उत्तम मेमोरियल कॉलेज में यातायात नियम और नशामुक्ति पर जागरूकता अभियान : नशे के दुष्प्रभाव की दी गई विस्तृत जानकारी, पुलिस और विशेषज्ञों ने दिए अहम संदेश.

रायगढ़. 15 मई 2025 : रायगढ़ जिले के उत्तम मेमोरियल कॉलेज, पटेलपाली में आज एनएसएस इकाई के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति पर केंद्रित एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाना और नशे की लत से दूर रहने की प्रेरणा देना था। इसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लेकर जागरूक समाज की नींव मजबूत करने का संकल्प लिया। पुलिस विभाग और समाज कल्याण अधिकारियों ने छात्रों को जीवन की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।

उत्तम मेमोरियल कॉलेज पटेलपाली में आज सड़क सुरक्षा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी देना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उन्हें प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा विषय पर यातायात निरीक्षक नारायण सिंह मरकाम और थाना आरक्षक मुकेश चौहान ने विस्तृत प्रस्तुति दी। छात्रों को संबोधित करते हुए पुलिस के वक्ता ने बताया कि सड़क पर चलते समय हेलमेट पहनना, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाना, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करना, नशे की हालत में वाहन न चलाना, तेज गति से बचना, ओवरटेक करते समय सतर्कता बरतना और मोबाइल फोन का उपयोग न करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह न केवल स्वयं नियमों का पालन करे, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।

Related posts