प्रकरण थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत ग्राम कोल्हेनझरिया का
आरोपी भूपेन्द्र सेठ, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम कोल्हेनझरिया के विरुद्ध थाना तुमला में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
जशपुर. 11 जून 2025 : जिले में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के अंतर्गत थाना तुमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम कोल्हेनझरिया में एक 18 वर्षीय युवक भूपेन्द्र सेठ के पास से पुलिस ने 14 लीटर से अधिक देसी कच्ची महुआ शराब और अंग्रेजी शराब की कई बोतलें बरामद की हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
दिनांक 10 जून 2025 को थाना तुमला पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कोल्हेनझरिया, बाजारडांड छपरी के पास बिक्री हेतु अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब व अंग्रेजी शराब को रखा है। जिस पर तुमला पुलिस के द्वारा सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर तत्काल मुखबिर की सूचना की तस्दीक हेतु ग्राम कोल्हेनझरिया बाजारडांड रवाना होकर, मौके पर संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास दो जरकिन में 09 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब मिला व उसके पास रखे बैग की तलाशी लेने पर उसमे सीलबंद 12 नग आइकोन कंपनी का व्हिस्की पौवा 180 एमएल वाला, 02 नग मोडेफ कंपनी का 180 एमएल वाला पौवा तथा 05 नग 500 एमएल वाला ब्लैक फोर्ड कम्पनी की सीलबंद बियर की बोतल मिली।
पुलिस के पूछताछ पर आरोपी संदेही ने अपना नाम भूपेंद सेठ, निवासी कूल्हेनझरिया का होना बताया, पुलिस ने जब संदेही भूपेंद्र से शराब रखने व बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेजों की मांग की तो आरोपी भूपेन्द्र के द्वारा किसी प्रकार का दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। जिसके उपरांत पुलिस के द्वारा आरोपी भूपेन्द्र सेठ को हिरासत में लेते हुए, उसके कब्जे से 14 लीटर 20 मिलीलीटर, अवैध कच्ची महुआ शराब व अंग्रेजी शराब को जप्त किया गया है। जप्त शराब की बाजार में कुल कीमत लगभग 3700/- रुपये है।
आरोपी भूपेन्द्र सेठ उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम कोल्हेनझरिया, थाना तुमला के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
प्रकरण की विवेचना व आरोपी की गिरफ्तारी व अवैध शराब की बरामदगी में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक श्री कोमल सिंह नेताम, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक शिवकुमार महतो, आरक्षक देव सिंह व महिला आरक्षक तुलसी कोसले की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, अवैध रूप से देसी कच्ची शराब व अंग्रेजी शराब को रखकर बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, ऑपरेशन आघात निरंतर जारी रहेगा।
