रिंग रोड में नो पार्किंग पर खड़ी 150 से अधिक भारी मालवाहक वाहनों के विरूद्ध की गयी कार्यवाही.
दोबारा वाहन खड़ी करने पर बीएनएस की धारा 285 के तहत अपराध पंजीबद्ध करने की दी गई चेतावनी.
रायपुर. 12 जून 2025 : शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों को जाम मुक्त रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने रिंग रोड क्रमांक 02 पर नो पार्किंग में खड़े भारी मालवाहक वाहनों के विरुद्ध बड़ा अभियान चलाया। 150 से अधिक ट्रकों पर चालानी कार्रवाई की गई और 2 ट्रकों पर BNS की धारा 285 के तहत अपराध दर्ज किया गया। दोबारा उल्लंघन करने वालों को केस दर्ज कर जेल भेजने की चेतावनी भी दी गई है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार शहर से गुजरने वाले रिंग रोड नम्बर 02 के सर्विस रोड पर लापरवाही पूर्वक नो पार्किंग में खड़ी भारी मालवाहक वाहनों के विरूद्ध अभियान कार्यवाही के निर्देश पर थाना प्रभारी यातायात टाटीबंध एवं थाना प्रभारी यातायात भनपुरी द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाकर नो पार्किंग में खड़ी 150 से अधिक भारी मालवाहक वाहनों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही की गई।
ज्ञातव्य है कि शहर से गुजरने वाले रिंग रोड नम्बर 01 व 02 में भारी मालवाहक वाहन चालकों द्वारा लापरवाहीपूर्वक नो पार्किंग में वाहन खड़ी कर दिया जाता है, जिससे सामान्य यातायात बाधित होकर जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है, साथ ही सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में निरीक्षक भुनेश्वर साहू, थाना प्रभारी यातायात टाटीबंध एवं निरीक्षक सुनील कुमार, थाना प्रभारी यातायात भनपुरी द्वारा संयुक्त रूप से दल-बल के साथ अभियान चलाते हुए रिंग रोड नम्बर 02 में नो पार्किंग में खड़ी 150 से अधिक भारी मालवाहक वाहनों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही की गई व 02 वाहनों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 285 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। साथ ही दोबारा वाहन खड़ी करने पर बीएनएस की धारा 285 के तहत आम रोड पर वाहन खड़ी कर अन्य वाहन चालकों के लिए संकट उत्पन्न करने के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध करने की चेतावनी दी गयी है।
