धुमाडांड पीडीएस में वर्षों से चल रही अनियमितताओं पर ग्रामीणों का विरोध रंग लाया, 24 घंटे में मिला समाधान

कुनकुरी, 2 मई 2025: विकासखंड कुनकुरी के ग्राम पंचायत धुमाडांड में वर्षों से चली आ रही राशन वितरण की अनियमितताओं पर जब ग्रामीणों का सब्र टूट गया, तो उन्होंने शासकीय उचित मूल्य दुकान (पीडीएस) का घेराव कर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। इसके तुरंत बाद महज 24 घंटे के भीतर ग्राम पंचायत की सरपंच माग्रेट मिंज की मध्यस्थता और प्रशासन की तत्परता से राशन वितरण शुरू किया गया, जिससे हितग्राहियों में भारी राहत और प्रशासन के प्रति भरोसा जागा।

क्या थी शिकायत?

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले दो-तीन वर्षों से पीडीएस दुकान में गम्भीर अनियमितताएं हो रही थीं। हर माह बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और राशन कार्ड में एंट्री के बावजूद उन्हें वास्तव में राशन नहीं दिया जाता था। जब मांग की जाती, तो संचालक “अगले माह आवंटन पर देंगे” कहकर टाल देते थे।

विरोध से परिणाम तक का सफर

मंगलवार को जब दुकान में फिर वही प्रक्रिया दोहराई गई, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने दुकान का घेराव कर नारेबाजी की और उसे बंद करा दिया।
इसके पश्चात एक प्रतिनिधिमंडल अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम), कुनकुरी से मिला और विस्तृत लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में हितग्राहियों के नाम और राशन न मिलने की वास्तविक स्थिति दर्ज थी।

प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए, सरपंच माग्रेट मिंज के नेतृत्व और प्रशासनिक हस्तक्षेप से 24 घंटे में राशन वितरण शुरू करवा दिया गया। ग्रामीणों ने इस त्वरित समाधान पर सरपंच, विभागीय अधिकारी और एसडीएम कुनकुरी का आभार जताया।

Related posts