यात्रा से पूर्व ट्रेनों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए ‘एनटीईएस’ (NTES) का करें उपयोग.
प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों की अनावश्यक प्रतीक्षा से बचने के लिए मोबाइल पर ही पाएं ट्रेनों की वास्तविक स्थिति की जानकारी.
बिलासपुर. 08 जून 2025 : भारतीय रेलवे द्वारा विकसित नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES)ऐप अब यात्रियों की ट्रेन यात्रा को ज्यादा आसान और समयबद्ध बना रहा है। इस ऐप के ज़रिए यात्री अपनी ट्रेन के आगमन, प्रस्थान, विलंब, रद्दीकरण आदि की वास्तविक स्थिति की जानकारी मोबाइल पर रियल टाइम में प्राप्त कर सकते हैं, जिससे अनावश्यक प्रतीक्षा से बचा जा सके।
नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) भारतीय रेलवे द्वारा शुरू की गई एक ऑनलाइन सेवा है, जिसके माध्यम से यात्री देश भर में चल रही ट्रेनों की वास्तविक स्थिति – जैसे आगमन, प्रस्थान, देरी, रद्दीकरण, मार्ग परिवर्तन आदि की जानकारी रियल टाइम में प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा वेबसाइट के साथ-साथ मोबाइल ऐप के रूप में भी उपलब्ध है। एनटीईएस ऐप गूगल प्ले स्टोर पर निःशुल्क डाउनलोड के लिए उपलब्ध है और यह यात्रियों के लिए एक भरोसेमंद सहायक बन गया है।
वर्तमान में दक्षिण पूर्व रेलवे सहित देश के कई रेलवे ज़ोन में आवश्यक रखरखाव एवं अधोसंरचना विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिसके कारण कुछ ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशनों से ही विलंब से चल रही हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा अपने नेटवर्क में ट्रेनों के संचालन को यथासंभव समयबद्ध बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। जैसे ही ट्रेनें कटनी, नागपुर, झारसुगुड़ा, लखोली जैसे प्रमुख रिसीविंग स्टेशनों पर इंटर होती हैं, उनका परिचालन बेहतर तरीके से संचालित करने का प्रयास किया जाता है।
यात्रीगण अपनी यात्रा के लिए स्टेशन आने से पहले एनटीईएस ऐप या वेबसाइट के माध्यम से अपनी ट्रेन की वास्तविक स्थिति अवश्य जांच लें, इससे असुविधा एवं अनावश्यक रूप से प्लेटफॉर्म पर देर तक प्रतीक्षा करने से बचा जा सकेगा।
हालांकि रेलवे द्वारा यात्रियों को ट्रेनों की स्थिति की सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जाती है, साथ ही स्टेशनों पर पैसेंजर एनाउंस सिस्टम के माध्यम से भी नियमित उद्घोषणा भी की जाती है।
एनटीईएस का उपयोग यात्रियों की यात्रा को और अधिक सुविधाजनक, समयबद्ध और सटीक बनाता है।
