रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठियों की धरपकड़ के लिए पुलिस का बड़ा ऑपरेशन : दुर्ग में लुक-छिपकर रह रहे अवैध अप्रवासी अब दुर्ग पुलिस के रडार पर, 24×7 हेल्पलाइन नंबर से मांगी नागरिकों की मदद, जनता से मांगी गई खुफिया सूचना.

दुर्ग. 26 जून 2025 : छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर दुर्ग पुलिस ने राज्य में रह रहे अवैध अप्रवासियों की पहचान और उनकी सूचना एकत्र करने हेतु व्यापक अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18002331905 जारी किया गया है, जिसे पुलिस वाहनों पर भी प्रमुखता से चस्पा किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल के निर्देशन में इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों से सहयोग प्राप्त कर संदिग्ध रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करना है। एसटीएफ (STF) द्वारा जिले स्तर पर विशेष निगरानी भी की जा रही है।

छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार राज्य में अवैध रूप से घुसपैठ कर रहने वाले अप्रवासी नागरिकों की तलाश, पतासाजी के लिए व्यापक अभियान छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा है। इस अभियान में अवैध अप्रवासियों के संबंध में सूचना प्रदान करने पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा टोल फी नंबर जारी किया गया है।

आम नागरिकों द्वारा अवैध रूप से नागरिक की पहचान करने एवं उनके संबंध में सूचना प्रदान करने दुर्ग पुलिस द्वारा एक नई पहल की शुरूवात की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के निर्देशानुसार दुर्ग पुलिस ने अपने सभी पेट्रोलिंग वाहन पर अवैध अप्रवासी हेल्प लाईन नंबर 18002331905 का स्टिकर चस्पा किया जाकर आम लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे अवैध रूप से रह रहे अप्रवासी नागरिकों के संबंध में पुलिस को अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त हो सके।

ज्ञात हो कि अवैध अप्रवासियों की संदिग्ध एवं देश विरोधी गतिविधियों को देखते हुए उनकी पहचान कर उनके विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने एवं उन्हें निर्वासित करने हेतु पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा प्रत्येक जिले में एसटीएफ (STF)  का गठन किया गया है एवं व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

टोल फ्री नंबर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के बीच लुक-छिपकर निवास कर रहे अवैध रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी नागरिकों के संबंध में जानकारी प्राप्त करना है, जिससे अवैध अप्रवासियों को चिन्हित कर उनके निर्वासन की कार्यवाही की जा सके।

आम नागरिकों से अपील है कि आपके आसपास अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध अप्रवासी नागरिकों के संबंध में सूचना त्वरित रूप से टोल फ्री नंबर 18002331905 पर प्रदाय करें जिससे सूचना की तस्दीकी एवं वैधानिक कार्यवाही एसटीएफ (STF) एवं पुलिस द्वारा की जा सके।

Related posts