चौकी करडेगा, थाना तपकरा क्षेत्र के एक ग्राम की घटना, पति से अलग कर विवाहिता को शादी का झांसा देकर किया था दुष्कर्म, पीड़िता हुई गर्भवती,
आरोपी आशीष कुमार पैंकरा उम्र 28 साल निवासी बिरिमकेला थाना बतौली जिला सरगुजा छ.ग. के विरूद्ध थाना तपकरा में 64(2) बीएनएस का अपराध दर्ज.
महिला संबंधी अपराधों पर जशपुर पुलिस द्वारा की जा रही है त्वरित कार्यवाही.
जशपुर. 06 जून 2025 : जशपुर ज़िले के तपकरा थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म कर फरार चल रहे मायक्रोफायनेंस कंपनी के मैनेजर आशीष कुमार पैंकरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महिला को शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक अपने साथ पति-पत्नी की तरह रखा और शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता के गर्भवती होने के बाद आरोपी ने शादी से साफ इंकार कर दिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस की सतर्कता और निरंतर दबिश से आरोपी को कुनकुरी क्षेत्र से पकड़ा गया। यह कार्रवाई महिला सुरक्षा को लेकर जशपुर पुलिस की गंभीरता का स्पष्ट प्रमाण है।
थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की 29 वर्षीय विवाहिता ने दिनांक 08 मई 2025 को चौकी करडेगा थाना तपकरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका मायका सीतापुर क्षेत्र में है, उसका विवाह चौकी करडेगा क्षेत्र के एक ग्राम के युवक से हुआ है। इसके पति की ओर से पूर्व से 01 पुत्र है। वर्ष 2018 से यह महिला स्व सहायता समूह के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रही थी एवं समूह का संचालन कर रही थी। इसी दौरान वर्ष 2021 में स्पंदना मायक्रोफायनेंस लोन कंपनी का मैनेजर आशीष कुमार पैंकरा इनके गांव आया और काम पड़ेगा कहकर प्रार्थिया से उसका मोबाईल नंबर ले लिया और बातचीत होता था। इसी दौरान माह मई 2022 में जब इसके घर में कोई नहीं था उस दौरान आरोपी इसके पास आकर झांसा देकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। तत्पश्चात प्रार्थिया को अशीष अपने किराये के घर कुनकुरी ले जाकर 03 वर्ष तक पति-पत्नि के रूप में रखा, इस दौरान प्रार्थिया गर्भवती हो गई एवं आरोपी ने उससे शादी करने से साफ इंकार कर दिया। प्रार्थिया की उक्त रिपोर्ट पर चौकी करडेगा में धारा 64(2) बीएनएस का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
अपराध पंजीबद्ध होने की जानकारी मिलने पर आरोपी आशीष कुमार पैंकरा फरार हो गया था, पुलिस द्वारा लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी, इस दौरान मुखबीर की सूचना पर उसके कुनकुरी क्षेत्र में मौजूद होने की जानकारी मिलने पर दबिश देकर उसे अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने उक्त अपराध को घटित करना स्वीकार किया है। आरोपी आशीष कुमार पैंकरा उम्र 28 साल निवासी बिरिमकेला थाना बतौली के विरूद्ध पर्याप्त अपराध सबूत पाये जाने पर उसे दिनांक 05 जून 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही में चौकी प्रभारी करडेगा उपनिरीक्षक भागवत नायकर, प्रधान आरक्षक भगत राम गोरे, आरक्षक 514 राजकुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है, महिला संबंधी अपराध में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
