पुलिस की त्वरित कार्रवाई : जमुनाईन चौक पर देर रात तांडव, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, मारपीट के मुख्य आरोपी सज्जी फिलिप को किया गिरफ्तार, हत्या के प्रयास में भेजा गया जेल, अन्य आरोपियों की तलाश जारी.

रायगढ़. 26 मई 2025 : रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनाईन चौक पर युवकों के बीच हुए झगड़े ने गंभीर रूप ले लिया, जब एक युवक ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पुलिस ने घटना में आरोपी सज्जी फिलिप को हत्या के प्रयास और बलवा की धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराएं जोड़ी हैं। अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत 24 मई की रात जमुनाईन चौक के पास युवकों के बीच हुए झगड़ा-विवाद मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी सज्जी फिलिप को गिरफ्तार कर उसे हत्या के प्रयास, बलवा सहित अन्य गंभीर धाराओं में रिमांड पर भेजा है।

घटना की सूचना पुलिस को बसंत दास (48 वर्ष) ने दी, जिसने बताया कि 24 मई की रात करीब 11:30 बजे उसके मित्र चंद्रजीत सिंह ने फोन पर बताया कि आमंत्रण होटल के सामने जमुनाईन चौक के पास झगड़ा हो गया है। बसंत दास जब राजेन्द्र ठाकुर और शिव पांडे के साथ वहां पहुंचा तो देखा कि कुछ युवक चंद्रजीत सिंह से विवाद कर रहे थे। बीच-बचाव के प्रयास में बसंत दास को भी गालियां दी गईं और तभी एक युवक ने उस पर रॉड से हमला कर दिया, जो उसकी आंख के ऊपर लगा। वहां मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह स्थिति संभाली।

जांच में रॉड से हमला करने वाले युवक की पहचान सज्जी फिलिप निवासी लोचननगर के रूप में हुई, साथ ही मारपीट में सुमित इजारदादर निवासी विजयपुर, गौरव साहू और हर्षदीप सिंह निवासी बेलादुला के नाम भी सामने आए। पुलिस ने घटना के संबंध में अपराध क्रमांक 216/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया। बाद में सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास व बलवा की धाराएं 109(1), 190, 190(2), 190(3) बीएनएस जोड़ी गईं।

Related posts