वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बरामद कर ली थी चोरी की मोटर सायकल व मामले में दो आरोपी खरीददारों के विरुद्ध की गई थी कार्यवाही, आरोपी ने माह फरवरी में जशपुर से मोटरसायकल चोरी कर बेच दिया था,
मुख्य आरोपी मोहम्मद चांद घटना दिनांक से था फरार, पुलिस कर रही थी लगातार तलाश, आरोपी मोहम्मद चांद है, आदतन बदमाश, उसके खिलाफ थाना तपकरा व थाना सीतापुर में भी दर्ज हैं, चोरी के मामले.
आरोपी मोहम्मद चांद उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम विमडा थाना बगीचा जिला जशपुर के विरूद्ध चोरी के लिए सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 303 (2 ) ,317(2) के अंतर्गत मामला है पंजीबद्ध.
जशपुर. 10 जून 2025 : जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत मोटरसाइकिल चोरी के एक गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आदतन चोर मोहम्मद चांद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने फरवरी माह में जशपुर से एक मोटरसाइकिल चुराकर 10,000 रुपये में बेच दी थी। चोरी की बाइक पहले ही वाहन चेकिंग के दौरान दो खरीदारों से बरामद कर ली गई थी। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को उसके गांव विमड़ा से घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 15 फरवरी 2025 को ग्राम घोलेंग निवासी प्रार्थी सुनीत एक्का उम्र 39 वर्ष ने सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उक्त दिनांक की पूर्व रात्रि लगभग 11:00 बजे वह अपने हीरो स्ट्रीम मोटर साइकल क्रमांक CG 14 MQ 9869 को अपने घर के आंगन में खड़ा किया था, सुबह देखा तो उसकी मोटर साइकल, आंगन में नहीं थी। आस पास पतासाजी किया, कहीं पता नहीं चला, उसे संदेह है कि उसकी मोटर साइकल को किसी व्यक्ति के द्वारा चोरी कर लिया गया है।
रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में मोटर साइकल चोरी के लिए बीएनएस की धारा 303 (2 ) ,317(२) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा दिनांक 26 अप्रैल 2025 को जशपुर लोकल टाउन में वाहन चेकिंग की जा रही थी, कि इसी दौरान दो व्यक्ति उक्त चोरी की मोटर साइकल में घूमते पाए जाने पर, पुलिस के द्वारा संदेह होने पर उन्हें रोककर, गाड़ी के संबंध में दस्तावेजों की मांग की गई। उनके द्वारा कोई दस्तावेज नहीं पेश किया जा सका, जिस पर पुलिस ने दो आरोपियों क्रमशः वेद सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी चुनापारा थाना सीतापुर जिला अंबिकापुर (छ ग) व आशीष पावले उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम लखना, थाना सीतापुर जिला अंबिकापुर (छग) को हिरासत में लेकर, चोरी की मोटर सायकल को जप्त कर लिया गया था। पुलिस की पूछताछ पर दोनों आरोपियों ने बताया था कि उनके द्वारा उक्त मोटर साइकल को ग्राम विमडा, थाना बगीचा के एक व्यक्ति मोहम्मद चांद से 10,000/- रुपये में खरीदा गया था। पुलिस के द्वारा चोरी की मोटर सायकल खरीदने पर दोनों आरोपी खरीदारों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। मामले का मुख्य आरोपी मोहम्मद चांद, घटना दिनांक से ही फरार था, पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी।
इसी दौरान दिनांक 08 जून 25 को पुलिस को मुखबीर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि फरार आरोपी मोहम्मद चांद, उम्र 24 वर्ष, अपने गृह ग्राम विमडा में है। जिस पर पुलिस के द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश में टीम गठित कर, आरोपी मोहम्मद चांद को ग्राम विमडा से घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी मोहम्मद चांद के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। आरोपी मोहम्मद चांद एक शातिर अपराधी है, इसके विरुद्ध थाना तपकरा व थाना सीतापुर में भी चोरी के प्रकरण दर्ज हैं।
प्रकरण की विवेचना व आरोपी की गिरफ्तारी में प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक श्री आशीष कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक श्री खोमराज ठाकुर, आरक्षक हेमंत कुजूर, व थाना बगीचा स्टॉफ की सराहनीय भूमिका रही है।
प्रकरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि मोटर साइकल चोरी के फरार आरोपी मोहम्मद चांद को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है, ऑपरेशन अंकुश निरंतर जारी रहेगा।
