विश्व पृथ्वी दिवस : आदर्श विद्यालय में क्यूआर कोड और पेंटिंग से छात्रों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, जशपुर के छात्रों ने पेड़ों को दी डिजिटल पहचान, बनाए क्यूआर कोड – एक अनूठी शैक्षिक पहल.

जशपुर. 23 अप्रैल 2025 : विश्व पृथ्वी दिवस पर शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुरनगर में एक अभिनव और शिक्षाप्रद गतिविधि का आयोजन किया गया। इको क्लब फ़ॉर मिशन लाइफ द्वारा छात्रों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता और “फ्लोरा के लिए क्यूआर कोड” जैसी अनूठी पहल की गई। इस प्रयास से छात्र न केवल पर्यावरणीय महत्व समझ रहे हैं, बल्कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से प्रकृति से भी जुड़ रहे हैं।

विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर विगत दिवस 22 अप्रैल को शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुरनगर में गठित ‘इको क्लब फ़ॉर मिशन लाइफ’ के द्वारा गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वस्थ जीवन शैली अपनाएं विषय के अंतर्गत कक्षा 7 वीं और कक्षा 8 वीं के छात्रों ने पेंटिंग गतिविधि में भाग लिया। विश्व पृथ्वी दिवस की इस साल की थीम है – हमारी शक्ति, हमारा ग्रह। इस थीम पर पेंटिंग बनाकर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

एनईपी के उद्देश्यों के अनुरुप छात्रों को व्यापक मिशन लाइफ, पर्यावरण के लिए जीवन शैली, सक्रिय रूप से योगदान करने के लिए सशक्त करने के लिए इको क्लब मिशन लाइफ के माध्यम से फ्लोरा के लिए क्यूआर कोड नामक एक नई शैक्षिक पहल शुरू की गयी है। इस पहल के अंतर्गत कक्षा 12 वीं के छात्रों ने शाला परिसर में पेड़ों के लिए क्यूआर कोड बना कर लगाया है। इस क्यूआर कोड को स्कैन करते ही प्रत्येक पेड़ का नाम, प्रजाति, विशेषताओं और पर्यावरणीय लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Related posts