ऑनलाइन धोखाधड़ी से रहें सावधान : 100 कर्मचारियों को दी गई डिजिटल सुरक्षा की ढाल, पुलिस ने बताया कैसे बनते हैं आम लोग साइबर शिकार, DSP अनिल विश्वकर्मा ने कर्मचारियों को सिखाए साइबर बचाव के तरीके.

पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन पर रायगढ़ पुलिस की साइबर सेल ने आज थाना पूंजीपथरा क्षेत्र के NRTMT प्लांट में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। साइबर डीएसपी श्री अनिल विश्वकर्मा और निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में हुई इस विशेष कार्यशाला में प्लांट के लगभग 100 कर्मचारियों को इंटरनेट और डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सीख दी गई।

कार्यक्रम में साइबर डीएसपी श्री अनिल विश्वकर्मा, निरीक्षक नासिर खान और प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह सहित टीम ने प्लांट कर्मियों को विस्तारपूर्वक बताया कि कैसे धोखेबाज एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर लोगों के खाते से पैसे उड़ा लेते हैं, कैसे गूगल पर नकली कस्टमर केयर नंबर डालकर फोन करने पर फर्जी कॉल सेंटर वाले आपकी बैंकिंग जानकारी हासिल कर लेते हैं, और कैसे ऑनलाइन लिंक भेजकर शेयर ट्रेडिंग, लोन, या नौकरी के झूठे वादों में फंसाकर दस्तावेज हासिल किए जाते हैं, जिनका बाद में आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किया जाता है।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर अजनबियों से दोस्ती कर ब्लैकमेलिंग, रूपयों का लालच देकर बैंक खाते खुलवाना और उनका फ्रॉड में उपयोग जैसे तरीकों से भी कर्मचारियों को अवगत कराया गया। साइबर सेल की टीम ने इन खतरों से बचने के लिए स्पष्ट सुझाव दिए—किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, किसी अजनबी को अपनी निजी जानकारी न दें, और किसी भी वित्तीय लेनदेन से पहले दोबारा जांच अवश्य करें।

Related posts