जशपुर के सन्ना क्षेत्र में मिर्च-टमाटर की खेती कर रहे किसानों के खेत से सिलसिलेवार चोरी – पुलिस की फुर्ती से दो चोर गिरफ्तार, तीन मोटर पंप बरामद

जशपुर, 18 जून 2025 : जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम कवई में किसानों के खेतों से लगातार मोटर पंप चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ था। इन वारदातों का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के तीन मोटर पंप बरामद किए हैं। पुलिस की सतर्कता और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से मामले का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है।

दिनांक 17.06.25 को ग्राम कवई निवासी तीन प्रार्थी क्रमशः कमलेश्वर नाग, उम्र 45 वर्ष, राजेश्वर यादव, उम्र 27 वर्ष व चिंतामणि नाग, उम्र 20 वर्ष के द्वारा थाना सन्ना में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि, उनके द्वारा ग्राम कवई में मिर्च व टमाटर की खेती की गई है, जिसकी सिंचाई के लिए खेत में मोटर पंप लगाया गया था, कि दिनांक 14.06.25 की रात्रि को प्रार्थी कमलेश्वर नाग के, एक 2 एच पी के इलेक्ट्रोनिक पंप, जिसकी कीमत 15,500 रु है, व दिनांक 12.06.25 की रात्रि को प्रार्थी राजेश्वर यादव के 20, 000रु कीमत की 2 एच पी के होंडा कंपनी के पंप तथा दिनांक 01.06.25 को प्रार्थी चिंता मणि नाग के 10,000 रु कीमत के 1.5 एच पी, मोनोसेट कंपनी के इलेक्ट्रिक पंप को किसी व्यक्ति के द्वारा चोरी कर लिया गया है।, आसपास पता साजी किए कहीं पता नहीं चला।

रिपोर्ट पर थाना सन्ना में चोरी के लिए बी एन एस की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।

चूंकि एक ही गांव में लगातार तीन किसानों की मोटर पंप चोरी हुई थी, अतः मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर, चोरों की पता साजी हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा पुलिस के द्वारा विवेचना दौरान संभावित संदेहियों से भी पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि, घटना दिनांक को दो संदेहियों क्रमशः फ़िरु राम नगेसिया व नंद लाल नागवंशी को घटना स्थल के पास घूमते हुए देखा गया था, जिस पर पुलिस के द्वारा उन्हें हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया, पुलिस ने आरोपी चोर फ़िरु राम नगेसिया व नंद लाल नागवंशी की निशानदेही पर चोरी के तीनों पंप को बरामद कर लिया है।

आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

मामले की विवेचना व आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक विजय खूंटे, सुमन टोप्पो, रविन्द्र एक्का,आरक्षक अभय कुमार चौबे, मनोज कुमार जांगड़े व प्रवीण खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Related posts