रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई : स्कूटी चोरी कर बेचने निकला चोर, कोतवाली पुलिस ने रचाया जाल, ईतवारी बाजार से स्कूटी गायब, दो दिन बाद मिली रामभांठा से चंद घंटों में दबोचा गया आरोपी, भेजा गया जेल.

शहर के ईतवारी बाजार क्षेत्र से चोरी गई एक्टिवा स्कूटी को कोतवाली पुलिस ने महज दो दिनों में बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही में मुखबिर की सूचना पर रामभांठा क्षेत्र में वाहन बेचने ग्राहक तलाश रहे संदेही को दबोचा गया, जिसके कब्जे से चोरी की गई स्कूटी CG 13Z 7384 भी बरामद कर ली गई।

प्रकरण में जानकारी के मुताबिक 7 जून को प्रार्थी विष्णु प्रसाद गोयल (उम्र 50 वर्ष), निवासी कोतरारोड, रायगढ़ ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह वंदना फार्मेसी, ईतवारी बाजार में कार्यरत है। उसी दिन दोपहर उसने अपनी एक्टिवा स्कूटी वंदना फार्मेसी के सामने खड़ी कर हैंडल लॉक कर दी थी और भीतर काम पर चला गया। लौटने पर पाया कि स्कूटी गायब थी। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 283/2025 दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति रामभांठा क्षेत्र में संजय मैदान के पास चोरी की मोटर साइकिल बेचने ग्राहक तलाश रहा है। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी कैलाश यादव पिता मानिक यादव (उम्र 40 वर्ष), निवासी कोतरारोड, शीतल मंदिर के पास को पकड़ा। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने ईतवारी बाजार से स्कूटी चोरी की थी और अब उसे बेचने की फिराक में था।

Related posts