यातायात नियमों का पालन करने हेतु चलाया गया जागरुकता अभियान.
अभियान में एनएसएस, स्काउट एवं गाईड के छात्र-छात्राओं द्वारा दी गई अपनी सहभागिता.
अंबेडकर चौक बलौदाबाजार में वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु की गई अपील.
बलौदाबाजार-भाटापारा. 15 अप्रैल 2025 : बलौदाबाजार जिला यातायात पुलिस द्वारा दिनांक 15 अप्रैल 2025 को अंबेडकर चौक में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में एनएसएस, स्काउट और गाइड के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर वाहन चालकों को हेलमेट, सीट-बेल्ट, सीमित गति व नशामुक्त वाहन संचालन जैसे नियमों के पालन की अपील की। बैनर और पोस्टर के माध्यम से छात्रों ने आमजन को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

वाहन चालकों को स्टॉप लाइन में नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में कदापि वाहन ना चलाने एवं मोबाइल का उपयोग न करने जैसे अनिवार्य नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही वाहन चालकों को यह भी बताया गया कि तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से सड़क दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न होती है, इसलिए निर्धारित एवं सीमित गति में ही वाहन चलाएं। छात्र-छात्राओं द्वारा बैनर एवं पोस्टर लेकर यातायात नियमों के प्रति आम जनों को जागरूकता का संदेश दिया गया। इस दौरान पुलिस बल द्वारा वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की समझाईश दी गई।
