आरोपी द्वारा अपने साथियो के साथ थाना कबीर नगर क्षेत्रांतर्गत जरवाय तेंदुआ रोड हीरापुर अम्बे पालीमर्स प्रा.लि. में दिये थे चोरी की घटना को अंजाम.
थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 90/25 धारा 305(a), 3(5) बीएनएस (BNS) का अपराध किया गया था पंजीबद्ध.
प्रकरण में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गये 07 नग मोटर सबमर्सिबल पंप किया जा चुका है जप्त.
आरोपी धर्मेंद्र उर्फ विक्का से केबीसी मोटर सबमर्सिबल पंप 04 नग एवं 01 बंडल रोल पाइप किया गया जप्त.
रायपुर. 19 जून 2025 : रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में स्थित हीरापुर की अम्बे पालीमर्स फैक्ट्री से 14 सबमर्सिबल पंप और अन्य सामान की चोरी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी धर्मेंद्र उर्फ विक्का को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 4 केबीसी मोटर सबमर्सिबल पंप और एक बंडल रोल पाइप जब्त किए गए हैं। इससे पहले तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर 7 पंप बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपी विक्का को न्यायिक हिरासत में भेजा है और अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।
प्रार्थी अमित बेरालीया निवासी पार्क रेजीडेंसी तेलीबांधा रायपुर ने थाना कबीर नगर में रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि उसका जरवाय तेंदुआ रोड हीरपुर में अम्बे पालीमर्स प्रा.लि. फैक्ट्री है, जिसमें दिनांक 30 मई 2025 को फैक्ट्री के अंदर रखे 14 नग सबमर्सिबल पंप रोल पीवीसी पाइप, डीआई पाइप, फिटिंग एवं पास में रखे ट्रांसफार्मर में लगे हुए पुर्जे को अज्ञात चोर चोरी कर ले गये हैं। जिसकी रिपोर्ट पर थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 90/25 धारा 305(a), 3(5) बीएनएस (BNS) का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना कबीर नगर पुलिस द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल व उसके आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन कर संदेही ओमन ध्रुव उर्फ रावण को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर बताया कि अपने साथी गुरप्रीत सिंह, जोबन सिंह, धर्मेंद्र उर्फ विक्का व अन्य के साथ मोटर सबमर्सिबल पंप को चोरी किये थे। जिसके उपरांत आरोपी गुरप्रीत सिंह एवं जोबन सिंह का पता तलाश कर आरोपियों से चोरी गई कुल 07 नग केबीसी सबमर्सिबल पंप जप्त कर आरोपियों को ज्यूडिशियल रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। प्रकरण के अन्य आरोपियों का पता तलाश किया जा रहा था, इसी दरमियान आज दिनांक 18 जून 2025 को आरोपी धर्मेंद्र उर्फ विक्का को पता तलाश घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया, आरोपी से 04 नग केबीसी मोटर सबमर्सिबल पंप एवं 01 बंडल रोल पाइप जप्त कर आरोपी धर्मेंद्र उर्फ विक्का को जुड़िशियल रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी – धर्मेंद्र सिंग उर्फ विक्का पिता स्व. राजेंद्र पाल सिंग उम्र 36 वर्ष निवासी – डॉ. शाकुरे मुर्गा फार्म के पास म.नं.E6, रोटरी नगर थाना आमानाका रायपुर.
