बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चला रहे बारह पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों का कट गया चालान,
यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर कुल 45 प्रकरणों में रूपये 19,600 /- समन शुल्क किया गया वसूल.
एसएसपी जशपुर की आम जनता से अपील – यातायात नियमों का करें पालन, आपका जीवन आपके व आपके परिवार के लिए बहुमूल्य है.
जशपुर. 07 जून 2025 : जशपुर पुलिस ने कानून की समानता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने ही 12 पुलिसकर्मियों पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन में चालानी कार्यवाही की है। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पकड़े गए इन पुलिसकर्मियों से ₹6000 समन शुल्क वसूला गया। कुल मिलाकर जिले भर में 45 ट्रैफिक उल्लंघनों पर ₹19,600 की वसूली हुई है। यह कदम पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में “कानून सबके लिए बराबर है” की भावना को दर्शाता है और आम जनता के लिए प्रेरणा बनता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व व दिशानिर्देश में जशपुर पुलिस सड़क दुर्घटनाओं में होने वाले जनहानि की कमी लाने हेतु आम जनता को यातायात नियमों के प्रति विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार जागरूक कर रही है, साथ ही बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त चालानी कार्यवाही भी कर रही है, आमजन से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें जिससे कि समय रहते दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
इसी क्रम में जशपुर पुलिस के द्वारा पिछले माह में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के प्रभावी नियंत्रण हेतु चालानी कार्यवाही के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की गई है एवं कार्यवाही लगातार जारी है। इसके साथ ही मोडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले आटो डीलरों को भी समझाइश दी गई है कि वे अपने आटो सेंटर में मोडिफाइड साइलेंसर न रखें और न बिक्री करें, ऐसा पाए जाने पर विधिवत कार्यवाही की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर पुलिस लाईन जशपुर में चेकिंग अभियान चलाया गया, चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट धारण कर वाहन चलाने वाले 12 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुये समन शुल्क रूपये 6000/- वसूल किया गया है। इसके पूर्व भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में भी समय-समय पर आकस्मिक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया है, जिसमें कई कर्मचारियों का चालान कट गया है।
यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप मिश्रा एवं यातायात टीम जशपुर के द्वारा यातायात नियमों का पालन कराने एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से दिनांक 05-06 जून 2025 को दो पहिया एवं चार पहिया वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई है। बिना हेलमेट धारण कर वाहन चलाते पाये जाने पर कुल 21 प्रकरण में समन शुल्क 10,000/- रूपये, बिना सीट बेल्ट धारण किए गए वाहन चलाने के 03 प्रकरण में रूपये 1500 /-, माल वाहक वाहक में सवारी बैठाने के विरुद्ध 04 प्रकरण में रूपये 2,000 /-, नो पार्किंग पर वाहन खड़ा करने के 02 प्रकरण में रूपये 600/- एवं अन्य 16 प्रकरण में रूपये 5500/- समन शुल्क वसूल किया गया है। इस प्रकार कुल 45 प्रकरणों में 19,600/- रूपये समन शुल्क वसूल किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के द्वारा कहा गया है कि – पुलिस अधिकारी/कर्मचारी को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है कि अधिक से अधिक हेलमेट पहनें, जससे आम जनता में विश्वास हो कि कानून सभी के लिए समान है।
