किसानों को मिलेगा फसल का सही दाम और बाजार से सीधा कनेक्शन! जशपुर में एग्री-हार्टी एक्सपो 28-29 जून को, नवाचार और तकनीक का संगम!

जशपुर, 23 जून 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में राज्य सरकार कृषि और कृषि से बने उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके तहत किसानों को कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षित किया जा रहा है। साथ ही, कृषि उत्पादों के मूल्यवर्धन, प्रसंस्करण, भंडारण और विपणन की सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं, ताकि किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त बने। इसके साथ ही कृषि आधारित स्टार्टअप, एग्री-बिजनेस को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे कृषि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उत्पन्न हो।

इसी कड़ी में कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने एक अभिनव पहल करते हुए 28 एवं 29 जून 2025 को जिला पंचायत में एग्री-हार्टी एक्सपो एवं क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। इस सम्मेलन में क्रेता-विक्रेता परिचय, उत्पादों का प्रदर्शन, कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा, प्रगतिशील किसानों का सम्मान और फसल प्रतियोगिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एग्री-हार्टी एक्सपो एवं क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का उद्देश्य किसानों को सशक्त बनाना और बाजार से जोड़ना, एफ.पी.ओ. आधारित खरीद व अनुबंध कृषि को बढ़ावा देना, निर्यात व कृषि व्यापार के नए अवसर विकसित करना, वैज्ञानिक खेती हेतु ज्ञानवर्धक सत्र और निवेश आकर्षित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देना है।

Related posts