ऑपरेशन मुस्कान में जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई : शादी का झांसा देकर भगाई गई नाबालिग को मध्यप्रदेश से छुड़ाया, दो बच्चियों को रायगढ़ व तपकरा से ढूंढ सकुशल किया गया परिजनों के सुपुर्द.

जशपुर. 10 जून 2025 : जशपुर पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान लगातार सफलता की कहानियां लिख रहा है। ताज़ा उपलब्धि में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन नाबालिग लड़कियों को सकुशल ढूंढकर परिजनों को सौंप दिया है। इनमें एक लड़की को मध्यप्रदेश के सीहोर से बरामद किया गया, जिसे आरोपी अर्जुन मालवी ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर शादी का झांसा देकर भगाया था। पूछताछ में पीड़िता ने आरोपी द्वारा शारीरिक शोषण की पुष्टि की, जिस पर पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। वहीं दो अन्य लड़कियों को रायगढ़ और तपकरा से ढूंढा गया, जो परिजनों से नाराज होकर घर से निकली थीं।        

गुम बच्चों को ढूंढने जशपुर पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान निरंतर जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री अनिल कुमार सोनी (नोडल अधिकारी ऑपरेशन मुस्कान) के दिशा निर्देश में जशपुर पुलिस ऑपरेशन मुस्कान के तहत प्रदेश व प्रदेश से बाहर जाकर अब तक 168 नाबालिग गुम बच्चों को ढूंढ सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

इसी क्रम में जशपुर पुलिस के द्वारा फिर विगत दो दिनों में तीन बच्चियों को ढूंढने में सफलता मिली है। थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत एक नाबालिग बालिका को सीहोर जिला (मध्य प्रदेश) से व थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत दो नाबालिग बच्चियों को क्रमशः रायगढ़ व तपकरा से ढूंढ परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत मामले का विवरण इस तरह है कि दिनांक 01 मई 2025 को प्रार्थी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी दिनांक 26 अप्रैल 2025 को घर में बिना बताए कहीं चली गई है, आस-पड़ोस, रिश्तेदारों में पतासाजी किए कहीं पता नहीं चला, उन्हें संदेह है कि किसी व्यक्ति के द्वारा उसकी नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर कर भगा कर ले जाया गया है।

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबीर की सूचना व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि उक्त गुम नाबालिग बालिका, सीहोर (मध्यप्रदेश) में आरोपी अर्जुन मालवी, उम्र 23 वर्ष के साथ है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के द्वारा एक पुलिस टीम गठित कर गुम बालिका की दस्तयाबी हेतु सीहोर (मध्य प्रदेश) रवाना किया गया। पुलिस के द्वारा सीहोर (मध्य प्रदेश) से गुम बच्ची को आरोपी अर्जुन मालवी के कब्जे से दस्तयाब कर, आरोपी अर्जुन मालवी को हिरासत में लेकर वापस लाया गया।

पुलिस की पूछताछ में गुम बालिका ने बताया कि आरोपी अर्जुन मालवी के साथ उसका सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुआ था, इसी दौरान आपस में चैटिंग के दौरान आरोपी के द्वारा नाबालिग बच्ची को शादी का झांसा देकर भगा कर  सीहोर (मध्यप्रदेश) ले जाया गया था। आरोपी अजय मालवी के द्वारा नाबालिग लड़की का शारीरिक शोषण भी किया गया है।

जिस पर आरोपी अजय मालवी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 84,64 व 4, 6 पॉस्को एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 08 जून 2025 को पत्थलगांव क्षेत्र स्थित एक गांव के प्रार्थी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी अपनी 15 वर्षीय सहेली के साथ दिनांक 02.06.25 को पत्थलगांव बाजार जा रही हूं कहकर निकली थी, जो कि दोनों वापस नहीं लौटी , आस पास, रिश्तेदारों में पता साजी किए कहीं पता नहीं चला, उन्हें संदेह है कि किसी व्यक्ति के द्वारा उनकी बच्चियों को बहला फुसलाकर कर भगा कर ले जाया गया है।

चूंकि मामला दो नाबालिग बच्चियों से संबंधित था, अतः पुलिस के द्वारा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल थाना में गुम इंसान व बीएनएस की धारा 137(2) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर जांच विवेचना व पतासाजी में लिया गया।

पातासाजी के दौरान पुलिस को मुखबीर की सूचना व परिजनों के सहयोग तथा पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि दोनों गुम बच्चियों में से एक बच्ची रायगढ़ जिला क्षेत्रांतर्गत एक गांव में है व दूसरी बच्ची तपकरा क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम में है। जिस पर पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों बच्चियों को क्रमशः रायगढ़ व तपकरा क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया है। दोनों बच्चियों के साथ किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।

पूछताछ पर दोनों गुम बच्चियों ने बताया कि वे अपने परिजनों की किसी बात से रूष्ठ होकर घर में बिना बताए चली गई थी।

Related posts