11 गौवंशों से भरी पिकअप पकड़ते ही फरार हुए थे आरोपी, अब महीनों बाद पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल कि दोनों दबोचे गए! ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी लोदाम तो दूसरा झारखंड के गुमला से गिरफ्तार; आखिर कहां छिपे थे दोनों?

ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करी के मामले में फरार दो आरोपियों को जशपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल।

थाना लोदाम क्षेत्र के ग्राम भलमंडा के पास नेशनल हाईवे पर पुलिस ने की थी कार्यवाही, तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक JH-10-BS-8773 को किया था जप्त,

मौके से पुलिस ने कुल 11 नग गौ वंशों को कराया था मुक्त

प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता आई थी सामने, घटना के बाद से ही चल रहे थे फरार।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को लोदाम क्षेत्र से तथा दूसरे आरोपी को झारखंड के गुमला जिले से पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपी क्रमशः –

1. बशी अहमद उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम साईं टागरटोली थाना लोदाम जिला जशपुर छ ग।

2. इमरोज खान उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम बरगीडांड, थान रायडीह जिला गुमला झारखंड

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं 1,000 रुपये नगद जप्त।

गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस की लगातार कार्यवाही, फरार आरोपियों की पतासाजी कर की जा रही है गिरफ्तारी।

जशपुर : जशपुर जिले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश तस्करी एवं पशुओं के अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना लोदाम क्षेत्र में गौ तस्करी के एक प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में जशपुर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

नाकाबंदी के दौरान पिकअप वाहन से गौवंश बरामद, तस्कर हुए थे फरार :

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 07.12.25 को थाना लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंशों को भरकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम भलमंडा के पास नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक JH-10-BS-8773 को पकड़ा। वाहन में सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मौके पर वाहन की जांच कर उसमें परिवहन किए जा रहे 11 नग गौवंशों को मुक्त कराया तथा गौ तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जप्त किया। मामले में थाना लोदाम में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान एक आरोपी की हुई गिरफ्तारी, पूछताछ में दो अन्य आरोपियों के नाम आए सामने :

प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने जप्त पिकअप वाहन के पंजीयन नंबर एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर मामले में संलिप्त आरोपी मंजीत जांगड़े, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम चंद्रपुर, जिला सक्ती, छत्तीसगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने गौ तस्करी में संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने साथ इस कार्य में शामिल दो अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस को बसी अहमद, निवासी ग्राम साईं टांगरटोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर तथा इमरोज खान, निवासी जिला गुमला, झारखंड की संलिप्तता के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई।

पुलिस ने पूर्व में आरोपी मंजीत जांगड़े को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। वहीं, प्रकरण में सामने आए दोनों अन्य आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी लगातार पतासाजी कर रही थी तथा संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों फरार आरोपियों को पकड़ा :

फरार आरोपियों की तलाश के दौरान दिनांक 26.10.2026 को लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बसी अहमद को लोदाम के बाजार डांड़ क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बसी अहमद, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम साईं टांगरटोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई।

इसी दिन पुलिस टीम ने प्रकरण के दूसरे फरार आरोपी इमरोज खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बरगीडाढ़, थाना रायडीह, जिला गुमला, झारखंड को उसके गृह क्षेत्र से पकड़ने में सफलता प्राप्त की।

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई। प्रकरण में उनकी संलिप्तता के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं 1,000 रुपये नगद जप्त किए हैं। गिरफ्तारी के पश्चात दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी :

जशपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में गौवंश तस्करी, पशुओं के अवैध परिवहन तथा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी पतासाजी की जा रही है, ताकि सभी संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका :

मामले की कार्यवाही आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू तथा आरक्षक बसंत खुटिया, बूटा सिंह, जगजीवन यादव, अजय यादव एवं जशवंत मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौ तस्करी के प्रकरण में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। जशपुर पुलिस द्वारा गौवंश तस्करी के अन्य मामलों में भी फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही है। गौवंशों की तस्करी एवं उनके अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अवैध कृत्यों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts