जशपुर : योग जागरूकता रथ को नगर पालिका अध्यक्ष और कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी, हर विकासखंड तक पहुंचेगा योग का संदेश

सभी विकासखंडों में जाकर लोगों को योग के लाभ बताने के साथ इसे अपने दिनचर्या में शामिल करने करेगी प्रेरित

जशपुर, 19 जून 2025/ भारत में उत्पन्न योग एक ऐसी अद्भुत विद्या है, जो शरीर और मन दोनों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। आज सम्पूर्ण विश्व योग से मिलने वाले लाभों को अनुभव कर इसे अपना रही है। केंद्र एवं राज्य सरकार योग के प्रति जनजागरूकता के लिए कई कार्यक्रम चला रही है। इसी कड़ी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर योग सफ्ताह मनाया जा रहा है।

आज योग के प्रति जनजागरूकता प्रसार के लिए योग जागरुकता रथ का नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत और कलेक्टर रोहित व्यास ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। योग एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के प्रेरणादायी संदेश के साथ यह रथ सभी विकासखंडों में जाकर योग के प्रति जनजागरूकता प्रसार के साथ ही लोगों को योग को अपने दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक टी. पी. भावे, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त संजय कुमार सिंह, नगर पालिका के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेश्वर उपाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ योग आयोग के प्रभारी अधिकारी रविकांत कुंभकार, राज्य योग प्रभारी छत्तीसगढ़ योग आयोग श्रीमती ज्योति साहू, संतोष सिंह, अमित साय सहित योग प्रशिक्षक मौजूद थे।

Related posts