कुनकुरी / जशपुर, 26 जून 2025 : प्रदेश में सरकार की महत्वाकांक्षी स्मार्ट मीटर योजना को लेकर कुनकुरी में विरोध के सुर तेज़ हो गए हैं। नगर पंचायत कुनकुरी के अध्यक्ष श्री विनयशील ने इस योजना की प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता पर पुनर्विचार की मांग की है।
विनयशील ने कहा कि, “बिना परीक्षण और जनसहमति के स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया जनभावनाओं के विपरीत है। कई स्थानों पर स्मार्ट मीटर के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे जनता में असंतोष है।”
जनता की राय की अनदेखी का आरोप
अध्यक्ष ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि कुनकुरी के लोग स्मार्ट मीटर लगाने के खिलाफ हैं, क्योंकि उन्हें आशंका है कि इससे आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने मांग की है कि सरकारी भवनों में पहले चेक मीटर लगाकर तुलनात्मक परीक्षण कराया जाए। यदि परीक्षण में कोई विसंगति नहीं मिलती, तो ही उपभोक्ता की सहमति से स्मार्ट मीटर लगाया जाए।
मुख्यमंत्री से सीधे हस्तक्षेप की अपेक्षा
गौरतलब है कि श्री विष्णुदेव साय स्वयं कुनकुरी क्षेत्र के विधायक भी हैं, ऐसे में अध्यक्ष ने उन्हें जनप्रतिनिधि के रूप में जवाबदेह ठहराते हुए पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि सरकार जनता को यह भरोसा दे कि यदि भविष्य में स्मार्ट मीटर से बिजली बिल में वृद्धि होती है तो उसकी भरपाई सरकार स्वयं करेगी।
