खेल, सम्मान और जोश का अद्वितीय संगम : आईपीएल की तर्ज पर कुनकुरी में शुरू हुआ प्रीमियर क्रिकेट लीग का चैप्टर 3, 10 टीमों की बीच शुरू हुआ रोमांचक मुकाबला

कुनकुरी, 3 मई 2025 : कुनकुरी नगर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए शुक्रवार की शाम ऐतिहासिक रही। तीन वर्षों के लंबे इंतजार के बाद कुनकुरी प्रीमियर लीग (केपीएल) चैप्टर 3 का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसने पूरे नगर को खेल के रंग में रंग दिया। आयोजन स्थल पर भारी संख्या में खेलप्रेमियों की उपस्थिति रही और पूरे माहौल में उत्सव जैसा जोश नजर आया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर के चिकित्सक डॉ. पी. सी. कुजूर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और आतंकी हमलों में शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके पश्चात दोनों टीमों के कप्तानों से परिचय कराया गया और टॉस की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। खास बात यह रही कि अतिथियों ने खुद मैदान पर बॉलिंग व बैटिंग कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

खेल को जीवन का जरूरी हिस्सा बताया

मुख्य अतिथि डॉ. पी. सी. कुजूर ने अपने उद्बोधन में कहा,- “जैसे देशभर में आईपीएल को लेकर उत्साह और जुनून है, वैसे ही कुनकुरी प्रीमियर लीग ने स्थानीय खेल प्रेमियों के दिलों में खास जगह बनाई है। युवा जितनी कम उम्र में खेलों से जुड़ेंगे, उनका शारीरिक और मानसिक विकास उतना ही बेहतर होगा।”

विशिष्ट अतिथि नपं अध्यक्ष विनयशील ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि – “इस प्रकार के आयोजनों से नगर में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। आने वाले समय में नगर पंचायत स्वयं भी ऐसे आयोजनों की पहल करेगी।”

आयोजन समिति की मेहनत रंग लाई

आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य विनित जिंदल ने बताया कि केपीएल का यह तीसरा संस्करण है, जिसे तीन साल के अंतराल के बाद फिर से शुरू किया गया है। इस वर्ष कुल 10 टीमों ने इसमें भाग लिया है और आईपीएल की तर्ज पर इसका संचालन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, – “बीते दो महीनों से पूरी समिति इस आयोजन को सफल बनाने में दिन-रात जुटी रही है। यह आयोजन एक महीने तक चलेगा और नगरवासियों से अनुरोध है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं।”

नगर में छाया उत्साह का माहौल

केपीएल के शुभारंभ के साथ ही नगर में खेल का उत्सव शुरू हो गया है। बाजारों, गलियों और सोशल मीडिया पर केपीएल की ही चर्चा हो रही है। यह आयोजन न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का काम कर रहा है, बल्कि नगर के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को भी सक्रिय बना रहा है।

Related posts