बड़ी खबर : चलती कार पर गिरा पेड़, चालक की मौत – दो युवक गंभीर रूप से घायल, तेज आंधी के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, एक घायल को किया गया रांची रेफर

कुनकुरी, 3 मई 2025 : जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा स्टेट हाईवे- बगीचा से चराईडांड मार्ग के बीच महुआटोली के पास हुआ, जब तेज आंधी के दौरान एक भारी-भरकम आम का पेड़ चलती कार पर आ गिरा।

मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक प्रदीप राम करमाली (40 वर्ष), निवासी रामगढ़, झारखंड की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार में सवार विवेक कुमार (23 वर्ष), निवासी जरही, सूरजपुर (छत्तीसगढ़) एवं पप्पू कुमार मिस्त्री (27 वर्ष), निवासी टोपा, रामगढ़ (झारखंड) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां विवेक की हालत नाजुक बताई गई और डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। वहीं पप्पू कुमार का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदीप राम करमाली सूरजपुर जिले के जरही में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। लौटते वक्त वे विवेक को रांची छोड़ने के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और उसी दौरान महुआटोली के पास एक विशाल आम का पेड़ उनकी कार पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हादसे की वजह तेज आंधी और जर्जर पेड़ माना जा रहा है।

Related posts