आरपीएफ निरीक्षक की सतर्कता से बची चलती ट्रेन में चढ़ते समय गिरने वाले यात्री की जान.
बिलासपुर – 12 जून 2025 : रेल सुरक्षा बल (RPF) के निरीक्षक समीर खलखो की सतर्कता और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया। 10 जून 2025 को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर चेरला पल्ली-रक्सौल एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश में एक यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर पड़ा। कुछ ही सेकंड में यह घटना गंभीर दुर्घटना में बदल सकती थी, लेकिन निरीक्षक समीर खलखो ने तत्परता दिखाते हुए यात्री को सुरक्षित खींचकर बाहर निकाल लिया। यह सराहनीय कार्य न केवल आरपीएफ (RPF ) की सतर्कता को दर्शाता है, बल्कि रेलवे सुरक्षा प्रणाली में आम जनता का विश्वास भी मजबूत करता है।

दिनांक 10 जून 2025 को रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के निरीक्षक समीर खलखो, जो अपराध गुप्तचर शाखा गोंदिया में पदस्थ हैं, सहायक उप निरीक्षक आर. एस. बागड़ेरिया के साथ राजनांदगांव रेलवे स्टेशन में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान गाड़ी संख्या 07005 (चेरला पल्ली-रक्सौल एक्सप्रेस) सुबह 11:05 बजे स्टेशन पर पहुंची और निर्धारित ठहराव के उपरांत 11:09 बजे प्रस्थान कर रही थी। तभी एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते समय असंतुलित होकर गिर पड़ा और प्लेटफॉर्म व ट्रेन के मध्य फंस गया। यह घटना एक गंभीर दुर्घटना में बदल सकती थी, लेकिन प्लेटफॉर्म पर सतर्क खड़े निरीक्षक समीर खलखो ने तत्काल साहसिक कदम उठाया। उन्होंने दौड़कर यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
निरीक्षक समीर खलखो की त्वरित प्रतिक्रिया और सतर्कता से एक अनमोल जीवन की रक्षा हुई। बचाए गए यात्री ने कृतज्ञता व्यक्त करते हुए आरपीएफ के इस कार्य की सराहना की है।
