कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, नगर में बन रही नालंदा परिसर लाइब्रेरी का नाम “धरती आवा बिरसा मुंडा” रखने की मांग

कुनकुरी | 16 जून 2025 : कुनकुरी नगर पंचायत के अध्यक्ष विनयशील द्वारा मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ श्री विष्णु देव साय को एक महत्वपूर्ण पत्र भेजा गया है, जिसमें नगर पंचायत क्षेत्र में स्वीकृत नालंदा परिसर लाइब्रेरी का नाम धरती आवा बिरसा मुंडा” रखने की मांग की गई है। यह पहल न केवल एक सांस्कृतिक सम्मान की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह आदिवासी समाज की ऐतिहासिक पहचान और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की एक प्रेरणास्पद कोशिश मानी जा रही है।

पत्र में विनयशील ने उल्लेख किया है कि कुनकुरी में बन रही यह आधुनिक पुस्तकालय एक शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित हो रही है, जिसे प्रेरणास्पद शख्सियतों को ध्यान में रखते हुए नामित किया जाना चाहिए। अध्यक्ष ने लिखा कि बिरसा मुंडा जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और आदिवासी चेतना के प्रतीक पुरुष का नाम इस पुस्तकालय को दिया जाना उनके योगदान को अमर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।

बिरसा मुंडा ने अपने जीवन में शिक्षा, सामाजिक चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन में जो भूमिका निभाई, उसे इतिहास कभी नहीं भूल सकता। पत्र में कहा गया है कि इस पुस्तकालय को उनके नाम से जोड़ना आने वाली पीढ़ियों को आदिवासी संस्कृति, संघर्ष और आत्मगौरव की भावना से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

विनयशील ने स्पष्ट किया कि यह मांग सिर्फ एक नामकरण नहीं है, बल्कि पूरे आदिवासी समाज को गौरव और सम्मान देने की एक जनभावना है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनसामान्य की भावना और ऐतिहासिक महत्त्व को ध्यान में रखते हुए लाइब्रेरी का नाम “धरती आवा बिरसा मुंडा” लाइब्रेरी रखा जाए।

Related posts