जूटमिल लूटकांड में पुलिस की तेजी : सुनसान गली में घेरकर की लूट, मोबाइल से ट्रांसफर कराए ₹21,000 , चार घंटे में चारों आरोपी सलाखों के पीछे, दो नाबालिग शामिल.

रायगढ़. 12 जून 2025 : रायगढ़ शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई मारपीट और लूट की वारदात के बाद पुलिस ने सिर्फ कुछ ही घंटों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में दो बाल अपचारी भी शामिल हैं। पीड़ित युवक से पहले मारपीट कर अपहरण किया गया, फिर सुनसान स्थान पर मोबाइल से ₹21,000 ट्रांसफर करवा कर बाइक और मोबाइल लूट लिया गया। पुलिस की सक्रियता से पूरा घटनाक्रम जल्दी सुलझा और लूट की संपत्ति भी बरामद कर ली गई।

रायगढ़ शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र में युवक से मारपीट और लूट की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो बाल अपचारी भी शामिल हैं। घटना बुधवार दोपहर की है जब सक्ती जिले के डभरा निवासी यशवंत बैरागी और उसका साथी जीत सिदार रायगढ़ के लेबर कॉलोनी में रहने वाले अपने दोस्त के घर आ रहे थे। रास्ता भटकने पर वे जूटमिल दुर्गा चौक की एक गली में चले गए, जहां चार युवकों ने रास्ता रोक कर पैसों की मांग की। मना करने पर दोनों से गाली-गलौज कर मारपीट की गई। इसके बाद जीत सिदार को जबरन मोटर साइकिल पर बैठाकर ले गये और फिर ट्रांसपोर्ट नगर रोड की ओर ले जाकर सुनसान जगह पर मारपीट करते हुए मोबाइल से 21 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। घटना के बाद आरोपी बाइक और जीत सिदार का मोबाइल भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने पीड़ित युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया और प्रार्थी यशवंत बैरागी की शिकायत पर थाना जूटमिल में आरोपियों पर अपराध क्रमांक 214/2025 धारा 126(2),119(1),309 (6), 140(2), 3 (5) बीएनएस के तहत कायम किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल चार टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। जल्द ही चारों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इनमें से दो आरोपी बाल अपचारी पाए गए हैं, जबकि दो युवकों की पहचान मनीष निषाद और लक्ष्मीकांत उर्फ चिंटू यादव के रूप में हुई है। मनीष के पास से लूटी गई बाइक और लक्ष्मीकांत के पास से पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं – 1. मनीष निषाद, पिता सत्यनारायण निषाद, उम्र 18 वर्ष, निवासी झोपड़ीपारा कबीर चौक, थाना जूटमिल, रायगढ़, 2. लक्ष्मीकांत उर्फ चिंटू यादव, पिता स्व. प्रमोद यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी झोपड़ीपारा कबीर चौक, थाना जूटमिल, रायगढ़, 3. दो विधि के साथ संघर्षरत बालक.

Related posts