रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की उपस्थिति में संसद समिति की बैठक : पिता को श्रद्धांजलि और उर्वरक-ऊर्जा मुद्दों पर चर्चा, संसद में भावनाओं और विकास पर फोकस, API और गैस नीति पर रखे सुझाव.

रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल सोमवार को संसद भवन में आयोजित दो महत्वपूर्ण समितियों,  रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की स्थायी समिति तथा प्राक्कलन समिति की बैठकों में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर रसायन एवं उर्वरक मामलों की स्थायी समिति की बैठक की शुरुआत एक भावुक क्षण के साथ हुई, जब समिति अध्यक्ष माननीय श्री कीर्ति आज़ाद जी सहित सभी माननीय सदस्यों और अधिकारियों ने श्री बृजमोहन अग्रवाल जी के पूज्य पिताजी स्वर्गीय श्री रामजी लाल अग्रवाल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति हेतु श्रद्धासुमन अर्पित किए और अग्रवाल परिवार के प्रति अपनी गहन संवेदनाएँ व्यक्त की।

बैठक में “दवाओं के सक्रिय घटकों (API) के उत्पादन में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने हेतु उठाए गए कदमों” पर फार्मास्यूटिकल विभाग के अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक प्रस्तुति दी गई। उच्च गुणवत्ता के उत्पादों की उत्पादन क्षमता, उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजनाएं (PLI) एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत की भूमिका जैसे विषयों पर गहन विचार हुआ।

वहीं उर्वरक विभाग के अधिकारियों ने उर्वरक सब्सिडी योजनाओं की निगरानी और आधुनिक व पर्यावरण अनुकूल उर्वरकों की उपलब्धता जैसे विषयों पर जानकारी साझा की।

प्राक्कलन समिति की बैठक में ‘प्राकृतिक गैस की आपूर्ति और वितरण: चुनौतियाँ एवं संभावनाएँ’ विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें ऊर्जा सुरक्षा, गैस पाइपलाइन अधोसंरचना, घरेलू उत्पादन में आत्मनिर्भरता एवं भावी रणनीतियों पर मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रस्तुति दी।

श्री अग्रवाल ने इस दौरान छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में ऊर्जा ढांचे के विस्तार और गैस आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

Related posts