शहर में देर रात पुलिस का सख्त जांच अभियान : हुड़दंगियों और बदमाशों की अब खैर नहीं, सरगुजा पुलिस का रातभर चला जबरदस्त ऑपरेशन, बेसबॉल के साथ संदिग्ध युवक से हुई पूछताछ.

अंबिकापुर. 15 मई 2025 : सरगुजा जिले में असामाजिक तत्वों व गुंडा तत्वों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीमों ने देर शाम तक सघन चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की गई और हुड़दंगियों पर पैनी नजर रखी गई। एक चारपहिया वाहन से बेसबॉल बरामद होने पर वाहन मालिक से सख्ती से पूछताछ की गई। पुलिस का यह अभियान आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा निर्देशन में जिले में दुरुस्त पुलिसिंग व्यवस्था कायम करने एवं आसामजिक तत्वों, हुड़दंगियों, गुंडा बदमाशों पर लगातार पैनी नजर रखकर सख्त कार्यवाही किये जाने हेतु सभी थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया हैं, इसी क्रम में बीते शाम संयुक्त पुलिस टीम द्वारा शहर के प्रमुख चौक चौराहों घड़ी चौक, गाँधी चौक, संवेदनशील क्षेत्रों, सुनसान क्षेत्रों में विस्तृत चेकिंग अभियान चला कर आसामजिक तत्वों, हुड़दंगियों एवं शराब पी कर वाहन चला कर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर कार्यवाही की गई।

चारपहिया वाहनों की सघन जांच के दौरान वाहनों की डिक्की खुलवा कर भी चेक किया गया, जिसमें एक वाहन से बेसबॉल बरामद होने पर वाहन मालिक से सख़्ती से पूछताछ की गई है, उक्त वाहन मालिक से बेसबॉल रखने के कारण की पूछताछ भी की जा रही है। सरगुजा पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से नियंत्रण किये जाने हेतु सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे जिले मे कोई भी अप्रिय घटना को होने से रोका जा सके एवं क़ानून व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जा सके, आम नागरिकों को शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान किये जाने हेतु आपराधिक प्रवृति के व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों में क़ानून का भय कायम रखने हेतु सरगुजा पुलिस द्वारा लगातार सख़्ती से कार्यवाही की जा रही है।

Related posts