झारखंड से धराया 2024 से फरार पशु तस्कर, ऑपरेशन अंकुश में जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता.
थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत पशु तस्करी में मामले में आरोपी वर्ष 2024 से था फरार, पुलिस कर रही थी तलाश, अंततः आया पुलिस की गिरफ्त में.
आरोपी साजिद अंसारी के विरुद्ध थाना तुमला में छ.ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4,6,10 व पशु क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 11 व छ.ग. पशु परिरक्षण अधिनियम 1978 की धारा 47(A)(C),48,52 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
नाम गिरफ्तार फरार आरोपी – साजिद अंसारी पिता अशतफ़ अंसारी उम्र 51वर्ष, निवासी ग्राम पकरीया थाना चान्हो, जिला रांची (झारखंड).
जशपुर. 17 जून 2025 : जशपुर पुलिस को ऑपरेशन अंकुश के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2024 से फरार चल रहे पशु तस्कर साजिद अंसारी को झारखंड राज्य के रांची जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। आरोपी पर पशु तस्करी और क्रूरता अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुराने प्रकरणों के फरार आरोपियों की धर-पकड़ हेतु, ऑपरेशन अंकुश के तहत अभियान चलाया गया है, इसी क्रम में थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत वर्ष 2024 के एक पशु तस्करी के मामले में फरार आरोपी को जशपुर पुलिस के द्वारा झारखंड राज्य से हिरासत में लेकर लाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 26 मई 2024 को थाना तुमला पुलिस के द्वारा ग्राम बारों में रात्रि लगभग 11:00 बजे संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, इसी दौरान गंझियाडीह की ओर से एक टाटा मैजिक (छोटा हाथी)वाहन क्रमांक JH01EU9753 के आने पर पुलिस के द्वारा उसे हाथ देकर रोकने का प्रयास किया गया, परंतु उक्त वाहन के द्वारा पुलिस को देखकर, वाहन को न रोक कर, गाड़ी को तेज गति से चलाते हुए भागने का प्रयास किया जा रहा था। जिस पर संदेह होने पर थाना तुमला पुलिस के द्वारा संदेही वाहन का पीछा किया गया, पुलिस को पीछा करते देख आरोपियों ने कुछ दूरी पर जंगल के पास वाहन को छोड़ कर, जंगल का फायदा उठा कर भाग गए थे। पुलिस के द्वारा जब संदेही वाहन की चेकिंग की गई तो, उसमें रस्सी से बंधा हुआ,तीन नग गौ वंश बरामद हुआ था, पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित कर लिया था, पुलिस के द्वारा मामले के फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबीर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि मामले का आरोपी साजिद अंसारी रांची क्षेत्रांतर्गत अपने गृह ग्राम पकरिया, जिला रांची में है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के द्वारा पुलिस टीम गठित कर आरोपी साजिद की धर पकड़ हेतु, झारखंड रवाना की गई, जहां जशपुर पुलिस की टीम ने ग्राम पकरिया, थाना चान्हो, जिला रांची (झारखंड) से आरोपी साजिद को हिरासत में लेकर वापस लाया गया है।
पुलिस की पूछताछ पर आरोपी साजिद के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
प्रकरण की विवेचना व फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तुमला श्री कोमल सिंह नेताम, सहायक उपनिरीक्षक श्री टेकराम सारथी, आरक्षक देव सिंह एक्का व आरक्षक सुरेश मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि पशु तस्करी के मामले में फरार एक आरोपी को झारखंड राज्य से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, पुलिस ने और भी लंबे समय से फरार आरोपियों को चिन्हित किया है, ऑपरेशन अंकुश जारी रहेगा।
