा खरवाटोली, सिंगीबहार, साजबहार में भी हैंडपम्प सुधार का कार्य किया गया है।
जिले में खराब हैण्डपंपों की मरम्मत हेतु टोल फ्री नम्बर 18002330008 जारी.
कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिले में स्थापित पेयजल स्त्रोतों, स्थापित हैण्डपंपों में से खराब हैण्डपंपों का मरम्मत कार्य की सूचना हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग जशपुर द्वारा टोलफ्री नम्बर 18002330008 जारी किया गया है। जिसपर ग्रामीण अपने ग्राम, बसाहट, मोहल्ले, वार्ड के खराब हैण्डपंप की जानकारी टोल फ्री नम्बर में दे सकते हैं। इसी प्रकार जशपुर एवं मनोरा विकासखण्ड में खराब हैण्डपंप की जानकारी के लिए सहायक अभियंता यूएस पवार मो.नं. 6264978279, कुनकुरी, दुलदुला एवं फरसाबहार में खराब हैण्डपंप की जानकारी हेतु सहायक अभियंता व्हीkके मिश्रा मो.नं. 9425574634, बगीचा एवं कांसाबेल में खराब हैण्डपंप की जानकारी सहायक अभियंता अभिषेक गुप्ता मो.नं. 9752135800 तथा पत्थलगांव विकासखण्ड में खराब हैण्डपंप की जानकारी सहायक अभियंता बंसत एक्का मो.नं. 8770748912 जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध कराने के तीन दिवस के उपरांत भी सुधार ना होने की स्थिति में कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग जशपुर को मो.नं. 9406042220 को सूचना दी जा सकती है।